चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए आठ टीमें हुई फाइनल, इस विश्व विजेता टीम का कटा पत्ता

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन पाकिस्तान में होने वाला है।
आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 का लीग स्टेज कल यानी 12 नवंबर को समाप्त हो गया है। जैसा की आप जानते होंगे भारत और नीदरलैंड के बीच विश्व कप 2023 का आखिरी लीग स्टेज मुकाबला खेला गया था। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत ने डच टीम को 160 रन से हराकर अपने सभी 9 लीग स्टेज के मैचों में जीत हासिल की। मौजूदा विश्व कप उम्मीद से ज्यादा रोमांचक और जबरदस्त था और अब सेमीफाइनल और फाइनल का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम की भिड़ंत न्यूजीलैंड से होने वाली है, ये मैच 15 नवंबर को मुंबई में खेला जाएगा।
बता दें इस बार का विश्व कप एक और चीज के लिए बहुत खास था और वो है चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की 8 टीमों का सिलेक्शन। दरअसल, आईसीसी ने पहले ही ऐलान किया था कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में क्वालीफाई करने वाली टीमों का फैसला, मौजूदा विश्व कप 2023 के प्वाइंट्स टेबल के आधार पर ही होगा।
अब आखिरी लीग मैच खत्म होने के साथ ही हमें इस मेगा इवेंट की टॉप 8 टीमें मिल चुकी हैं, जो बहुत जल्द इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए आपस में भिड़ेंगी। बतौर मेजबान पाकिस्तान पहले ही क्वालीफाई कर चुका था, वहीं लीग स्टेज की समाप्ति के बाद अन्य टॉप सात टीमों को टिकट मिल गया है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में कौन-कौन सी टीमें क्वालीफाई हुई हैं, आइए एक नजर उन टीमों के ऊपर डालते हैं।
पाकिस्तान समेत इन 7 टीमों का कटा चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का टिकट:
मेजबान पाकिस्तान समेत, भारत, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, इंग्लैंड और बांग्लादेश ने इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वहीं श्रीलंका और नीदरलैंड की टीमें चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर हो गई हैं। 1996 की वनडे विश्व कप विजेता टीम श्रीलंका का प्रदर्शन इस विश्व कप में बेहद खराब रहा। खिलाड़ियों की चोट से परेशान इस टीम ने भारत में जारी इस मेगा इवेंट में अपने 9 लीग मैचों में से केवल 2 में जीत हासिल की। एक जीत उन्हें नीदरलैंड के खिलाफ, तो वहीं दूसरी गत चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ मिली।
यही वजह है की टीम मात्र 4 अंक के साथ मौजूदा विश्व कप के प्वाइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर रही। हालांकि, बांग्लादेश के खाते में भी 4 ही अंक थे, लेकिन उनका नेट रन रेट श्रीलंकाई टीम से बेहतर था, जिसके चलते इस टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी जगह पक्की कर ली है। श्रीलंका के अलावा नीदरलैंड क्वालीफाई करने से चूक गई, लेकिन इस टीम ने अपने प्रदर्शन से हर किसी को प्रभावित किया। नीदरलैंड ने साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीम को हराकर बड़ा उलटफेर किया, वहीं दूसरी जीत उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ मिली। लेकिन खराब नेट रन रेट के चलते इस टीम का भी पत्ता कट गया।
आप जानते ही होंगे खराब प्रदर्शन के चलते इंग्लैंड की क्वालिफिकेशन पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा था। इंग्लैंड का प्रदर्शन इस विश्व कप में बहुत शर्मनाक था। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना थी कि इंग्लैंड 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई ना करे। लेकिन अंतिम दो मैच में इंग्लैंड ने अच्छी वापसी की और दोनों मैच जीतकर आखिरी पायदान से सीधा 7वें नंबर पर छलांग लगा ली।
8 साल बाद सर चढ़ेगा चैंपियंस ट्रॉफी का जादू:
बता दें आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन इंग्लैंड में साल 2017 में हुआ था। तब पाकिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था, उन्होंने फाइनल में भारत को मात दी थी। लेकिन इसके बाद से अभी तक इस प्रतिष्ठित इवेंट का आयोजन नहीं हुआ है, मगर अब 8 साल बाद यानी 2025 में एक बार फिर ये मेगा आईसीसी इवेंट क्रिकेट फैंस का उत्साह बढ़ाने के लिए तैयार है।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.