World Cup 2023 से बाहर होने पर Hardik Pandya ने दिया भावुक करने वाला बयान, कहा- इसे पचा पाना मुश्किल

हार्दिक की जगह रिप्लेसमेंट के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
शनिवार 04 नवम्बर को आधिकारिक रूप से यह पुष्टि हो चुकी है कि हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) एड़ियों की चोट के चलते विश्व कप (World Cup 2023) के बाकी बचे हुए मैचों से बाहर हो गए हैं। पांड्या ने अपने X अकाउंट पर एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने विश्व कप 2023 के बाकी बचे हुए मैचों से बाहर होने की जानकारी देते हुए अपनी भावनाएँ जाहिर की और इस दौरान उनका समर्थन करने के लिए सभी का धन्यवाद किया।
बांग्लादेश के खिलाफ चोटिल हुए थे हार्दिक:
गौरतलब हो कि, भारत के ऑलराउंडर और उप-कप्तान हार्दिक पांड्या 19 अक्टूबर में बांग्लादेश के खिलाफ पुणे में खेले गए मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके चलते उन्हें बाहर होना पड़ा था। दरअसल, पारी के 9वें ओवर में पांड्या अपने कोटे का पहला ओवर फेंक रहे थे और उसकी तीसरी गेंद पर उन्होंने बांग्लादेश के लिटन दास का स्ट्रेट ड्राइव रोकने की कोशिश में एड़ियों में चोट लगा बैठे, जिसके बाद उन्हें तुरंत मैदान छोड़ना पड़ा था। इसके बाद उस ओवर की बची हुई 3 गेंदें विराट कोहली ने फेंकी थी।
हालांकि, उस समय यह जानकारी मिली थी कि हार्दिक पांड्या नॉकआउट मैचों के लिए उपस्थित हो सकते हैं, लेकिन अब आधिकारिक रूप से यह पुष्टि हो चुकी है कि वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। पांड्या ने खुद अपने X अकाउंट पर इस बात की पुष्टि की है और सभी की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद जताया है। इसके साथ ही साथ उन्होंने भारतीय टीम का हर गेंद पर समर्थन और उत्साहवर्धन करने को भी कहा है।
Hardik Pandya ने विश्व कप से बाहर होने के बाद दी बड़ी प्रतिक्रिया:
हार्दिक पांड्या ने X अकाउंट पर लिखा: “इस तथ्य को पचाना कठिन है कि मैं विश्व कप के शेष भाग में नहीं खेल पाऊंगा। मैं पूरी भावना के साथ टीम के साथ रहूंगा और प्रत्येक गेम की हर एक गेंद पर उनका उत्साहवर्धन करूंगा। सभी की शुभकामनाओं, प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद, यह अविश्वसनीय है। यह टीम विशेष है और मुझे यकीन है कि हम सभी को गौरवान्वित करेंगे। प्यार, हमेशा।”
बता दें कि, हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में शमी और सूर्यकुमार यादव प्लेइंग इलेवन का नियमित हिस्सा हैं। शमी ने अब तक 3 मैचों में 14 विकेट चटकाए हैं, जिसके चलते उन्होंने पांड्या की कमी नहीं महसूस नहीं होने दी है। इसके अलावा, सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ 49 रनों की एक महत्वपूर्ण पारी खेली थी। हालांकि, बीसीसीआई ने अब तक हार्दिक पांड्या के रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है, लेकिन वह जल्द ही इस पर फैसला ले सकती है।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.