ICC ODI Ranking: खतरे में बाबर की बादशाहत, शाहीन अफरीदी ने लगाई लंबी छलांग, कुलदीप यादव को भी फायदा

शाहीन अफरीदी मौजूदा विश्व कप 2023 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
वनडे विश्व कप 2023 में अभी तक पाकिस्तान का प्रदर्शन भले ही उनके कद के अनुरूप देखने को नहीं मिला है। लेकिन आईसीसी की ताजा जारी वनडे रैंकिंग (ICC ODI Ranking) में इस टीम के खिलाड़ियों का दबदबा बरकरार है। बता दें बल्लेबाजों में बाबर आजम की बादशाहत कायम है। वहीं गेंदबाजों की बात करें तो पाकिस्तानी स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी अब नंबर वन वनडे गेंदबाज बन गए हैं। शाहीन ने ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड को पीछे छोड़ा है।
शाहीन अफरीदी ने लगाई लंबी छलांग
अफरीदी ने अभी तक मौजूदा विश्व कप में पाकिस्तान के लिए टॉप क्लास प्रदर्शन किया है, शुरुआती कुछ मैचों में इस गेंदबाज का लय कुछ खास अच्छा नहीं था। लेकिन उसके बाद उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से आग उगला और इन फॉर्म बल्लेबाजों को बहुत परेशान किया। इस समय शाहीन ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जाम्पा के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, दोनों के नाम 16 विकेट हैं। बता दें उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ तीन विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई और ऐसा करने के चलते अब वह 9 स्थान की लंबी छलांग लगाकर वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
कुलदीप यादव को भी हुआ अच्छा फायदा
वहीं ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड (दूसरे), भारत के मोहम्मद सिराज (तीसरे) और दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज (चौथे) स्थान पर हैं। जबकि कुलदीप यादव (सातवें) स्थान पर हैं, उन्हें दो स्थान का फायदा हुआ है। यह पहली बार है कि अफरीदी ने किसी भी प्रारूप में नंबर एक रैंकिंग हासिल की है और अब पाकिस्तान के दो खिलाड़ी एक साथ वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर हैं। आप जानते ही होंगे पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम लंबे समय से नंबर वन वनडे बल्लेबाज बने हुए हैं और अब शाहीन ने भी उनकी बराबरी कर ली है।

शुभमन गिल से अब भी बाबर को है खतरा
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम के लिए ये टूर्नामेंट अब तक काफी फिका रहा है, बाबर का बल्ला अभी तक खामोश रहा है। यही वजह है की अब वह दूसरे स्थान पर मौजूद शुभमन गिल से सिर्फ दो अंक आगे हैं। अगर शुभमन आने वाले कुछ मैचों में अच्छी बल्लेबाजी करते हैं, तो वह बाबर को आसानी से पीछे छोड़ देंगे। बता दें बाबर ने विश्व कप की सात पारियों में कुल 216 रन बनाए हैं, वहीं उनके सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी यानी की शुभमन गिल अभी तक चार पारियों में सिर्फ 104 रन ही बना पाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने शानदार प्रदर्शन के दम पर एक स्थान की छलांग लगाई है और अब वह चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। जबकि भारतीय कप्तान को भी अच्छा फायदा हुआ है और वह तीन स्थान के सुधार के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद है। वहीं भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी टॉप 10 में मौजूद हैं। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ शून्य पर आउट होने के चलते उन्हें नुकसान हुआ है और वह सातवें स्थान पर खिसक गए हैं।

For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.