ICC ODI Rankings: Virat Kohli ने लगाई लंबी छलांग, रोहित शर्मा को भी हुआ तगड़ा फायदा

वनडे विश्व कप 2023 में विराट कोहली ने 11 पारियों में 765 रन बनाए थे।
वनडे विश्व कप 2023 की समाप्ति के ठीक बाद आईसीसी ने अपनी लेटेस्ट वनडे रैंकिंग (ICC ODI Rankings) जारी कर दी है। बता दें इसमें भारत के खिलाड़ियों को जबरदस्त फायदा हुआ है, वनडे रैंकिंग में टीम इंडिया के तीन बल्लेबाज टॉप चार में शामिल हैं। भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) अब टॉप पर पहुंचने के बहुत करीब आ गए हैं। वहीं भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने चौथे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। जबकि पहले स्थान पर टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज शुभमन गिल और दूसरे पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम अब भी मौजूद हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर विराट कोहली हैं।
जैसा की आप जानते होंगे कोहली ने विश्व कप में 765 रन बनाए थे, जिस वजह से उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ है। अब वह टॉप पर मौजूद शुभमन से सिर्फ 35 रेटिंग पॉइंट पीछे हैं। फिलहाल, गिल के 826 रेटिंग पॉइंट हैं। बाबर उनसे ज्यादा पीछे नहीं है, इस समय बाबर के 824 रेटिंग पॉइंट हैं। वहीं कोहली के 791 और रोहित शर्मा के 769 रेटिंग पॉइंट हैं। विश्व कप 2023 में विराट का बल्ला खूब गरजा और उनके बल्ले से रनों की बारिश देखने को मिली, इस दौरान उन्होंने 3 शतकों के साथ 765 रन बनाए। वहीं कप्तान रोहित ने भी टूर्नामेंट में बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए 597 रन बनाए।
विराट कोहली नंबर 1 बनने के करीब पहुंचे
बता दें विराट कोहली 2017 और 2021 के बीच 1258 दिनों तक नंबर एक स्थान पर काबिज थे। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से खराब फॉर्म के चलते वह पिछड़ गए और बाबर आजम ने उनकी जगह ले ली। लेकिन विश्व कप 2023 में धमाकेदार वापसी करने के बाद एक बार फिर से विराट रेस में आ गए हैं।
इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक वनडे रैंकिंग में दो स्थान गिरकर पांचवें स्थान पर आ गए हैं। वहीं न्यूजीलैंड के दाएं हाथ के डेरिल मिचेल विश्व कप में अपने 552 रनों के दम पर पांच स्थान ऊपर उठकर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।
ट्रेविस हेड को हुआ बड़ा फायदा
वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में सबसे बड़ा फायदा ट्रेविस हेड को हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ने विश्व कप फाइनल में शतक लगाया था, जिसके चलते वह 28 स्थानों की छलांग लगाकर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
केशव महाराज पहले स्थान पर अब भी बरकरार
गेंदबाजों की रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज अभी भी टॉप पर बने हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ियों ने अपने सफल विश्व कप अभियान के बाद कुछ अच्छी स्थिति बनाई है। फाइनल में शानदार गेंदबाजी करने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चार पायदान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर और उनके साथी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आठ पायदान ऊपर चढ़कर 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। जबकि कप्तान पैट कमिंस सात पायदान ऊपर चढ़कर 27वें स्थान पर आ गए हैं।
कुलदीप यादव के रैंकिंग में आई गिरावट
मोहम्मद सिराज तीसरे और जसप्रीत बुमराह चौथे स्थान पर मौजूद हैं। वहीं कुलदीप यादव एक स्थान गिरकर छठे स्थान पर आ गए हैं। विश्व कप के समापन पर ऑलराउंडरों की वनडे रैंकिंग के शीर्ष 10 में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। बांग्लादेश के कप्तान और स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन अभी भी टॉप पर मौजूद हैं। वहीं न्यूजीलैंड के मिशेल सेंटनर दो स्थान गिरकर सातवें स्थान पर और बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज दो स्थान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.