PAK vs NZ: पाकिस्तान ने DLS मेथड से जीता मैच, न्यूजीलैंड को मिली लगातार चौथी हार

फखर जमान ने पाकिस्तान की जीत में अहम भूमिका निभाई।
विश्व कप (World Cup 2023) का 35वां मुकाबला पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच (PAK vs NZ) बेंगलुरु में खेला गया, जिसमें पाकिस्तान को DLS मेथड के जरिए 21 रनों से जीत हासिल हुई। उन्होंने इस टूर्नामेंट में चौथी जीत हासिल की है। हालांकि, उन्हें जीत के बावजूद नेट रन रेट में नुकसान हुआ है। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए फखर जमान (81 गेंदों पर 126* रन) को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के बारे में अधिक बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट खोकर 401 रन बनाए थे। कीवी टीम की ओर से रचिन रविंद्र ने 108, कप्तान केन विलियमसन ने 95, ग्लेन फिलिप्स ने 41, डेवोन कॉन्वे ने 35, मार्क चैपमैन ने 39, डेरिल मिशेल ने 29 और मिशेल सैंटनर ने 26* रन बनाए।
पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम जूनियर ने 10 ओवरों में 60 रन खर्च करते हुए सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा, तेज गेंदबाज हसन अली, तेज गेंदबाज हारिस रउफ और स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर इफ्तिखार अहमद के खाते में 1 विकेट रहा।
PAK vs NZ: पाकिस्तान ने हासिल की बड़ी जीत:
पाकिस्तान की टीम ने इस मुकाबले में DLS मेथड से 21 रनों से जीत हासिल की। शुरुआत में वह 402 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहे थे, लेकिन 22वें ओवर में जब बारिश शुरू हुई तो काफी समय तक खेल रुका रहा और फिर उन्हें 41 ओवरों में 342 रनों का लक्ष्य मिला। इसके बाद 26वें ओवर में बारिश ने फिर से खलल डाल दी। उस दौरान पाकिस्तान का स्कोर 25.3 ओवरों में 200/1 था और वह DLS पार स्कोर से 21 रन आगे थे। इसके बाद बारिश नहीं रुका, जिसके चलते पाकिस्तान को DLS मेथड के जरिए 21 रनों से जीत मिली।
हालांकि, इस रन चेज के दौरान पाकिस्तान ने शुरुआत में सलामी बल्लेबाज अब्दुल्लाह शफीक के रूप में एक विकेट खो दिया था। लेकिन इसके बाद सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू की और दूसरे छोर से कप्तान बाबर आजम भी उनका बखूबी साथ निभाते रहे। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 141 गेंदों पर 194* रनों की शानदार साझेदारी की।
इस दौरान फखर ने मात्र 63 गेंदों पर शतक जड़ा, जो पाकिस्तान की ओर से विश्व कप इतिहास का सबसे तेज शतक भी रहा। उन्होंने इस मुक़ाबले में मात्र 81 गेंदों पर 8 चौकों और 11 छक्कों की मदद से 126 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इसके अलावा, कप्तान बाबर आजम ने 63 गेंदों पर 65 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से सिर्फ तेज गेंदबाज टिम साउदी को एक सफलता मिली।
जीत के बावजूद पाकिस्तान को हुआ नेट रन रेट का नुकसान:
गौरतलब हो कि, पाकिस्तान की टीम 8 मैचों में चौथी जीत हासिल करके विश्व कप 2023 की अंक तालिका में 8 अंकों और -0.424 के नेट रन रेट के साथ अब भी छठे स्थान पर है। उन्हें इस मुकाबले में नेट रन रेट का नुकसान हुआ है। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड को 8 मैचों में लगातार चौथी बार हार का सामना करना पड़ा है और वह 8 अंकों और +0.885 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। बता दें कि, न्यूजीलैंड को अपना अगला मुकाबला 09 नवम्बर को श्रीलंका के खिलाफ बेंगलुरु में और पाकिस्तान को अपना अगला मुकाबला 11 नवम्बर को इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता में खेलना है।
नोट: अंक तालिका के आँकड़े पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मुकाबले की समाप्ति तक के हैं। इसमें ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड मुकाबले का अपडेट नहीं है।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.