IPL 2023 के पांच महंगे खिलाड़ी जो आगामी सीजन से पहले रिलीज हो सकते हैं

चेन्नई सुपर किंग्स के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स पहले ही IPL 2024 से अपना नाम वापस ले चुके हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2024) के 17वें संस्करण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की शीट जमा करने की आखिरी तारीख 26 नवंबर है और इससे पहले सभी दस टीमों को यह तय करना होगा कि वे आईपीएल 2024 के लिए किन खिलाड़ियों को अपने साथ बरकरार रखना चाहते हैं।
पिछले सीजन के ऑक्शन में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ियों में से एक बेन स्टोक्स, जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 16.25 करोड़ रुपये की कीमत पर साइन किया था, उन्होंने आगामी सीजन से हटने का फैसला किया है। इसलिए अब दिसंबर में होने वाले आईपीएल 2024 के मिनी ऑक्शन में CSK के पास खर्च करने के लिए अच्छी खासी रकम होगी। यहां हम ऐसे ही पांच खिलाड़ियों के बारे में बात करेंगे, जिन्हें उनकी आईपीएल टीमों ने बीते सीजन बहुत महंगी कीमत में खरीदा था, लेकिन अब IPL 2024 की नीलामी से पहले उन्हें रिलीज कर सकती हैं।
ये महंगे खिलाड़ी IPL 2024 के ऑक्शन से पहले हो सकते हैं रिलीज:
5. शार्दुल ठाकुर (KKR) - 10.75 करोड़:

कोलकाता नाइट राइडर्स के तरफ से खेलते हुए शार्दुल ठाकुर का पिछला सीजन कुछ खास अच्छा नहीं रहा। उन्हें 10.75 करोड़ रुपये की कीमत पर दिल्ली कैपिटल्स से केकेआर में ट्रेड किया गया था। लेकिन अपनी कीमत के हिसाब से वह प्रदर्शन नहीं कर पाए। शार्दुल ने बीते सीजन 11 मैच खेले, जिसमें उन्होंने महज 113 रन बनाए और केवल 7 विकेट लेने में सफल हुए। ये आंकड़े बहुत निम्न स्तर के हैं, और इस वजह से कयास लगाए जा रहे हैं कि केकेआर उन्हें इस सीजन में रिलीज कर सकता है।
4. लॉकी फर्ग्यूसन (KKR) - 10 करोड़:

पिछले सीजन में केकेआर एकमात्र टीम थी जिसके पांच खिलाड़ियों की कीमत 10 करोड़ रुपये या उससे अधिक थी। लॉकी फर्ग्यूसन उनमें से एक थे, जिनके ऊपर फ्रेंचाइजी ने बीते सीजन 10 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। लेकिन वह अपनी टीम की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए। फर्ग्यूसन ने केवल तीन मैच खेले और इस दौरान उन्हें केवल 1 सफलता हाथ लगी। वहीं उनका हालिया फॉर्म भी कुछ खास अच्छा नहीं है। इस वजह से केकेआर उन्हें आईपीएल 2024 की नीलामी से पहले रिलीज कर सकता है।
3. हर्षल पटेल (RCB) - 10.75 करोड़:

पिछले कुछ वर्षों में हर्षल पटेल के फॉर्म में गिरावट आई है। इस वजह से ही उन्होंने भारत के टी20 प्रारूप में से अपनी जगह खो दी है, और यहां तक कि आईपीएल 2023 में भी उनके आंकड़े बेहद खराब थे। उन्होंने 13 मैच खेले और 9.66 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट लिए। दरअसल, हर्षल की धीमी गति वाली गेंद जिससे उन्हें सफलता मिलती थी, अब हर एक बल्लेबाज के समझ में आ गई है और यही वजह है की अब उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिल पाती। बीते सीजन उनके खराब फॉर्म को देखते हुए RCB आगामी सीजन से पहले उन्हें रिलीज करने पर विचार कर सकता है।
2. हैरी ब्रूक (SRH) - 13.25 करोड़:

जब सनराइजर्स हैदराबाद ने हैरी ब्रूक को 13.25 करोड़ रुपये की भारी कीमत पर खरीदा तो काफी हंगामा हुआ। लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ और यह कदम उन पर पूरी तरह से उल्टा पड़ गया। ब्रुक का खराब प्रदर्शन बीते सीजन हैदराबाद की असफलता का एक बड़ा कारण है। यही नहीं उन्होंने केन विलियमसन जैसे बढ़िया खिलाड़ी को रिलीज करके एक और बड़ी गलती की थी। IPL 2023 में ब्रुक ने 11 मैच खेले और इस दौरान उनके बल्ले से महज 190 रन निकले। इन आंकड़ों को देखकर काफी हद तक साफ होता है की आगामी सीजन से पहले हैदराबाद, हैरी ब्रुक को रिलीज कर सकता है।
1. सैम करन (PBKS) - 18.5 करोड़:

सैम करन ने पिछले सीजन के ऑक्शन में इतिहास रच दिया था, जब पंजाब किंग्स ने उन्हें 18.5 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड-तोड़ कीमत पर साइन किया था। बता दें सिर्फ IPL ही नहीं वह क्रिकेट इतिहास के किसी भी लीग में साइन किए गए सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। हालांकि, इतने महंगे खिलाड़ी बनने के बाद भी उनका प्रदर्शन औसत रहा। पिछले सीजन खेले गए 14 मैचों में उन्होंने 27.60 की औसत से 276 रन बनाए और 10.22 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट लिए। ये आंकड़े कीमत के हिसाब से बिल्कुल सही साबित नहीं होते। सैम करन का खराब फॉर्म एक बड़ी वजह है, जिसके चलते PBKS उन्हें रिलीज कर सकता है।