ये तीन खिलाड़ी IPL 2024 में Hardik Pandya की जगह गुजरात टाइटंस के कप्तान बन सकते हैं

हार्दिक पंड्या के नेतृत्व में गुजरात टाइटंस ने अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था।
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) आगामी आईपीएल सीजन से पहले गुजरात टाइटंस का साथ छोड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। आईपीएल में गुजरात टाइटंस टीम की शुरुआत 2022 में हुई थी, और इस टीम ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी में पहले ही सीजन पूरी दुनिया को हैरान करते हुए आईपीएल का खिताब जीता था। यही नहीं हार्दिक ने बीते सीजन भी टीम को फाइनल तक पहुंचाया, इससे साफ होता है की हार्दिक को कप्तान बनाने का गुजरात का फैसला कितना सफल था।
Hardik Pandya के बाद कौन बनेगा गुजरात टाइटंस का नया कप्तान?
हार्दिक पांड्या ने अपनी कप्तानी से बीते दो सीजन हर किसी को प्रभावित किया और यही वजह है की अब वह भारत के टी20 कप्तान भी हैं। पिछले सीजन गुजरात भले ही फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन फाइनल में उन्हें एक बेहद रोमांचक मुकाबले में धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के चलते हार्दिक अपनी कप्तानी में टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने से चूक गए थे।
हालांकि, पिछले दो सीजन गुजरात टाइटंस को इतनी ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले कप्तान हार्दिक पांड्या इस टीम का साथ छोड़ देंगे। हार्दिक के जाने के बाद अब इस टीम की कप्तानी कौन करेगा ये एक बड़ा सवाल बन गया है, गुजरात के पास वैसे तो कई सारे कप्तानी विकल्प मौजूद है। लेकिन उनमें से एक उचित कप्तान का चयन करना काफी मुश्किल होगा। तो चलिए इस बात को देखते हुए आज हम आपको उन खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं, जो हार्दिक पांड्या के जाने के बाद गुजरात टाइटंस के नए कप्तान बन सकते हैं।
राशिद खान:

गुजरात टाइटंस के पास राशिद खान के रूप में एक अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। राशिद काफी लंबे समय से IPL खेल रहे हैं और इस दौरान हर एक सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। बता दें अफगानिस्तान का यह हरफनमौला खिलाड़ी गुजरात का उप-कप्तान भी है, और हार्दिक की अनुपस्थिति में राशिद कई बार गुजरात की कप्तानी कर भी चुके हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट राशिद को कप्तान बनाकर एक बड़ा दांव खेल सकते हैं।
केन विलियमसन:

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को गुजरात ने बीते सीजन अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, वह वह पहले मैच की पहली पारी के दौरान ही चोटिल होकर पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। जैसा की आप जानते होंगे न्यूजीलैंड के लिए कई सालों से कप्तानी करने वाले केन विलियमसन को आईपीएल में भी कप्तानी करने का अच्छा खासा अनुभव है।
गुजरात का हिस्सा बनने से पहले विलियमसन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तानी का जिम्मा संभाल चुके हैं। उनका दिमाग काफी शांत रहता है और वह टीम को सही तरह से संभालते हैं। ऐसे में गुजरात का अगला कप्तान बनने के लिए विलियमसन प्रबल दावेदारों में से एक हैं।
शुभमन गिल:

टीम इंडिया के युवा स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल इस रेस में फिलहाल सबसे आगे हैं। बीते दो सीजन उनका प्रदर्शन उन्हें कप्तानी पद के लिए प्रबल दावेदार बनाता है। शुभमन फिलहाल युवा है और आने वाले समय में उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी करने का भी मौका मिल सकता है, इस लिहाज से गुजरात उन्हें कप्तान चुन सकता है।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.