World Cup 2023: पाकिस्तान के चलते टीम इंडिया के सेमीफाइनल वेन्यू में होगा बड़ा फेरबदल? जानिए वजह

पाकिस्तान अभी तक सेमीफाइनल में पहुंचा नहीं है, लेकिन उनकी उम्मीदें बरकरार है।
विश्व कप (World Cup 2023) का टूर्नामेंट अब नॉकआउट स्टेज की ओर बढ़ रहा है। लीग स्टेज में अब सिर्फ 5 मुकाबले बचे हुए हैं और इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल मुम्बई में और दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला कोलकाता में निर्धारित है। हालांकि, यदि भारत और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल हुआ तो फिर वह मुकाबला मुम्बई में नहीं खेला जाएगा।
गौरतलब हो कि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से जून 2023 में एक बयान जारी किया था, जिसमें उन्होंने सुरक्षा चिंताओं से मुम्बई के वानखेड़े स्टेडियम में कोई भी मैच ना खेलने की इच्छा जताई थी। आईसीसी ने उनकी बात मानकर पाकिस्तान के किसी भी मैच को उस स्टेडियम में नहीं कराया। हालांकि, पहला सेमीफाइनल मुकाबला उसी मैदान पर खेला जाने वाला है।
भारतीय टीम अब तक 8 में से 8 मुकाबले जीतकर अंक तालिका में पहले स्थान पर मौजूद है और 15 नवम्बर को पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेलने को तैयार है। हालांकि, उस मुकाबले में कौन सी टीम उसके खिलाफ खेलेगी यह 11 नवम्बर को पता चलेगा, जब पाकिस्तान अपना अन्तिम लीग मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी। बता दें कि, विश्व कप 2023 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर रहने वाली टीम भारत के खिलाफ सेमीफाइनल खेलेगी। इस स्थान पर न्यूजीलैंड के साथ-साथ पाकिस्तान के भी पहुंचने के अवसर हैं।
World Cup 2023: भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल हुआ, तो वेन्यू में होगा बदलाव?
यदि पाकिस्तान ने अंक तालिका में चौथे स्थान पर जगह बनाई और सेमीफाइनल में पहुंची तो उनका मुकाबला पहले स्थान पर रहने वाली टीम भारत के साथ होगा। अगर भारत और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल मुकाबला हुआ तो वह मुम्बई में नहीं खेला जाएगा।
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों से मुम्बई में खेलने से मना कर दिया था, जिसके चलते वह वहां पर सेमीफाइनल भी नहीं खेलेंगे। ऐसी स्थिति में भारत और पाकिस्तान के बीच पहला सेमीफाइनल मुकाबला कोलकाता में होगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाने वाला दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुम्बई में होगा।
पाकिस्तान ने इन कारणों से मुंबई में खेलने से किया था मना:
दरअसल, साल 1991 में शिव सेना के समर्थकों ने भारत बनाम पाकिस्तान वनडे सीरीज में मुम्बई में खेले जाने वाले मुकाबले से पहले पिच खोद दी थी, जिसके चलते वह मैच रद्द कर दिया गया था। इसके बाद 1993 और 1994 में भी मुम्बई में प्रस्तावित मुकाबला रद्द कर दिया गया था। इसके बाद 1999 में भी शिवसेना समर्थकों ने दिल्ली के फिरोज शाह कोटला स्टेडियम की पिच खोद दी थी, जिसके चलते वह मैच रद्द करना पड़ा था।
उपरोक्त मामलों के अलावा 26/11 हमले के बाद पाकिस्तान टीम को मुम्बई के लोगों और शिवसेना समर्थकों से डर लग रहा था, क्योंकि उस हमले में पाकिस्तान के आतंकवादियों का हाथ था। उस हमले के बाद भारत ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से मना कर दिया था। इसीलिए, पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं के चलते मुम्बई में खेलने से मना कर दिया है।