टॉप पांच WWE सुपरस्टार्स जिन्हें इस समय फैंस बहुत मिस कर रहे हैं

चोट के चलते इन सुपरस्टार्स को इन रिंग एक्शन से दूर होना पड़ा था।
WWE और दुनिया की अन्य प्रो रेसलिंग कंपनियों में काम करने वाले रेसलर्स को बहुत कड़ी ट्रेनिंग करनी होती है। उन्हें रिंग में लड़ते देखने पर ऐसा लगता है जैसे मूव्स को लगाना बहुत आसान होगा, लेकिन उन्हें हर छोटे और बड़े मूव को लगाने के दौरान चोट लगने की संभावना बनी रहती है। WWE के मौजूदा रोस्टर की बात करें तो कई नामी रेसलर्स कई महीनों से ब्रेक पर हैं। इसलिए इस आर्टिकल में हम उन 5 सुपरस्टार्स के बारे में आपको बताएंगे, जिन्हें फैंस बहुत मिस कर रहे हैं।
1. ब्रॉन स्ट्रोमैन पिछले करीब 7 महीनों से WWE में दिखाई नहीं दिए हैं
ब्रॉन स्ट्रोमैन को WWE में आखिरी बार 1 मई 2023 के Raw इवेंट में देखा गया था, जहां उन्होंने रिकोशे के साथ टीम बनाकर चैड गेबल और ओटिस की टीम को हराया था। स्ट्रोमैन और रिकोशे की टीम को फैंस काफी पसंद कर रहे थे, लेकिन स्ट्रोमैन की चोट ने सभी प्लान पर पानी फेर दिया था। वो असल में इसलिए ब्रेक पर चल रहे हैं क्योंकि उन्हें गर्दन में चोट आई थी। उन्होंने जून महीने में पुष्टि की थी कि उनकी सर्जरी सफल रही है। स्ट्रोमैन बड़े-बड़े हील सुपरस्टार्स को धूल चटाते आए हैं और उनका गायब रहना फैंस को काफी खल रहा होगा। ये भी दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि उनकी वापसी को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
2. बिग ई
बिग ई उन सुपरस्टार्स में से एक हैं जिनका करियर काफी समय से अधर में लटका हुआ है। पिछले साल मार्च में द न्यू डे की फ्यूड शेमस और रिज हॉलैंड की टीम से चल रही थी। उस समय एक टैग टीम मैच के दौरान हॉलैंड ने रिंगसाइड पर बिग ई को बेली-टू-बेली सुपलेक्स लगाया था, लेकिन गलत तरीके से लैंड करने के कारण बिग ई की गर्दन चोटिल हो गई थी। वो करीब डेढ़ साल से बाहर हैं और एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया था कि वो अभी अपने रिटर्न को लेकर कुछ स्पष्ट फैसला नहीं सुना सकते।
3. रैंडी ऑर्टन
रैंडी ऑर्टन आखिरी बार पिछले साल मई में दिखाई दिए थे, जहां उनकी और मैट रिडल की टीम को द उसोज़ के हाथों हार मिली थी। द वाइपर उसके बाद से ही कमर की चोट से ग्रस्त रहे हैं। एक समय पर कहा जा रहा था कि ये कमर की चोट उनके करियर को लेकर डूब सकती है, लेकिन अब उनकी Survivor Series WarGames मैच में वापसी की उम्मीद की जा रही है। इस हफ्ते Raw के ऑफ-एयर होने के बाद कोडी रोड्स ने भी ऑर्टन की वापसी के संकेत देकर सबको चौंका दिया था।
4. शेमस
शेमस ने WWE में अभी तक अपना आखिरी मैच 24 अगस्त के Smackdown इवेंट में ऐज के खिलाफ लड़ा था। उसके बाद खबर आई कि उन्हें कंधे में गंभीर चोट आई है, जिसके कारण उन्हें कई महीनों तक आराम दिया जा सकता है। मगर हाल ही में कहा गया था कि द केल्टिक वॉरियर Survivor Series 2023 या उससे ठीक पहले होने वाले Smackdown में वापसी कर सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो संभव है कि उन्हें तुरंत किसी स्टोरीलाइन में शामिल कर मैच दिया जा सकता है।
5. एलेक्सा ब्लिस
एलेक्सा ब्लिस ने अभी तक अपना आखिरी मैच Royal Rumble 2023 में लड़ा था, जिसमें उन्हें Raw विमेंस चैंपियनशिप मैच में बियांका ब्लेयर के हाथों हार मिली थी। वहीं मई 2023 में उन्होंने खुशखबरी देते हुए बताया कि वो प्रेग्नेंट हैं और वो दिसंबर में पहली बार माँ बन सकती हैं। ये भी गौर करने वाली बात है कि बच्चे को जन्म देने के बाद एलेक्सा की बॉडी को रिकवर होने में 6-8 महीनों का समय लग सकता है। उन्हें करीब एक साल से WWE में नहीं देखा गया है और रोस्टर में ऐसी कई सुपरस्टार्स हैं जिनके साथ एलेक्सा की स्टोरीलाइन को फैंस बहुत पसंद करते।