PKL 10: बंगाल वॉरियर्स vs दबंग दिल्ली मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन, मुफ्त में मैच कहां और कैसे देखें

दो दिग्गज रेडर इस मैच में आमने-सामने होंगे।
प्रो कबड्डी लीग सीजन 10 (PKL 10) में सोमवार 25 दिसंबर को पहला मैच बंगाल वॉरियर्स और दबंग दिल्ली के बीच खेला जाएगा। दबंग दिल्ली का प्रदर्शन इस सीजन अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने अभी तक पांच मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ दो ही मैचों में जीत हासिल की है और तीन मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम के लिए अच्छी बात ये है कि वो एक लंबे गैप के बाद मुकाबला खेलेंगे और इसी वजह से खिलाड़ी पूरी तरह से रिफ्रेश होंगे। कप्तान नवीन कुमार भी पूरी तरह से फिट हो गए होंगे और इस मुकाबले में खेल सकते हैं।
बंगाल वॉरियर्स की अगर बात करें तो उनको अभी तक सात में से तीन मैचों में जीत मिली है, दो मैच वो हारे हैं और दो मुकाबला टाई रहा है। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।
PKL 10: बंगाल वॉरियर्स का स्क्वाड
बंगाल वॉरियर्स को पिछले मैच में यू मुम्बा के खिलाफ करीबी हार का सामना करना पड़ा था। कप्तान मनिंदर सिंह के ऐतिहासिक परफॉर्मेंस के बावजूद टीम आखिरी मौके पर आकर मुकाबला हार गई थी। टीम ने आदित्य शिंदे को ड्रॉप करके हर्ष लाड को स्टार्टिंग सेवन में मौका दिया था और उन्होंने आठ प्वॉइंट लाकर इस फैसले को सही साबित किया था। हालांकि बंगाल के साथ दिक्कत ये है कि वो मैच के आखिरी लम्हों में आकर बिखर जाते हैं। इसी वजह से उनके दो मैच टाई हुए हैं और पिछला मैच वो हारे थे। टीम को प्रेशर की स्थिति में बेहतर खेल दिखाना होगा।
बंगाल वॉरियर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
मनिंदर सिंह, वैभव गरजे, दरपन, नितिन कुमार, श्रीकांत जाधव, शुभम शिंदे और हर्ष लाड।
PKL 10: दबंग दिल्ली का स्क्वाड
दबंग दिल्ली के लिए कप्तान नवीन कुमार ने चोट की वजह से पिछला मैच नहीं खेला था और उनकी कमी साफतौर पर टीम को खली थी। टीम ने उनको एहतियात के तौर पर नहीं खिलाया था लेकिन इस मैच में वो वापसी कर सकते हैं। नवीन कुमार के बिना दिल्ली की टीम अधूरी लगती है। वहीं टीम के डिफेंस में भी कमियां हैं। हालांकि अच्छी बात ये है कि टीम काफी समय के बाद मुकाबला खेलेगी और इसी वजह से उन्हें अपनी कमजोरियों पर काम करने का मौका मिल गया होगा और वो एक बेहतरीन वापसी कर सकते हैं।
दबंग दिल्ली की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
नवीन कुमार, मोहित, हिम्मत अंतिल, मीतू शर्मा, आशु मलिक, योगेश और विशाल भारद्वाज।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
दबंग दिल्ली की उम्मीदें नवीन कुमार और आशु मलिक जैसे खिलाड़ियों से काफी ज्यादा होंगी। नवीम कुमार इंजरी के बाद वापसी कर रहे हैं और ऐसे में देखने वाली बात होगी कि वो लय में हैं या नहीं। वहीं बंगाल वॉरियर्स की टीम भी अपने कप्तान मनिंदर सिंह के ऊपर काफी ज्यादा डिपेंड करेगी। डिफेंस में एक बार फिर हर्ष लाड कमाल कर सकते हैं।
सफलता का मंत्र
दबंग दिल्ली की जीत के लिए जरूरी है कि कप्तान नवीन कुमार टीम में वापसी करें और उसी लय के साथ खेलें, जैसे पहले खेल रहे थे। चुंकि इस बार सामने बंगाल वॉरियर्स की टीम है तो टीम को अपने डिफेंस में भी काफी बेहतर करना होगा। बंगाल के लिए जरूरी है कि इस मुकाबले में वो नवीन कुमार के ऊपर ज्यादा अटैक करें, क्योंकि वो इंजरी से आ रहे हैं और इसी वजह से थोड़ा दबाव उनके ऊपर जरूर होगा। ऐसे में बंगाल की टीम इसका फायदा उठा सकती है।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
बंगाल वॉरियर्स और दबंग दिल्ली दोनों ही टीमों ने अभी तक एक-एक बार पीकेएल का टाइटल जीता है और पीकेएल में दोनों टीमों के बीच मुकाबला भी काफी कांटे का रहा है। हेड टू हेड मैचों में दोनों ही टीमें लगभग बराबरी की रही हैं। बंगाल और दिल्ली के बीच अभी तक कुल मिलाकर 19 मैच पीकेएल में खेले गए हैं और इस दौरान बंगाल वॉरियर्स ने आठ मैचों में जीत हासिल की है और दबंग दिल्ली ने भी सात मैच जीते हैं। वहीं चार मुकाबला दोनों टीमों के बीच टाई पर समाप्त हुआ है।
क्या आप जानते हैं?
बंगाल वॉरियर्स के कप्तान मनिंदर सिंह पीकेएल इतिहास के दूसरे सफल रेडर हैं। उन्होंने अपने पिछले ही मैच में 1300 रेड प्वॉइंट पूरे किए थे। उनके अलावा सिर्फ परदीप नरवाल ने ही ये कारनामा किया है।
बंगाल वॉरियर्स और दबंग दिल्ली के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.