Khel Now logo
HomeSportsWomen's Premier LeagueLive Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 10: लगातार दूसरी जीत हासिल करने के लिए बेंगलुरू बुल्स के खिलाफ उतरेगी गुजरात जायंट्स

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :December 2, 2023 at 10:23 PM
Modified at :December 13, 2023 at 3:48 PM
PKL 10: लगातार दूसरी जीत हासिल करने के लिए बेंगलुरू बुल्स के खिलाफ उतरेगी गुजरात जायंट्स

छठे सीजन की दोनों ही फाइनलिस्ट टीमें आमने-सामने होंगी।

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 10वें सीजन (PKL 10) का चौथा मुकाबला गुजरात जायंट्स और छठे सीजन की चैंपियन टीम बेंगलुरू बुल्स के बीच खेला जाएगा। गुजरात जायंट्स ने अपने सीजन का आगाज काफी जबरदस्त तरीके से किया है। उन्होंने अपने पहले मैच में तेलुगु टाइटंस को हराया और जीत के साथ शुरुआत की है। गुजरात का कॉन्फिडेंस इस जीत के बाद काफी बढ़ गया होगा।

हालांकि, दूसरी तरफ बेंगलुरू बुल्स भी काफी बुलंद इरादों के साथ मैदान में उतरने वाली है, क्योंकि उन्होंने लगभग हर एक सीजन काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। कोच रणधीर सिंह सेहरावत की अगुवाई में टीम ने हर एक सीजन काफी प्रभावित किया है और इस बार भी वो कमाल कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन किस पर भारी है।

PKL 10: गुजरात जायंट्स का स्क्वाड

गुजरात की टीम ने सीजन का पहला मैच जीत लिया है और इसी वजह से वो इस मैच को भी जीतकर अपने विनिंग मोमेंटम को बरकरार रखना चाहेंगे। गुजरात के लिए पहले मैच में सोनू जगलान ने काफी जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्हें स्टार्टिंग सेवन में मौका नहीं मिला था लेकिन इसके बावजूद उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। उन्होंने अपने पहले ही रेड में पांच प्वॉइंट लाकर पूरे मैच का पासा ही पलट दिया और गुजरात की टीम ने इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और मुकाबला अपने नाम कर लिया। उनके अलावा कप्तान फजल अत्राचली और मोहम्मद नबीबख्श का भी प्रदर्शन काफी अच्छा रहा।

गुजरात जायंट्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:

सोनू, राकेश, सौरव गूलिया, रोहित गूलिया, मोहम्मद नबीबख्श, सोमबीर और फजल अत्राचली।

PKL 10: बेंगलुरू बुल्स का स्क्वाड

बेंगलुरू बुल्स के लिए पवन सेहरावत टीम में नहीं हैं लेकिन इसके बावजूद टीम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इस बार उनके पास रेडिंग और डिफेंस दोनों में कई सारे बेहतरीन विकल्प हैं। टीम के पास इस बार अभिषेक सिंह जैसा बेहतरीन रेडर है। इसके अलावा भरत और विकाश कंडोला उनके मेन रेडर हैं। भरत ने पिछले सीजन जबरदस्त प्रदर्शन किया था और इस बार भी उनसे इसी तरह के परफॉर्मेंस की उम्मीद होगी। टीम चाहेगी कि विकाश कंडोला इस बार और ज्यादा जिम्मेदारी उठाएं। वहीं डिफेंस में सौरभ नांदल और अमन के अलावा इस बार सुरजीत सिंह भी हैं, जिनका एक्सपीरियंस टीम के काफी काम आ सकता है।

बेंगलुरू बुल्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:

विकाश कंडोला, भरत, अभिषेक सिंह, सौरभ नांदल, अमन, सुरजीत सिंह और रण सिंह।

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

बेंगलुरू बुल्स की टीम में अगर बात करें तो भरत के ऊपर सबसे ज्यादा निगाहें होंगी क्योंकि पिछला सीजन उनके लिए काफी अच्छा रहा था। इसके अलावा विकाश कंडोला, सौरभ नांदल और सुरजीत सिंह के ऊपर भी काफी दारोमदार होगा। वहीं गुजरात जायंट्स की टीम में इस बार सबसे ज्यादा निगाह सोनू जगलान के ऊपर होंगी जिन्होंने पिछले मैच में अपने एक ही रेड से मैच का पासा पलट दिया था और सुपर-10 भी लगाया था।

सफलता का मंत्र

गुजरात जायंट्स के लिए जरूरी है कि डिफेंस में एडवांस टैकल के लिए ना जाएं, क्योंकि पिछले मैच में सौरव गूलिया ने ये गलती की थी। सोनू के अलावा बाकी रेडर्स को भी योगदान देना होगा। वहीं बेंगलुरू बुल्स के लिए जरूरी है कि विकाश कंडोला रेडिंग में बेहतर खेल दिखाएं। इसके अलावा डिफेंस को भी काफी बेहतर खेल दिखाना होगा।

दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े

पीकेएल में गुजरात जायंट्स और बेंगलुरू बुल्स के बीच अभी तक कुल मिलाकर 11 मैच खेले गए हैं। इनमें से पांच मैचों में गुजरात ने और पांच ही मैचों में बेंगलुरू ने जीत हासिल की है, जबकि एक मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ है। इस आंकड़े को देखकर पता लगता है कि दोनों टीमों के बीच की राइवलरी काफी तगड़ी रही है और जो भी टीम इस मैच में जीतेगी, उसके पास बढ़त हो जाएगी।

क्या आप जानते हैं?

बेंगलुरू बुल्स ने छठे सीजन का टाइटल गुजरात जायंट्स को हराकर ही जीता था। फाइनल मुकाबले में पवन सेहरावत ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए बेंगलुरू बुल्स को टाइटल जिता दिया था।

गुजरात जायंट्स और बेंगलुरू बुल्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?

दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।

For more updates, follow Khel Now Kabaddi on FacebookTwitterInstagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.