टॉप पांच अनकैप्ड खिलाड़ी जिनपर IPL 2024 के ऑक्शन में लगी है सबसे महंगी बोली

इन युवा खिलाड़ियों के ऊपर फ्रेंचाइजियों ने भरोसा जताते हुए जमकर बोली लगाई।
आईपीएल 2024 (IPL 2024) में कई सारे अनकैप्ड खिलाड़ियों को करोड़ों की कीमत पर खरीदा गया। हालांकि, इनमें से कई सारे खिलाड़ी ऐसे भी रहे जो पहले भी आईपीएल खेल चुके हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ियों को पहली बार कोई खरीददार मिला है। इस ऑक्शन में सबसे महंगे बिकने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के समीर रिजवी हैं, जिन्हें CSK ने 8.4 करोड़ की बड़ी कीमत पर खरीदा है। रिजवी को पहली बार आईपीएल में किसी फ्रेंचाइजी द्वारा खरीदा गया है।
इसके अलावा, झारखंड के 19 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र भी पहली बार आईपीएल में खरीदे गए हैं। उन्हें दिल्ली कैपिटल ने 7.20 करोड़ रुपए की बड़ी क़ीमत पर खरीदा है। इतना ही नहीं, पिछले सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स के रिंकू सिंह द्वारा अंतिम ओवर में लगातार 5 छक्के खाकर गुजरात टाइटंस को मैच हराने वाले यश दयाल को भी बड़ी कीमत मिली है। इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि, आईपीएल (IPL 2024) में सबसे महंगे बिकने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी कौन-कौन से हैं।
IPL 2024 के ऑक्शन में सबसे महंगे बिके अनकैप्ड खिलाड़ी:
5. यश दयाल – ₹5.0 करोड़ (RCB):
उत्तर प्रदेश के 26 वर्षीय तेज गेंदबाज यश दयाल आईपीएल 2024 के मिनी ऑक्शन में 20 लाख रुपए की बेस प्राइस के साथ उतरे थे। उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 5 करोड़ रुपए की कीमत में खरीदा है। बता दें कि, यश दयाल 2022 और 2023 में 3.20 करोड़ रुपए की कीमत पर गुजरात टाइटंस का हिस्सा थे।
4. शुभम दुबे – ₹5.80 करोड़ (RR):
विदर्भ के 29 वर्षीय विस्फोटक बल्लेबाज शुभम दुबे फिनिशर की भूमिका निभाने के लिए जाने जाते हैं। T20 फॉर्मेट में उनका स्ट्राइक रेट 145 के आसपास है। वह लंबे समय से घरेलू स्तर पर विदर्भ के लिए मैच विनर साबित होते रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 5.8 करोड़ रुपए की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी ने भी उन पर 5.6 करोड़ रुपए तक की बोली लगाई थी।
3. कुमार कुशाग्र – ₹7.20 करोड़ (DC):
झारखंड के 19 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने घरेलू स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए आईपीएल फ्रेंचाइजियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था। उन्हें आईपीएल 2024 के ऑक्शन में 20 लाख रुपए की बेस प्राइस के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स ने 7.20 करोड़ रुपए की बड़ी कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया है। ऑक्शन के दौरान उन पर गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों ने भी बोली लगाई थी। बता दें कि उन्हें आईपीएल में पहली बार कोई खरीददार मिला है।
2. शाहरुख खान – ₹7.40 करोड़ (GT):
तमिलनाडु के 28 वर्षीय बैटिंग ऑलराउंडर शाहरुख खान को आईपीएल 2024 के ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने 7.40 करोड़ रुपए की बड़ी क़ीमत पर खरीदा है। इस ऑक्शन में उनकी बेस प्राइस 20 लाख रुपए थी। शाहरुख 2021 से लेकर 2023 तक पंजाब किंग्स की ओर से 33 आईपीएल मुकाबले खेल चुके हैं। बता दें कि, उन्हें PBKS ने 2021 के मिनी ऑक्शन में 5.25 करोड़ रुपये में और 2022 के मेगा ऑक्शन में 9.0 करोड़ में खरीदा था।
1. समीर रिजवी – ₹8.40 करोड़ (CSK):
उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय बल्लेबाज समीर रिजवी को आईपीएल 2024 के ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा 8.4 करोड़ रुपए की बड़ी क़ीमत पर खरीदा गया है। वह इस सीजन सबसे महंगे बिकने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी हैं। इस ऑक्शन में उनका बेस प्राइस मात्र 20 लाख रुपए था। बता दें कि, रिजवी ने इस साल यूपी टी20 लीग में सबसे तेज शतक भी जड़ा था। वह तेज तर्रार गति से बल्लेबाजी करने और लंबे-लंबे हिट लगाने के लिए जाने जाते हैं। यह भी बता दें कि रिजवी को पहली बार आईपीएल में कोई खरीददार मिला है।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.