Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

EXCLUSIVE: एशियन गेम्स में चुने जाने की उम्मीद थी: परदीप नरवाल

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :December 11, 2023 at 6:52 PM
Modified at :December 13, 2023 at 6:43 PM
EXCLUSIVE: एशियन गेम्स में चुने जाने की उम्मीद थी: परदीप नरवाल

‘डुबकी किंग’ परदीप नरवाल ने इस सीजन के लिए बड़ा टारगेट सेट कर रखा है।

पीकेएल के 10वें सीजन के दौरान यूपी योद्धा का अभी तक का प्रदर्शन अच्छा रहा है। यूपी योद्धा ने तीन में से दो मुकाबले जीत लिए हैं और उन्हें अब लगातार तीसरी जीत की तलाश है। यूपी के लिए अच्छी बात ये है कि अब उनके सभी खिलाड़ी फॉर्म में आ चुके हैं और वो सिर्फ परदीप नरवाल के भरोसे नहीं हैं। तेलुगु टाइटंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में सुरेंदर गिल ने 14 प्वॉइंट लाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इसके अलावा डिफेंस में नितेश कुमार ने भी हाई-फाइव लगाया और सुमित ने चार प्वॉइंट लिए। ये दिखाता है कि यूपी की टीम अब पूरी तरह से एकजुट हो चुकी है।

परदीप नरवाल ने खेल नाउ के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान एशियन गेम्स में नहीं चुने जाने समेत कई चीजों को लेकर प्रतिक्रिया दी। आइए जानते हैं उन्होंने कहा कहा?

फाइनल में जाने की रहेगी कोशिश

यूपी योद्धा पीकेएल की एकमात्र ऐसी टीम है जिसने हर एक सीजन प्लेऑफ में जगह बनाई है। हालांकि टीम इससे आगे नहीं जा पाती है। यूपी की टीम लगातार प्लेऑफ में तो जाती है लेकिन फाइनल में नहीं जा पाती है लेकिन परदीप नरवाल के मुताबिक टीम इस बार जरूर फाइनल में जाने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा “अगर इस सीजन हम प्लेऑफ में पहुंचे तो कोशिश यही रहेगी कि फाइनल खेला जाए और केवल प्लेऑफ से ही बाहर ना हुआ जाए।”

1700 रेड प्वॉइंट पर हैं निगाहें

परदीप नरवाल की अगर बात करें तो वो पीकेएल इतिहास के सबसे सफल रेडर हैं। अभी तक उन्होंने 1600 के करीब प्वॉइंट हासिल किए हैं और उनकी निगाहें अपने इस रिकॉर्ड को बेहतर करने पर हैं। परदीप नरवाल ने इसको लेकर कहा “अभी तक ओवर ऑल मेरे 1500 से ज्यादा प्वॉइंट हैं और मेरी कोशिश यही रहेगी कि इस सीजन 1700 प्वॉइंट के आंकड़े को हासिल किया जाए।”

सुरेंदर गिल के साथ पार्टनरशिप

यूपी योद्धा की टीम में परदीप नरवाल के अलावा सुरेंदर गिल और विजय मलिक भी हैं। परदीप और सुरेंदर गिल की जोड़ी काफी शानदार है। इन दोनों ने रेडिंग में काफी अच्छा किया है और परदीप नरवाल भी इससे काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा “सुरेंदर गिल के साथ मेरी पार्टनरशिप काफी अच्छी है। वो बहुत अच्छे रेडर हैं और तीसरे रेडर जो टीम में आए हैं वो भी काफी बेहतरीन हैं। अगर हम तीनों एकजुट होकर खेले तो निश्चित तौर पर जीत हासिल करेंगे। अगर रेडर्स ने अच्छा किया तो डिफेंस भी अच्छा करेगा।”

जसवीर सिंह के साथ तालमेल

यूपी योद्धा के लिए जसवीर सिंह पिछले कुछ सीजन से कोचिंग कर रहे हैं और उनकी कोचिंग में टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। जसवीर सिंह की अगुवाई में कई ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जो निखरकर सामने आए हैं और उन्होंने बेहतरीन काम किया है। परदीप नरवाल भी कोच से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा “वो गुरु समान हैं और उनसे काफी कुछ सीखने को मिलता है। काफी बेहतरीन स्किल वो सिखाते हैं।”

एशियन गेम्स में चुने जाने की उम्मीद थी

परदीप नरवाल वर्ल्ड कबड्डी के दिग्गज रेडर्स में से एक हैं। हालांकि जब एशियन गेम्स के लिए इंडियन टीम का ऐलान हुआ था तो उसमें परदीप नरवाल का सेलेक्शन नहीं हुआ था। उनके फॉर्म की वजह से उन्हें नहीं चुना गया था। इसको लेकर परदीप नरवाल ने कहा “मुझे उम्मीद थी कि एशियन गेम्स में खेलने का मौका मिलेगा। हो सकता है कि मेरे अंदर कुछ कमी रही हो और इसी वजह से मेरा सेलेक्शन नहीं हो पाया। अब वर्ल्ड कप टीम में चुने जाने की कोशिश करुंगा।”

कप्तानी का नहीं है कोई दबाव

परदीप नरवाल पीकेएल के 10वें सीजन के दौरान यूपी योद्धा की कप्तानी कर रहे हैं और उनकी कप्तानी में टीम अच्छा भी कर रही है। अब उनके ऊपर दोहरी जिम्मेदारी है लेकिन वो दबाव में नहीं हैं। उन्होंने कहा “मैं अपने ऊपर कप्तानी का बिल्कुल भी दबाव नहीं ले रहा हूं। अगर टीम एकजुट होकर खेलेगी तो जीत मिलेगी।”

For more updates, follow Khel Now Kabaddi on FacebookTwitterInstagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.