PKL 10: अर्जुन देशवाल की चोट पर जयपुर पिंक पैंथर्स के कप्तान ने बड़ा अपडेट दिया

डिफेंडिंग चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स और बंगाल वॉरियर्स के बीच इस सीजन का पहला टाई मुकाबला देखने को मिला।
PKL 10 के अहमदाबाद लेग के आखिरी दिन हुआ पहला मैच शुरू से लेकर अंत तक रोमांच से भरा रहा। हाफ-टाइम तक पैंथर्स ने केवल चार अंकों की बढ़त बनाई हुई थी, लेकिन दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच एक-एक पॉइंट के लिए जद्दोजहद देखने को मिली। यही वजह रही कि मैच 28-28 के स्कोर के साथ टाई पर समाप्त हुआ।
जयपुर की ओर से खासतौर पर अंकुश राठी अच्छी लय में दिखाई दिए, जिन्होंने 2 बार सुपर टैकल करते हुए अपनी टीम को मुश्किल दौर से उबारा, लेकिन इस दौरान उनसे गलतियां भी हुईं। जयपुर की ओर से भवानी राजपूत ने जरूर सुपर-10 स्कोर किया, लेकिन इस लो-स्कोरिंग मैच में अर्जुन देशवाल और मनिंदर सिंह भी संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंगाल के कोच भासकरन कसीनाथन ने बताया कि उनकी रणनीति भवानी राजपूत के ऊपर काम नहीं कर पाई। दूसरी ओर जयपुर के कप्तान सुनील कुमार ने अर्जुन देशवाल की चोट को लेकर जानकारी दी है।
हमारी रणनीति भवानी राजपूत पर कारगर नहीं रही – भासकरन कसीनाथन
बंगाल वॉरियर्स के कोच भासकरन कसीनाथन ने कहा, “हमने काफी अच्छा प्लान बनाया था, लेकिन वो प्लान भवानी राजपूत के ऊपर नहीं चल पाया। हमारी टीम के जीतने के अधिक चांस थे, लेकिन हमारी रणनीति नहीं चल पाई इसलिए ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।”
श्रीकांत पॉइंट ले आते तो हम जीत जाते – मनिंदर सिंह
“जयपुर पिंक पैंथर्स गत चैंपियंस हैं और इस बार भी उनकी टीम बढ़िया है। हमारी टीम में काफी नए खिलाड़ी हैं और मैच में डिफेंस ने काफी अच्छा किया है, जिनमें खासतौर पर नितिन ने प्रभावित किया है। अगर अंतिम क्षणों में श्रीकांत पॉइंट लेकर आते तो हम जीत सकते थे।”
अर्जुन देशवाल की चोट को लेकर सुनील कुमार ने जानकारी दी
सुनील कुमार ने कहा, “अर्जुन देशवाल की चोट अधिक गंभीर नहीं है। हमारे पास भवानी राजपूत और अजीत भी थे, इसलिए हमने देशवाल से ज्यादा रेड नहीं करवाईं और वैसे भी अभी टूर्नामेंट शुरू ही हुआ है, अगले मैच में अर्जुन जरूर खेलेंगे। वहीं भवानी ने सब्स्टिट्यूट के रूप में अंदर आने के बाद अच्छा करके दिखाया है।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.