PKL 10: सुरेंदर गिल के सुपर 10 के बावजूद यूपी योद्धा के कोच ने जीत का श्रेय डिफेंस को दिया

यूपी योद्धा ने पहला मैच हारने के बाद लगातार दो मैचों में जीत हासिल किया।
PKL 10 में फैंस यूपी योद्धा और तेलुगू टाइटंस की टक्कर को देखने के लिए उत्साहित थे क्योंकि इसमें पवन सहरावत और परदीप नरवाल की टक्कर होने वाली थी। हालांकि परदीप और पवन ने एक रेडर के तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में टाइटंस को 48-33 के स्कोर से बड़ी हार झेलनी पड़ी।
यूपी की ओर से सुरेंदर गिल शानदार लय में दिखाई दिए, जिन्होंने कुल 14 पॉइंट्स अर्जित किए थे, लेकिन परदीप नरवाल सुपर-10 से एक अंक से चूक गए थे। वहीं पवन ने टाइटंस के लिए 11 पॉइंट्स अर्जित किए, लेकिन अन्य खिलाड़ियों का साथ ना मिलने से उनपर दबाव बढ़ता चला गया, शायद इसी कारण वो अंतिम समय में सुपर टैकल का शिकार भी बने थे। मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी योद्धा के सहायक कोच उपेंद्र मलिक ने अपनी जीत का श्रेय डिफेंस को दिया है। दूसरी ओर तेलुगू टाइटंस के कोच और कप्तान ने गलतियों से सबक लेकर अगले मैचों में अच्छा करने की उम्मीद जताई है।
जीत का श्रेय डिफेंस को जाता है – उपेंद्र मलिक
यूपी योद्धाज़ के सहायक कोच उपेंद्र मलिक ने कहा, “पवन सहरावत केवल तेलुगू टाइटंस के ही नहीं बल्कि पूरे भारत के टॉप रेडर्स में से एक हैं। हमारा ध्यान उन्हीं पर ज्यादा था क्योंकि वो किसी भी पल मैच का रुख बदलने की काबिलियत रखते हैं। हमारी ओर से एक या दो गलतियां मुकाबले का रुख बदल सकती थीं, लेकिन हमारे डिफेंस ने बहुत शानदार प्रदर्शन करके दिखाया है। हमने उसी टैकल की ओर हाथ आगे बढ़ाया जहां हमारे लिए खतरा कम था।
वहीं पवन के अलावा रजनीश पर भी हमने रोक लगाने में सफलता पाई। मैं रेडिंग में सुरेंदर गिल और परदीप नरवाल के प्रदर्शन से खुश हूं, लेकिन मैं इस मुकाबले में जीत का श्रेय डिफेंस को देना चाहूंगा।”
पवन के आउट होने से डिफेंस पर दबाव आ जाता है – श्रीनिवास रेड्डी
तेलुगू टाइटंस के कोच ने कहा, “पवन एक चैंपियन खिलाड़ी हैं और उनके आउट होने से डिफेंस पर बहुत दबाव बढ़ जाता है क्योंकि 18 में से हमारे पास 10 ऐसे खिलाड़ी हैं जो पहली बार Pro Kabaddi League में दिखाई दिए हैं। इस कारण हमें शायद अच्छा टीम कॉम्बिनेशन बनाने में मुश्किलें हो रही हैं।”
हम मैच का रुख पलट सकते थे – पवन सहरावत
“हम अभी केवल 3 मैचों के आधार पर पूरे टूर्नामेंट का अनुमान नहीं लगा सकते। अगर गौर किया जाए तो पिछले मैच की तुलना में हमारे डिफेंस ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन विपक्षी टीम भी अच्छी थी जिनके पास परदीप नरवाल, सुरेंदर गिल होने के अलावा उनका डिफेंस भी अच्छा है। आज मैंने भी 2 बार डाइव लगाई थी और उस समय केवल 4 पॉइंट्स का अंतर था, जहां से हम मैच का रुख अपनी ओर ला सकते थे, लेकिन अभी 3 ही मैच हुए हैं और अगले मैचों में जरूर बेहतर करके दिखाएंगे।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.