PKL 10: खिलाड़ियों का नजरिया भी टीम को फायदा दिला सकता है, पुनेरी पलटन के कोच ने जीत के बाद बांधे तारीफों के पुल

पुनेरी ने बंगाल वॉरियर्स को बड़े अंतर से हराकर जबरदस्त अंदाज में वापसी की।
PKL 10 के 25वें मैच में सबकी उम्मीद से उलट बंगाल वॉरियर्स को पुनेरी पलटन के खिलाफ एकतरफा हार झेलनी पड़ी है। अंक तालिका के टॉप पर चल रही बंगाल को पुणे के खिलाड़ियों ने पूरी तरह से ध्वस्त करते हुए 49-19 के स्कोर से हराया है। इसी के साथ पुणे पॉइंट टेबल में तीसरे नंबर पर आ गई है।
असल में बंगाल की ओर से ना कोई रेडर और ना ही कोई डिफेंडर चल पाया। दूसरी ओर पुणे की तरफ से असलम इनामदार और मोहित गोयत के रूप में 2 रेडर्स ने सुपर-10 स्कोर किए, वहीं मोहम्म्दरेजा शादलू और गौरव खत्री ने डिफेंस में हाई-5 स्कोर करते हुए बंगाल वॉरियर्स की कमर तोड़ दी थी। मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक तरफ पुणे के कोच और कप्तान ने जीत पर खुशी जताई, दूसरी ओर बंगाल के कोच ने अगले मैचों में अच्छा करने की उम्मीद जताई है।
कभी-कभी खिलाड़ी का नजरिया भी फायदा दिला सकता है – बीसी रमेश
पुनेरी पलटन के कोच बीसी रमेश ने टीम की तारीफ करते हुए कहा, “असलम इनामदार एक कप्तान के रूप मेंरेडर्स और डिफेंडर्स का भी उत्साह बढ़ाने का काम कर रहे हैं। असलम सबको परिस्थिति अनुसार उपयोग में ले रहे थे कि कब बोनस लेना है और कब समय व्यर्थ करना है और डू-ओर-डाई रेड पर क्या करना है। आज ना केवल असलम बल्कि शादलू और मोहित ने भी अपनी रणनीतियां सामने रखीं। 3 खिलाड़ी रह गए थे तब मोहित ने कहा कि मैं कोशिश करता हूं और रेड में उनकी कोशिश सफल भी रही। कभी-कभी खिलाड़ी का नजरिया भी टीम के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है।”
सबने एकसाथ मिलकर काम किया – मोहित गोयत
पुनेरी पलटन के मेन रेडर मोहित गोयत ने कहा, “हम सब एकसाथ मिलकर चल रहे थे। कोच ने बताया था कि सबको एक-दूसरे की बातें सुननी हैं तभी किसी रणनीति पर अमल करना है।”
हमारे रेडर्स के ना चलने के कारण पुणे का डिफेंस हावी होता चला गया – भासकरन कसीनाथन
बंगाल वॉरियर्स के कोच भासकरन कसीनाथन ने कहा, “हम मैच के लिए अच्छा प्लान तैयार करके गए थे, लेकिन रेडर्स पॉइंट लाने में सफल नहीं हुए और उनके ना चलने के कारण पुणे का डिफेंस हावी होता चला गया। हम दबाव में थे लेकिन फिर भी मैंने मनिंदर को खुलकर खेलने के लिए कहा, लेकिन पुणे की डिफेंसिव रणनीति बहुत आक्रामक थी।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.