PKL 10: अर्जुन अवॉर्ड विजेता पवन सहरावत ने जीत पर जताई खुशी, कंधे की चोट पर भी दिया बड़ा अपडेट

एक करीबी मुकाबले में हरियाणा स्टीलर्स को हराकर तेलुगू ने इस सीजन की अपनी पहली जीत हासिल की।
पीकेएल सीजन 10 (PKL 10) के 35वें मैच में हरियाणा स्टीलर्स की भिड़ंत तेलुगू टाइटंस से हुई, जिसमें दोनों टीमों के बीच एक-एक पॉइंट के लिए कांटेदार टक्कर देखने को मिली। कभी स्टीलर्स तो कभी टाइटंस आगे चल रहे थे, लेकिन अंत में टाइटंस ने 37-36 के स्कोर से दसवें सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की है।
टाइटंस की ओर से कप्तान पवन सहरावत ने सुपर-10 स्कोर किया, वहीं संदीप ढुल ने डिफेंस में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हाई-5 स्कोर किया। दूसरी ओर हरियाणा के रेडर्स ने भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन डिफेंस में कुछ गलतियां टीम पर भारी पड़ीं।मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेलुगू टाइटंस के कप्तान पवन सहरावत ने बताया कि उनकी कंधे की चोट की स्थिति क्या है। वहीं 3 बार सुपर टैकल होने को मनप्रीत सिंह ने हरियाणा स्टीलर्स की हार का कारण बताया है।
हमें टीम की अंदरूनी जद्दोजहद से निजात पाना होगा – श्रीनिवास रेड्डी
तेलुगू टाइटंस के कोच श्रीनिवास रेड्डी ने कहा ,”आलोचनाओं की बात करूं तो अपने पहचान वाले लोग अधिक आलोचनाएं करते हैं। मेरी पत्नी कमेंटेटर हैं और वो मुझसे पूछती हैं कि हमें लगातार हार क्यों मिल रही है। मैं टीम के अंदर चल रही जद्दोजहद से निजात पाऊंगा तभी बाहरी लोगों को जवाब दे पाऊंगा।”
अर्जुन अवॉर्ड मिलने से ज्यादा प्रोत्साहन मिला – पवन सहरावत
अर्जुन अवॉर्ड विजेता पवन सहरावत ने कहा, “हम चाहे तमिलनाडू में खेल रहे थे, लेकिन यहां के लोगों ने हमें पूरा समर्थन दिया जिसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। हां, अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने से मेरे आत्मविश्वास के स्तर में बढ़ोतरी हुई है और शायद इसी कारण मैं ज्यादा प्रोत्साहित महसूस कर रहा था।”
पवन सहरावत ने कंधे की चोट पर बड़ा अपडेट दिया
पवन सहरावत ने अपनी कंधे की चोट को लेकर कहा, “मैं पहले से कंधे की चोट से जूझ रहा हूं, मुझे यूपी योद्धाज़ के खिलाफ मैच में भी दिक्कत हो रही थी। मेरी चोट ज्यादा गंभीर नहीं है, लेकिन अंदरूनी सूजन जरूर आई है। मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई ज्यादा घबराने वाली बात है।”
3 बार सुपर टैकल का शिकार बनना हमारी हार का कारण बना – मनप्रीत सिंह
हरियाणा स्टीलर्स के कोच मनप्रीत सिंह ने कहा, “मुझे लगता है कि लेफ्ट साइड का हमारा डिफेंस उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया और हमारा मेन रेडर भी काफी ज्यादा बार टैकल हुआ था। हम काफी हद तक पवन सहरावत को रोकने में सफल रहे, लेकिन 3 सुपर टैकल होना हमारी टीम को बैकफुट पर ले आया था।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.