PKL 10: सोनू जागलान गुजरात जायंट्स के हीरो हैं, कप्तान फजल अत्राचली ने दिया बड़ा बयान

दोनों टीमों के बीच में आखिरी मिनट तक कांटे की टक्कर देखने को मिली।
गुजरात जायंट्स अभी तक प्रो कबड्डी लीग सीजन 10 (PKL 10) की सबसे मजबूत टीम के रूप में उभर कर सामने आई है। ये टीम खासतौर पर दूसरे हाफ में विपक्षी टीमों पर हावी होती दिखाई दी है और उन्होंने यू मुम्बा के साथ भी कुछ ऐसा ही किया है। सोनू ने लगातार तीसरे मैच में सुपर-10 स्कोर करते हुए गुजरात को शानदार जीत दिलाई है।
गुजरात की ओर से फजल अत्राचली और राकेश अच्छी लय में दिखाई दिए और दूसरी ओर यू मुम्बा की ओर से गुमान सिंह और आमिर मोहम्मद जफरदानेश के सुपर-10 भी टीम को हार से नहीं बचा पाए। एक समय पर दोनों टीमें 36-36 की बराबरी पर थीं, लेकिन अंतिम पलों में सोनू जागलान ने 3 अंकों की सुपर रेड लगाते हुए गुजरात की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी थी। अंत में गुजरात ने यू मुम्बा को 39-37 से हराने में सफलता पाई है।
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में राममेहर सिंह ने मैच के करीबी रहने का कारण बताया, दूसरी ओर गुजरात के कप्तान फज़ल अत्राचली ने सोनू जागलान को अपनी टीम का हीरो बताया है। इसके अलावा यू मुम्बा के कप्तान सुरिंदर सिंह ने भी अपनी टीम की हार के कारण का खुलासा किया है।
हमारा राइट कवर अच्छा नहीं कर पाया – राम मेहर सिंह
गुजरात जायंट्स के कोच राम मेहर सिंह ने मैच के बहुत करीबी होने का कारण बताते हुए कहा, “हमारा राइट कवर अच्छा नहीं कर पाया, इस कारण मैच इतना कांटेदार हुआ। मैंने बताया था कि पहला प्रयास फजल करेंगे, इसके बावजूद राइट कवर पर मौजूद सौरव गुलिया खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाए।”
सोनू गुजरात जायंट्स के हीरो हैं – फजल अत्राचली
फजल ने सोनू को गुजरात जायंट्स टीम का हीरो बताते हुए कहा, “सोनू गुजरात जायंट्स के हीरो हैं और पिछले 3 मैचों में उन्होंने नियमित रूप से सुपर रेड की हैं और एक गेम चेंजर के रूप में उभर कर सामने आए हैं। वो बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और इस मैच में राकेश भी अच्छा खेले हैं। हमारे पास सोनू, राकेश, प्रतीक, रोहित और नबीबक्श के रूप में अच्छे खिलाड़ी हैं इसलिए हमारी टीम काफी संतुलित नजर आ रही है। सोनू ने निःसंदेह 3 मैचों में अच्छा किया है, लेकिन हमारे पास कई अन्य अच्छे रेडर्स भी हैं।”
डिफेंस से काफी गलतियां हुई – सुरिंदर सिंह
सुरिंदर सिंह ने कहा, “हमने प्लान बनाया था कि हमें ज्यादा आक्रामकता ना दिखाते हुए प्लान के हिसाब से खेलना है, लेकिन डिफेंस में गलती होने से मैच हमारे हाथ से चला गया। प्रणय राणे ने मौका मिलने पर अच्छा किया और अन्य रेडर्स ने भी शानदार प्रदर्शन किया, मगर डिफेंस के अच्छा ना करने से मैच हार गए। इस हार से सबक लेकर हम अगले मैच में इस तरह की गलतियों से बचना चाहेंगे। मुझे फज़ल अत्राचली के खिलाफ एडवांस टैकल के लिए नहीं जाना चाहिए था। हाफ टाइम के बाद हमें डिफेंस में कंट्रोल दिखाना था, लेकिन कुछ ज्यादा ही आक्रामक होते चले गए।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.