PKL 10: पुनेरी पलटन vs हरियाणा स्टीलर्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन, मुफ्त में मैच कहां और कैसे देखें

रेडर्स और डिफेंडर्स की रोचक जंग इस मैच में देखने को मिल सकती है।
प्रो कबड्डी लीग सीजन 10 (PKL 10) में गुरुवार को दूसरा मैच पुनेरी पलटन और हरियाणा स्टीलर्स के बीच खेला जाएगा। पुनेरी पलटन ने अभी तक इस सीजन कुल मिलाकर दो मैच खेले हैं और दोनों ही मैचों में उन्होंने जीत हासिल की है। टीम इस वक्त प्वॉइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर है। टीम की कोशिश रहेगी कि लगातार तीसरा मैच जीतकर अपने विनिंग मोमेंटम को बरकरार रखा जाए।
वहीं दूसरी तरफ हरियाणा स्टीलर्स की अगर बात करें तो उन्होंने भी अभी तक कुल मिलाकर तीन मैच खेले हैं, जिनमें से उन्हें दो मैचों में जीत मिली है और एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। अंक तालिका में इस वक्त हरियाणा की टीम छठे पायदान पर है। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।
PKL 10: पुनेरी पलटन का स्क्वाड
पुनेरी पलटन ने अपने पिछले मैच में यू-मुम्बा को बुरी तरह हराया था और इसी वजह से वो भी आत्मविश्वास से ओत-प्रोत होंगे। अच्छी बात ये है कि पुनेरी पलटन की टीम केवल असलम ईनामदार पर ही डिपेंड नहीं है। पिछले मैच में वो नहीं चले थे तो मोहित गोयत ने सुपर-10 लगाकर टीम को जीत दिला दी थी। वहीं पंकज मोहिते ने भी अच्छा योगदान दिया था। डिफेंस में मोहम्मदरेजा चियानेह टीम की अगुवाई कर रहे हैं। उन्होंने अभी तक फजल अत्राचली की कमी नहीं खलने दी है। कुल मिलाकर अभी तक दोनों ही मैचों में पुनेरी पलटन ने एक ईकाई के तौर पर खेला है।
पुनेरी पलटन की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
असलम ईनामदार, अबिनेश नादराजन, संकेत सावंत, पंकज मोहिते, मोहित गोयत, गौरव खत्री और मोहम्मदरेजा चियानेह।
PKL 10: हरियाणा स्टीलर्स का स्क्वाड
हरियाणा स्टीलर्स ने अपने पिछले मैच में दबंग दिल्ली के खिलाफ जीत हासिल की थी और उन्होंने करीबी मुकाबले में दिल्ली को हराया था। ऐसे में हरियाणा की टीम का कॉन्फिडेंस काफी बढ़ गया होगा। अच्छी बात ये है कि सिद्धार्थ देसाई अपने पूरे रंग में आ चुके हैं और पिछले मैच में सुपर-10 लगाया था। उनका चलना टीम के लिए काफी ज्यादा जरूरी है। विनय और आशीष ने भी उनको काफी अच्छी तरह से सपोर्ट दिया था। हालांकि हरियाणा की टीम को डिफेंस में थोड़ी दिक्कतें जरूर हैं। राहुल सेतपाल और जयदीप दहिया का ना चलना चिंता का विषय है। कोच मनप्रीत सिंह को इस पर ध्यान देना होगा।
हरियाणा स्टीलर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
सिद्धार्थ देसाई, जयदीप दहिया, मोहित नांदल, विनय, आशीष, राहुल सेतपाल और मोहित।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
हरियाणा स्टीलर्स की टीम सिद्धार्थ देसाई और जयदीप दहिया से काफी ज्यादा उम्मीद करेगी। सिद्धार्थ देसाई ने जिस तरह से पिछले मैच में खेल दिखाया था, वो अपने उसी मोमेंटम को बरकरार रखना चाहेंगे। वहीं पुनेरी पलटन की टीम में सारी निगाहें मोहम्मदरेजा शादलू, असलम ईनामदार और मोहित गोयत पर होंगी।
सफलता का मंत्र
पुनेरी पलटन की जीत के लिए जरूरी है कि रेडिंग में पंकज मोहिते भी मोहित गोयत और असलम ईनामदार जैसा ही परफॉर्मेंस दें। अगर उन्होंने ऐसा कर दिया तो फिर पुनेरी पलटन की टीम काफी खतरनाक हो जाएगी। वहीं हरियाणा स्टीलर्स के लिए जरूरी है कि डिफेंस में कप्तान जयदीप दहिया प्वॉइंट लेकर आएं, क्योंकि अगर वो एक छोर से ढीले पड़ गए तो फिर टीम का डिफेंस ढह सकता है।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
पुनेरी पलटन और हरियाणा स्टीलर्स के बीच अभी तक जितने भी मुकाबले खेले गए हैं, उनमें पलटन की टीम का पलड़ा पूरी तरह से भारी रहा है। पुनेरी पलटन और हरियाणा ने आपस में 12 मैच एक दूसरे से खेले हैं और इस दौरान सात मैचों में पुनेरी पलटन ने जीत हासिल की है और हरियाणा स्टीलर्स को चार मुकाबलों में जीत मिली है। एक मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ है। ऐसे में पुनेरी पलटन का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है।
क्या आप जानते हैं?
पुनेरी पलटन की टीम पिछले सीजन पहली बार फाइनल में पहुंची थी। इससे पहले वो कभी भी पीकेएल का फाइनल नहीं खेले थे। वहीं हरियाणा स्टीलर्स ने अभी तक एक बार भी फाइनल में जगह नहीं बनाई है।
पुनेरी पलटन vs हरियाणा स्टीलर्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.