PKL 10: तमिल थलाइवाज vs पटना पाइरेट्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन, मुफ्त में मैच कहां और कैसे देखें

थलाइवाज की टीम होम लेग में जीत के साथ आगाज करना चाहेगी।
पीकेएल के 10वें सीजन (PKL 10) का कारवां अब चेन्नई पहुंच गया है और तमिल थलाइवाज की टीम अपने होम ग्राउंड में तीन बार की चैंपियन पटना पाइरेट्स का सामना करेगी। तमिल थलाइवाज के लिए ये सीजन अभी तक मिला-जुला रहा है। उन्होंने चार मैच खेले हैं, जिसमें से दो मैच में जीत हासिल की है और दो मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि अब वो अपने होम ग्राउंड में खेलेंगे और ऐसे में टीम चाहेगी कि घरेलू फैंस के सामने जीत हासिल की जाए। थलाइवाज की टीम ऐसे में काफी खतरनाक हो सकती है।
वहीं पटना पाइरेट्स की अगर बात करें तो उनकी स्थिति भी कुछ अच्छी नहीं है। टीम ने पांच मैच खेले हैं, जिसमें से दो मैच में उन्हें जीत मिली है और तीन मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। टीम लगातार तीन मुकाबले हार चुकी है और ऐसे में अब उनके सामने कमबैक की बड़ी चुनौती है। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।
PKL 10: तमिल थलाइवाज का स्क्वाड
तमिल थलाइवाज को अपने पिछले मैच में यू-मुम्बा के खिलाफ करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। टीम के लिए चिंता की बात ये है कि ना तो रेडर्स और ना ही डिफेंडर्स एकजुट होकर खेल पा रहे हैं। डिफेंस में और रेडिंग में सिर्फ एक या दो प्लेयर ही परफॉर्म कर रहे हैं। अजिंक्य पंवार किसी मैच में काफी अच्छा करते हैं तो किसी मुकाबले में पूरी तरह फ्लॉप रहते हैं। डिफेंस में भी अगर बात करें तो मोहित और एम अभिषेक उस तरह का सपोर्ट नहीं दे पा रहे हैं, जिसकी जरूरत टीम को है। ऐसे में टीम को एक अलग रणनीति के साथ मैदान में उतरना होगा। पटना से उन्हें काफी कड़ी चुनौती मिल सकती है।
तमिल थलाइवाज की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
नरेंद्र, एम अभिषेक, मोहित, अजिंक्य पंवार, हिमांशु, सागर और साहिल गूलिया।
PKL 10: पटना पाइरेट्स का स्क्वाड
पटना पाइरेट्स ने अपने सीजन का आगाज काफी जबरदस्त तरीके से किया था और लगातार दो मैच जीते थे लेकिन अब वो हार की हैट्रिक लगा चुके हैं। टीम ने स्टार्टिंग सेवन में बदलाव भी किया है लेकिन इसके बावजूद उनको सफलता नहीं मिल रही है। मंजीत दहिया से इस सीजन जितन उम्मीदें थीं, वैसा परफॉर्मेंस वो नहीं कर पाए हैं। सचिन ऐसा लगता है कि रेडिंग में अकेले पड़ जा रहे हैं। दूसरी तरफ टीम का डिफेंस में भी परफॉर्मेंस उतना अच्छा नहीं रहा है। नीरज कुमार को उतना ज्यादा सपोर्ट नहीं मिल पा रहा है।
पटना पाइरेट्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
सचिन, नीरज कुमार, साजिन सी, एम सुधार, मंजीत, कृष्णन और अंकित।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
तमिल थलाइवाज की अगर बात करें तो उनकी उम्मीदें साहिल गूलिया, नरेंद्रल कंडोला और अजिंक्य पंवार से काफी ज्यादा होंगी। जब तक ये खिलाड़ी बेहतर नहीं करेंगे, टीम को सफलता नहीं मिलेगी। वहीं पटना पाइरेट्स की निगाहें सचिन और नीरज कुमार के अलावा मंजीत दहिया के ऊपर भी होंगी।
सफलता का मंत्र
पटना को अगर जीत हासिल करनी है तो रेडिंग डिपार्टमेंट में सचिन तंवर को सपोर्ट मिलना काफी ज्यादा जरूरी है और इसके लिए मंजीत को जबरदस्त खेल दिखाना होगा। इसके अलावा उनके डिफेंस को भी प्वॉइंट लीक करने से बचना होगा। वहीं तमिल थलाइवाज के लिए जरूरी है कि रेडिंग में अजिंक्य पंवार भी प्वॉइंट लेकर आएं। जब तक वो अच्छा नहीं करेंगे नरेंद्र कंडोला एक छोर से ज्यादा कुछ नहीं कर पाएंगे।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
तमिल थलाइवाज और पटना पाइरेट्स के बीच हुए मुकाबलों में अभी तक पटना पाइरेट्स का पलड़ा पूरी तरह से भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल 12 मैच खेले गए हैं जिसमें से 6 मैच में पटना पाइरेट्स को जीत मिली है और सिर्फ तीन ही मैच में तमिल थलाइवाज की टीम जीत हासिल कर पाई है। वहीं दोनों ही टीमों के बीच तीन मुकाबले अभी तक टाई रहे हैं। इससे पता चलता है कि हेड टू हेड मैचों में पटना की टीम आगे रही है। हालांकि तमिल थलाइवाज इस बार वापसी कर सकते हैं।
क्या आप जानते हैं?
तमिल थलाइवाज पिछले सीजन पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचे थे। इससे पहले टीम कभी भी सेमीफाइनल में नहीं जा पाई थी लेकिन पिछली बार टीम ने ये कारनामा किया था।
पटना पाइरेट्स vs तमिल थलाइवाज के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.