Khel Now logo
HomeSportsIPL 2025Live Score

क्रिकेट न्यूज

टॉप 10 बल्लेबाज जिन्होंने U19 World Cup में लगाए हैं सबसे ज्यादा शतक

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :January 30, 2024 at 7:04 PM
Modified at :January 30, 2024 at 7:07 PM
Post Featured

इस सूची के टॉप पर भारतीय बल्लेबाज मौजूद है।

अंडर 19 विश्व कप (U19 World Cup) की शुरुआत 1988 में हुई थी, लेकिन तब इसे यूथ क्रिकेट वर्ल्ड कप के नाम से जाना जाता था। साल 1998 में इसका नाम बदलकर आईसीसी अंडर-19 विश्व कप कर दिया गया और तब से हर 2 सालों बाद यह टूर्नामेंट खेला जाता है। इस टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ी आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं।

आईसीसी अंडर 19 विश्व कप 2024 में बांग्लादेश अंडर-19 टीम के अरीफुल इस्लाम ने हाल ही में यूएसए अंडर-19 के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली और अंडर-19 विश्व कप इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। यहां पर हम आपको उन खिलाड़ियों के बारे में बताएंगे, जिन्होंने आईसीसी U19 World Cup इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाए हैं।

इन बल्लेबाजों के नाम U19 World Cup में सबसे ज्यादा शतक हैं:

10. एलिक अथानजे (वेस्टइंडीज अंडर-19) – 2 शतक:

वर्तमान समय में वेस्टइंडीज की सीनियर टीम का हिस्सा बन चुके एलिक अथानजे 2018 के आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में वेस्टइंडीज की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने अपने अंडर-19 विश्व कप करियर में कुल 6 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 418 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक भी निकले थे।

9. लैंडल सिमंस (वेस्टइंडीज अंडर-19) – 2 शतक:

वेस्टइंडीज के पूर्व सलामी बल्लेबाज 2002 और 2004 के आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में वेस्टइंडीज की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने अपने अंडर-19 विश्व कप करियर में कुल 15 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 441 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक भी निकले थे।

8. ब्रेट विलियम्स (ऑस्ट्रेलिया यूथ क्रिकेट टीम) – 2 शतक:

ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट विलियम्स ने 1988 के पहले आईसीसी अंडर-19 विश्व कप संस्करण (यूथ क्रिकेट विश्व कप 1988) में ऑस्ट्रेलिया यूथ क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने उस टूर्नामेंट में कुल 9 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 471 रन बनाए थे। वह उस संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी थे। विलियम्स ने उस टूर्नामेंट में 2 शतक लगाए थे।

7. डेवाल्ड ब्रेविस (दक्षिण अफ्रीका अंडर-19) – 2 शतक:

बेबी एबी के नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने 2022 के अंडर-19 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। वह उस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी थे। ब्रेविस ने अपने अंडर-19 विश्व कप करियर में कुल 6 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 506 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक निकले थे।

6. अनामुल हक (बांग्लादेश अंडर-19) – 2 शतक:

बांग्लादेश के अनामुल हक 2010 और 2012 के आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में बांग्लादेश की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने अपने अंडर-19 विश्व कप करियर में कुल 12 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 519 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक भी निकले थे।

5. बाबर आजम (पाकिस्तान अंडर-19) – 2 शतक:

पाकिस्तान सीनियर टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने 2016 और 2018 के आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में पाकिस्तान की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। वह आईसीसी अंडर-19 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर भी आते हैं। आज़म ने अपने अंडर-19 विश्व कप करियर में कुल 12 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 585 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 2 शतक भी जड़े थे।

4. ऑयन मॉर्गन (आयरलैंड अंडर-19) – 2 शतक:

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ऑयन मॉर्गन ने 2004 और 2006 के आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में आयरलैंड की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने अपने अंडर-19 विश्व कप करियर में कुल 13 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 606 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक भी निकले थे। बता दें कि, मॉर्गन अंडर-19 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।

नोट: उपर्युक्त खिलाड़ियों के अलावा, इंग्लैंड अंडर-19 के एलेस्टेयर कुक, पाकिस्तान अंडर-19 के हसीबुल्लाह खान, दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 के ऐडन मार्कराम, जिम्बाब्वे अंडर-19 के इमैनुएल बावा, दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 के रेनार्ड वान टैंडर, ज़िम्बाब्वे अंडर-19 के ब्रेंडन टेलर और श्रीलंका अंडर-19 के हसिथा बोयागोडा 2-2 शतक जड़ चुके हैं।

3. अरीफुल इस्लाम (बांग्लादेश अंडर-19) – 3 शतक:

बांग्लादेश के अरीफुल इस्लाम ने अंडर-19 विश्व कप 2022 में बांग्लादेश की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था और वह 2024 के भी टूर्नामेंट में खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। 27 जनवरी 2024 तक उन्होंने कुल 9 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 7 पारियों में उन्होंने 3 शतकों की मदद से 372 रन बनाए हैं।

2. जैक बर्नहम (इंग्लैंड अंडर-19) – 3 शतक:

इंग्लैंड के मध्य क्रम बल्लेबाज जैक बर्नहम ने 2016 के अंडर-19 विश्व कप में इंग्लैंड अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उस टूर्नामेंट में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 6 मैचों में कुल 420 रन बनाए थे, जिसमें 3 शतक शामिल थे। चौंकाने वाली बात यह है कि वर्तमान समय में 27 साल के हो चुके बर्नहम को अभी तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला है।

1. शिखर धवन (भारत अंडर-19) – 3 शतक:

बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अंडर-19 विश्व कप 2004 में अंबाती रायडू की कप्तानी वाली भारतीय अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। वह उस संस्करण में 7 मैचों में 505 रनों के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उस टूर्नामेंट में धवन ने कुल 3 शतक लगाए थे।

For more updates, follow Khel Now Cricket on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Neetish Kumar Mishra
Neetish Kumar Mishra

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.

Latest News
Advertisement