Khel Now logo
HomeSportsIPL 2025Live Score

क्रिकेट न्यूज

टॉप 10 बल्लेबाज जिन्होंने U19 World Cup के एक संस्करण में बनाए हैं सबसे ज्यादा रन

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :January 20, 2024 at 7:14 PM
Modified at :January 20, 2024 at 7:14 PM
Post Featured

अंडर 19 विश्व कप के एक संस्करण में केवल दो बल्लेबाजों ने 500 से ज्यादा रन बनाए हैं।

आईसीसी अंडर-19 विश्व कप (U19 World Cup) युवाओं को बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक मंच प्रदान करता है। अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे चलकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। इस टूर्नामेंट ने क्रिकेट जगत को रोहित शर्मा, शिखर धवन, युवराज सिंह, केन विलियमसन, विराट कोहली, माइक एथरटन, स्टीव स्मिथ, टिम साउदी जैसे कई बेहतरीन खिलाड़ियों को जन्म दिया है। आईसीसी अंडर-19 विश्व कप का पहला संस्करण 1988 में ऑस्ट्रेलिया में खेला गया था और उस टूर्नामेंट में मेजबान टीम ने आसान जीत हासिल की थी।

अंडर-19 विश्व कप के इतिहास पर नजर डालें तो उसमें भारत का दबदबा काफी अधिक रहा है। पिछले दशक में हुए टूर्नामेंट पर नजर डालें तो भारतीय अंडर-19 टीम पांच बार फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही है। खिताबी जीत के अलावा भारत के 2 बल्लेबाज अंडर-19 विश्व कप टूर्नामेंट के एक संस्करण में सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप 10 बल्लेबाजों की सूची में भी शामिल हैं। नीचे हम आपको आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं।

इन बल्लेबाजों ने U19 World Cup के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं:

10. क्रेग सिमंस (ऑस्ट्रेलिया) – 399 रन, अंडर-19 विश्व कप 2002:

ऑस्ट्रेलिया के क्रेग सिमंस 2002 में न्यूजीलैंड में खेले गए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने उस संस्करण में 7 पारियों में 399 रन बनाए थे और उनकी टीम ने उस संस्करण में खिताब भी जीता था।

सिमंस ने उस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के पहले मैच में केन्या अंडर-19 के खिलाफ 155 रन की एक बड़ी पारी भी खेली थी। हालांकि, क्रेग सिमंस को कभी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मौका नहीं मिल सका। हालांकि, घरेलू स्तर पर उन्होंने 7 फर्स्ट-क्लास, 22 लिस्ट-ए एवं 29 टी20 मैच खेले थे।

9. यशस्वी जायसवाल (भारत) – 400 रन, अंडर-19 विश्व कप 2020:

Yashasvi Jaiswal
Yashasvi Jaiswal. (Image Source: Twitter)

वर्तमान समय में टेस्ट और टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 2020 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित हुए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा थे। उस टूर्नामेंट में जायसवाल ने 6 पारियों में 133.33 की शानदार औसत से 400 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल थे। हालांकि, उस सीजन भारत अंडर-19 को बांग्लादेश अंडर-19 के खिलाफ फाइनल में हार झेलनी पड़ी थी।

जायसवाल ने 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। साथ ही साथ, उन्होंने उसी दौरे पर अपना टी20 अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू भी किया। इसके अलावा, वह 2020 से लगातार आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं।

8. शादमान इस्लाम (बांग्लादेश) – 406 रन, अंडर-19 विश्व कप 2014:

बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2014 में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने शुरुआती मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 126 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को यादगार जीत भी दिलाई थी।

शादमान ने उस टूर्नामेंट में 6 पारियों में 406 रन बनाए थे और उस टूर्नामेंट के सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। इसके बाद शादमान इस्लाम को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट भी खेलने का मौका मिला। वह अब तक बांग्लादेश के लिए 13 टेस्ट मैच खेल चुके हैं।

7. एलिक अथानाजे (वेस्टइंडीज) – 418 रन, अंडर19 विश्व कप 2018:

Alick Athanaze
Alick Athanaze. (Image Source: Twitter)

एलिक अथानाज़े ने आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2018 में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया था और उस टूर्नामेंट के सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 6 पारियों में 104.50 की औसत से 418 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल थे। अथानाजे को 2023 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। उन्होंने उस साल भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू और यूएई के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था।

6. जैक बर्नहैम (इंग्लैंड) – 420 रन, अंडर-19 विश्व कप 2016:

Jack Burnham
Jack Burnham. (Image Source: Twitter)

दाएं हाथ के मध्यक्रम के बल्लेबाज जैक बर्नहैम ने अंडर-19 विश्व कप 2016 संस्करण को सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। इंग्लैंड के जैक बर्नहैम ने उस टूर्नामेंट में 6 पारियों में 420 रन बनाए थे, जिसमें 3 शतक शामिल थे। जैक बर्नहैम को अभी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला है। हालांकि, वह इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में डरहम का प्रतिनिधित्व करते हैं।

5. डोनोवन पैगॉन (वेस्टइंडीज) – 421 रन, अंडर-19 विश्व कप 2002:

दाएं हाथ के बल्लेबाज डोनोवन पैगॉन न्यूजीलैंड में खेले गए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2002 के सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 7 पारियों में 421 रन बनाए थे, जिसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल थे।। पैगॉन ने अपने शुरुआती मैच में स्कॉटलैंड के खिलाफ 176 रनों की एक बड़ी पारी भी खेली थी। उन्हें 2005 में टेस्ट डेब्यू करने का भी मौका मिला था। हालांकि वह सिर्फ 2 टेस्ट मैच ही खेल सके। लेकिन फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 59 मैच खेले।

4. कैमरून व्हाइट (ऑस्ट्रेलिया) – 423 रन, अंडर 19 विश्व कप 2002:

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून व्हाइट आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2002 में ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के कप्तान थे। कैमरून व्हाइट 8 पारियों में 423 रन के साथ टूर्नामेंट के सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे, जिसमें एक शतक और 2 अर्धशतक शामिल थे। कैमरून व्हाइट ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 4 टेस्ट, 91 वनडे और 47 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे।

3. ब्रेट विलियम्स (ऑस्ट्रेलिया) – 471 रन, अंडर 19 विश्व कप 1988:

ब्रेट विलियम्स 1988 में आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के पहले संस्करण में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने नौ पारियों में 471 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल थे।

2. शिखर धवन (भारत) – 505 रन, अंडर 19 विश्व कप 2004:

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन बांग्लादेश में खेले गए अंडर-19 विश्व कप 2004 में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। शिखर धवन ने 7 पारियों में 84.16 की औसत से 505 रन बनाए थे, जिसमें 3 शतक शामिल थे। बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अब तक 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में भारत की सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

1. डेवाल्ड ब्रेविस (दक्षिण अफ्रीका) – 506 रन, अंडर 19 विश्व कप 2022:

Dewald Brevis
Dewald Brevis. (Image Source: Twitter)

अंडर-19 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड डेवाल्ड ब्रेविस के नाम दर्ज है। वेस्टइंडीज में खेले गए अंडर-19 विश्व कप 2022 में ब्रेविस ने 506 रन बनाए थे। बता दें कि, डेवाल्ड ब्रेविस 2023 में दक्षिण अफ्रीका के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू भी कर चुके हैं। इसके अलावा, वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस का भी प्रतिनिधित्व करते हैं।

For more updates, follow Khel Now Cricket on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Neetish Kumar Mishra
Neetish Kumar Mishra

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.

Latest News
Advertisement