अंडर 19 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज

इस सूची में दो भारतीय खिलाड़ी शामिल है।
आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप युवा खिलाड़ियों को अधिक दर्शकों और बेहतरीन प्रतिद्वंदियों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का एक मंच प्रदान करता है। 1988 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट को पहले यूथ क्रिकेट विश्व कप के नाम से जाना जाता था, लेकिन 1998 से इसे अंडर-19 विश्व कप के नाम से जाना जाने लगा। अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करके कई सारे खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय करते हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग छाप छोड़ने वाले विराट कोहली, बाबर आजम, केन विलियमसन, रोहित शर्मा और ऑयन मॉर्गन जैसे कई सारे बल्लेबाजों ने अंडर 19 विश्व कप खेलने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अपनी राष्ट्रीय टीम की ओर से खेल और उन्होंने अपनी एक अलग पहचान कायम की। यहां पर हम आपको अंडर 19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।
इन बल्लेबाजों ने अंडर 19 वर्ल्ड कप के इतिहास में बनाए हैं सबसे ज्यादा रन:
10. ब्रेट विलियम्स (ऑस्ट्रेलिया यूथ क्रिकेट टीम) – 471 रन:
ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट विलियम्स ने 1988 में ऑस्ट्रेलिया यूथ क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उस समय अंडर-19 विश्व कप को यूथ क्रिकेट विश्व कप के नाम से जाना जाता था। विलियम्स ने उस टूर्नामेंट में 9 मैचों में 471 रन बनाकर अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने एवं पहले संस्करण में चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने उस टूर्नामेंट में 2 शतक और 3 अर्धशतक भी जड़े थे।
नोट: ब्रेट विलियम्स के अलावा ऑस्ट्रेलिया के ही शॉन मार्श ने 2000 और 2002 के अंडर-19 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 15 मैचों में 471 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और 3 अर्धशतक शामिल था।
9. शिखर धवन (भारत अंडर-19)- 505 रन:
आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में भारत के बाए हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन 9वें स्थान पर आते हैं। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप 2004 में भारतीय अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 7 मुकाबले में 505 रन बनाए थे, जिसमें 3 शतक और 1 अर्धशतक भी शामिल थे। शिखर धवन भारत के लिए लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट भी खेल चुके हैं।
8. डेवाल्ड ब्रेविस (दक्षिण अफ्रीका अंडर-19)- 506 रन:
दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर डेवाल्ड ब्रेविस को बेबी एबी के नाम से भी जाना जाता है। उनके नाम आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के एक संस्करण में सबसे अधिक छक्के लगाने का भी रिकॉर्ड दर्ज है। ब्रेविस ने अंडर-19 विश्व कप 2022 में दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मात्र 6 मुकाबलों में 506 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक भी शामिल थे। उन्हें 2023 में दक्षिण अफ्रीका की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का भी मौका मिल चुका है।
7. अनामुल हक (बांग्लादेश अंडर-19) – 512 रन:
बांग्लादेश के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज अनामुल हक़ ने 2010 और 2012 के अंडर-19 विश्व कप में बांग्लादेश की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। हक़ ने अपने अंडर-19 विश्व कप करियर में कुल 12 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक की मदद से 512 रन बनाए थे।
6. कनिष्का चौगाई (नेपाल अंडर-19) – 537 रन:
नेपाल के कनिष्का चौगाई ने 2002, 2004 और 2006 में यानी 3 बार अंडर-19 विश्व कप खेला था। उन्होंने इस दौरान कुल 20 मुकाबलों में नेपाल की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें उन्होंने 3 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से कुल 537 रन बनाए।
5. फिन ऐलन (न्यूजीलैंड अंडर-19) – 548 रन:
वर्तमान समय में न्यूजीलैंड की लिमिटेड ओवर टीम के सलामी बल्लेबाज फिन ऐलन 2016 और 2018 में अंडर-19 विश्व कप में न्यूजीलैंड की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने अपने अंडर-19 विश्व कप करियर में कुल 12 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 1 शतक और 3 अर्धशतकों की मदद से 548 रन बनाए थे।
4. क्रेग ब्रैथवेट (वेस्टइंडीज अंडर-19) – 548 रन:
वर्तमान समय में वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट 2010 और 2012 में अंडर-19 विश्व कप में वेस्टइंडीज की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने अपने अंडर-19 विश्व कप करियर में कुल 12 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 6 अर्धशतकों की मदद से 548 रन बनाए थे।
3. सरफराज खान (भारत अंडर-19) – 566 रन:
भारत के सरफराज खान ने 2014 और 2016 में यानी 2 बार अंडर-19 विश्व कप में भारतीय अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। इस दौरान उन्होंने कुल 12 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 7 अर्धशतकों की मदद से 566 रन बनाए थे। घरेलू क्रिकेट में मुम्बई की ओर से एवं इंडिया ए की ओर से लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद सरफराज को अब तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है।
2. बाबर आजम (पाकिस्तान अंडर-19) – 585 रन:
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम को इस दशक के सबसे अच्छे बल्लेबाजों में से एक माना जाता है। वह 2010 और 2012 के अंडर-19 विश्व कप में पाकिस्तान अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। बाबर ने अपने अंडर-19 विश्व कप करियर में कुल 12 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने 2 शतकों और 3 अर्धशतकों की मदद से 585 रन बनाए थे।
1. ऑयन मॉर्गन (आयरलैंड अंडर-19) – 606 रन:
इंग्लैंड को अपनी कप्तानी में विश्व कप 2019 चैंपियन बनाने वाले पूर्व कप्तान ऑयन मॉर्गन ने आयरलैंड की ओर से अंडर-19 विश्व कप खेला था। इतना ही नहीं, उन्होंने आयरलैंड की ओर से ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू भी किया था और फिर इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़े थे। मॉर्गन के नाम अंडर-19 विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने 2004 और 2006 के अंडर-19 विश्व कप में कुल मिलाकर 13 मुकाबले खेले थे और 2 शतकों और 3 अर्धशतकों की मदद से 606 रन बनाए थे।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.