PKL 10: जयपुर पिंक पैंथर्स की बड़ी जीत के पीछे क्या था राज? कप्तान सुनील कुमार ने किया खुलासा

बंगाल वॉरियर्स को जयुपर के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।
PKL 10 के 84वें मैच में जयपुर पिंक पैंथर्स ने बंगाल वॉरियर्स को एकतरफा अंदाज में 42-25 से हराया है। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन दूसरे हाफ में पूरी तरह जयपुर का दबदबा रहा। अर्जुन देशवाल ने सुपर-10 स्कोर किया, जिन्हें भवानी राजपूत से भी अच्छा साथ मिला। वहीं अंकुश राठी ने शानदार डिफेंस दिखाते हुए विपक्षी रेडरों की मुश्किलें बढ़ाईं। दूसरी ओर बंगाल के रेडर्स कुछ खास अच्छा नहीं कर पाए और डिफेंस से भी कई गलतियां हुई।
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुनील कुमार ने जयपुर पिंक पैंथर्स की जीत के राज पर से पर्दा उठाया। वहीं भासकरन कसीनाथन ने बताया कि उनकी टीम से कहां चूक रह गई।
क्या रहा जयपुर पिंक पैंथर्स की बड़ी जीत का राज?
जयपुर पिंक पैंथर्स के कप्तान सुनील कुमार ने कहा, “हाफ टाइम से पहले दोनों टीम 5 के डिफेंस में खेलना चाह रही थीं। दोनों टीमों के रेडर अच्छा नहीं कर पा रहे थे। हाफ टाइम के बाद अर्जुन देशवाल ने अच्छा प्रदर्शन किया और उसके बाद हमें काफी अच्छी बढ़त मिल चुकी थी। वहीं साहुल और अंकुश ने अच्छा डिफेंस किया, जिससे हम बड़े अंतर से जीत दर्ज कर पाए।”
पूरा वीडियो यहां देखें:
मनिंदर सिंह को रोकना आसान नहीं – सुनील कुमार
सुनील कुमार ने कहा, “मनिंदर सिंह को रोकना बिल्कुल भी आसान नहीं है। हाफ टाइम के बाद एक मौके पर मैट पर अर्जुन देशवाल अकेले रेडर थे और हम 6 डिफेंडर्स खेल रहे थे। हमने असल में मनिंदर सिंह को रोकने के लिए ही 5 डिफेंडर्स को खिलाया था।”
भवानी राजपूत के रेड के बाद हमारी लय बिगड़ी – भासकरन कसीनाथन
बंगाल वॉरियर्स के कोच भासकरन कसीनाथन ने कहा, “पहले हाफ में दोनों टीम अच्छा खेलीं, लेकिन जब भवानी राजपूत बोनस के साथ एक पॉइंट लेकर गए, वहां से हमारी लय बिगड़ती चली गई। वहीं हमारे रेडरों पर भी दबाव आ गया था क्योंकि उन्हें लीड को कवर करना था। हमें ऑल-आउट का मौका भी मिला था, लेकिन मैच उनके पक्ष में जाता गया।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.