PKL 10: इस मैच में मुझसे काफी गलतियां हुई, गुजरात जायंट्स के कप्तान फजल अत्राचली अपने प्रदर्शन से दिखे नाखुश

होम लेग में शानदार प्रदर्शन करके पटना पाइरेट्स ने प्लेऑफ जाने के अपने बंद दरवाजों को खोल लिया है।
29 जनवरी को हुए PKL 10 के 96वें मैच में पटना पाइरेट्स और गुजरात जायंट्स की भिड़ंत हुई, जिसमें पटना ने पूरे मैच में अपना वर्चस्व कायम रखा और अंत में 32-20 से जीत दर्ज की है। इस मैच में किसी रेडर द्वारा सुपर-10 तो नहीं देखा गया, लेकिन डिफेंडर्स ने लाजवाब प्रदर्शन करके दिखाया। अंकित और कृष्णा ढुल ने डिफेंस में हाई-5 स्कोर कर फैंस का दिल जीता।
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पटना पाइरेट्स के कोच नरेंदर रेडू ने खासतौर पर टीम के डिफेंस की जमकर तारीफ की। वहीं फजल अत्राचली ने बताया कि उनसे मैच के दौरान क्या गलती हुई थी।
हमारा डिफेंस लाजवाब प्रदर्शन कर रहा है – नरेंदर रेडू
पटना पाइरेट्स के कोच नरेंदर रेडू ने कहा, “हमारे दोनों कॉर्नर शुरू से अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं। हमारी टीम में 2 नए कवर आए हैं, वो भी अच्छा कर रहे हैं। कुल मिलाकर कहूं तो हमारा डिफेंस 100 प्रतिशत अच्छा खेल रहा है। हमारे पास रेडिंग में सचिन और मंजीत हैं। वहीं रोहित पर मुझे पूरा विश्वास था कि हम जब भी उन्हें मौका देंगे वो अच्छा करके दिखाएंगे। टीम प्लान के कारण रोहित को अभी तक मौका नहीं मिल पा रहा था।”
पूरा वीडियो यहां देखें:
कोच राम मेहर सिंह ने बताया टीम की हार का कारण
गुजरात जायंट्स के कोच राम मेहर सिंह ने कहा, “मैच का टर्निंग पॉइंट वो रहा कि जब उन्होंने नया रेडर उतारा, उसे हमें टैकल करना चाहिए था। वहीं 3 या 4 बार सुपर टैकल का शिकार बनने से मैच हमारे हाथ से चला गया। हमारा डिफेंस अच्छा नहीं खेला और ज्यादा सुपर टैकल हमारी टीम की हार का कारण बने हैं।”
मुझे टैकल के लिए जाना चाहिए था – फजल अत्राचली
गुजरात जायंट्स के कप्तान फजल अत्राचली ने कहा, “मैच की शुरुआत में मुझे टैकल के लिए जाना चाहिए था, लेकिन मैं कंट्रोल करते हुए खेलना चाह रहा था। मेरी रणनीति पूरी तरह असफल रही और मैं शायद पहले हाफ में अधिकांश समय बाहर ही बैठा हुआ था। मुझसे यही गलती हुई कि मुझे शुरुआत में कंट्रोल नहीं करना चाहिए था।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.