Khel Now logo
HomeSportsBangladesh Premier LeagueLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

टॉप 10 बल्लेबाज जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :February 3, 2024 at 10:04 PM
Modified at :February 3, 2024 at 10:04 PM
टॉप 10 बल्लेबाज जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के

टेस्ट क्रिकेट में अब तक सिर्फ 3 बल्लेबाजों ने ही 100 से ज्यादा छक्के लगाए हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सबसे लंबा प्रारूप टेस्ट क्रिकेट बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों की तकनीक और उनके कौशल को आजमाने के लिए जाना जाता है। 1877 में शुरू हुए इस फॉर्मेट ने दुनिया के कई बड़े-बड़े खिलाड़ियों को जन्म दिया। सर डॉन ब्रैडमैन से लेकर ब्रायन लारा, सचिन तेंदुलकर, एलेस्टेयर कुक और जो रूट जैसे कई महान बल्लेबाज इस फॉर्मेट के चलते महानतम क्रिकेटरों की सूची में गिने जाते हैं।

हालांकि, टेस्ट क्रिकेट के पिछले 146 वर्षों में खेलने का अंदाज भी बदल चुका है। अब इंग्लैंड की टीम बैजबॉल अप्रोच के साथ बल्लेबाजी करने उतरती है और उन्हें इसमें काफी सफलता भी मिली है। आक्रामक बल्लेबाजी के दौरान अब टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजों को बड़े-बड़े छक्के लगाते भी देखा गया है। यही कारण है कि बेन स्टोक्स ने बड़े ही कम समय में टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अपना नाम सबसे ऊपर पहुंचा दिया है। आइए यहां हम आपको बताते हैं उन टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं।

ये हैं टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज:

10. एंजेलो मैथ्यूज (श्रीलंका) – 85 छक्के:

टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में श्रीलंका के ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज 85 छक्कों के साथ 10वें स्थान पर हैं। मैथ्यूज ने 2009 में टेस्ट डेब्यू किया था और अब तक 107 टेस्ट खेलकर 189 पारियों में 7458 रन बना चुके हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में 200* के सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर के साथ 15 शतक और 41 अर्धशतक भी लगाए हैं।

9. टिम साउदी (न्यूजीलैंड) – 86 छक्के:

टिम साउदी ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से ही न्यूजीलैंड की टीम के लिए बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने न सिर्फ अपनी शानदार गेंदबाजी से बल्कि निचले क्रम में बल्लेबाजी से भी अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। टिम साउदी ने अब तक अपने टेस्ट करियर 137 पारियों में बल्लेबाजी की है और 86 छक्के लगाए हैं। इसके अलावा, उन्होंने अपने टेस्ट करियर में अब तक 2059 रन भी बनाए हैं।

8. क्रिस केर्न्स (न्यूजीलैंड) – 87 छक्के:

न्यूजीलैंड के एक और ऑलराउंडर क्रिस केर्न्स टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 8वें स्थान पर हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर केर्न्स ने अपने करियर में 87 छक्के लगाए थे। केर्न्स ने उस समय विव रिचर्ड्स के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को तोड़ा था और इस मामले में पहले स्थान पर आ गए थे। हालांकि, अब वह 8वें स्थान पर हैं। 1989 से 2004 तक के अपने टेस्ट करियर में क्रिस केर्न्स ने 62 टेस्ट मैच खेले थे। और 33.53 की औसत से 3320 रन बनाए थे।

7. ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज) – 88 छक्के:

Brian Lara
Brian Lara, (Image Source: Getty Images)

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान एवं टेस्ट क्रिकेट के महानतम बल्लेबाजों में शुमार ब्रायन लारा ने अपनी बाएं हाथ की बल्लेबाजी से विश्व क्रिकेट पर दबदबा बनाए रखा था। लारा ने अपने करियर में 131 टेस्ट मैच खेले और 232 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 88 छक्के लगाए थे। इसके अलावा, उन्होंने उस समय के शानदार गेंदबाजी आक्रमण का सामना करते हुए 52.88 की औसत और 60.51 की स्ट्राइक रेट से 11953 रन बनाए थे।

6. वीरेंद्र सहवाग (भारत) – 91 छक्के:

Virender Sehwag test 319
Virender Sehwag. (Image Source: BCCI)

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने एक अलग ही अंदाज में टेस्ट क्रिकेट खेला और दुनिया भर में अपनी एक अलग पहचान कायम की। सहवाग 180 टेस्ट पारियों में 91 छक्कों के साथ इस तालिका में छठे स्थान पर हैं। उनका नाम डॉन ब्रैडमैन, ब्रायन लारा और क्रिस गेल जैसे दिग्गजों के साथ दो बार तिहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाजों सूची में भी शामिल हैं।

5. जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) – 97 छक्के:

टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सबसे बड़े ऑलराउंडर दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस ने 97 छक्कों के साथ अपना टेस्ट करियर समाप्त किया था। उन्होंने अपने करियर में 55.37 की औसत से 13289 रन बनाए थे, जिसमें 45 शतक भी शामिल थे। कैलिस ने अपने शानदार टेस्ट करियर में 292 विकेट भी चटकाए थे।

4. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 98 छक्के:

यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने अपने करियर में 103 टेस्ट मैच खेले और 98 छक्के लगाए। उन्होंने 182 पारियों में 42.18 की औसत और 60.26 की शानदार स्ट्राइक रेट से 7214 रन बनाए थे, जिसमें 15 शतक भी शामिल था।गेल ने अपने टेस्ट करियर में 2 बार तिहरा शतक भी पूरा किया था। यह कारनामा सिर्फ सर डॉन ब्रैडमैन, ब्रायन लारा और वीरेंद्र सहवाग ही कर सके हैं।

3. एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया) – 100 छक्के:

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर टेस्ट क्रिकेट में 100 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज थे। गिलक्रिस्ट ने होबार्ट में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए 100वां छक्का लगाया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 96 टेस्ट मैचों में 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 5570 रन बनाए थे।

2. ब्रेंडन मैकुलम (न्यूजीलैंड) – 107 छक्के:

Brendon McCullum
Brendon McCullum. (Image Source: Getty Images)

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़कर अपना करियर समाप्त किया था। उन्होंने अपने करियर में 101 टेस्ट मैचों में 12 शतकों के साथ 6453 रन बनाए थे।

1. बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) – 128 छक्के:

Ben Stokes
Ben Stokes. (Image Source: Getty Images)

इंग्लिश ऑलराउंडर बेन स्टोक्स वर्तमान में 178 टेस्ट पारियों में 128 टेस्ट छक्कों के साथ इस सूची में पहले स्थान पर हैं। इंग्लिश क्रिकेट में ‘बैज़बॉल’ अप्रोच के अस्तित्व में आने के बाद से स्टोक्स वर्तमान इंग्लिश कोच और पूर्व कीवी कप्तान ब्रेंडन मैकुलम से आगे निकल गए हैं। उन्होंने अब तक 99* टेस्ट मैचों में 6230 रन बनाए हैं। स्टोक्स ने अपने करियर में 13 टेस्ट शतक और 31 अर्धशतक लगाए हैं।

(सभी आंकड़े 3 फरवरी, 2024 तक अपडेट किए गए हैं)

For more updates, follow Khel Now Cricket on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.

Latest News
Advertisement