PKL 10: बेंगलुरु बुल्स vs पुनेरी पलटन मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन और हेड टू हेड आंकड़े

पुनेरी पलटन की टीम प्लेऑफ में पहुंच चुकी है।
पीकेएल के 10वें सीजन (PKL 10) का 109वां मैच बुधवार 7 फरवरी को पुनेरी पलटन और बेंगलुरू बुल्स के बीच खेला जाएगा। प्लेऑफ की उम्मीदों को कायम रखने के लिए बेंगलुरु बुल्स को ये मैच हर-हाल में जीतना होगा। टीम ने अभी तक 18 में से 7 मैच जीते हैं और 9 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं दो मैच उनका टाई रहा है। टीम के लिए अच्छी बात ये है कि उन्होंने अपने पिछले मुकाबले में यू-मुम्बा को हराया था और इसी वजह से खिलाड़ी बेहतर कॉन्फिडेंस में होंगे।
वहीं दूसरी तरफ पुनेरी पलटन की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। पिछले मैच में दबंग दिल्ली के साथ उन्होंने टाई खेला था और अब वो प्लेऑफ में जा चुके हैं। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।
PKL 10: बेंगलुरू बुल्स का स्क्वाड
बेंगलुरु बुल्स ने अपने पिछले मैच में यू-मुम्बा को हराया था। टीम इससे पहले भी अच्छा खेल रही थी लेकिन उन्हें सिर्फ टाई से संतोष करना पड़ रहा था। ऐसे में यू मुम्बा के खिलाफ मिली जीत से उनका कॉन्फिडेंस काफी ज्यादा बढ़ गया होगा। पिछले मुकाबले में टीम के डिफेंस के अलावा रेडर्स ने भी कमाल किया था।
टीम के दोनों युवा रेडर्स सुशील और अक्षित ने रेडिंग में प्वॉइंट लिए थे। भरत को सब्सीट्यूट के तौर पर प्रयोग किया जा रहा है और ये रणनीति टीम के काफी काम आ रही है। अगर बेंगलुरू बुल्स को एक और जीत हासिल करनी है तो फिर इसी तरह का प्रदर्शन करना होगा।
बेंगलुरू बुल्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
अक्षित, सुरजीत सिंह, प्रतीक, सुशील, मोनू, सौरभ नांदल और रण सिंह।
PKL 10: पुनेरी पलटन का स्क्वाड
पुनेरी पलटन की टीम पीकेएल सीजन-10 के प्लेऑफ में पहुंच चुकी है और जयपुर पिंक पैंथर्स के बाद वो प्लेऑफ में जाने वाली दूसरी टीम बने। टीम के लिए पिछले मुकाबले में कप्तान असलम ईनामदार ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सुपर-10 लगाया था। टीम एक समय दबंग दिल्ली से पीछे चल रही थी लेकिन इसके बाद आखिर के 10 मिनटों में बेहतरीन खेल दिखाते हुए मुकाबला टाई करा लिया था। असलम ईनामदार के फॉर्म में आने से टीम को काफी राहत मिली होगी। वहीं टीम का डिफेंस लगातार बेहतर खेल दिखा रहा है।
पुनेरी पलटन की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
असलम ईनामदार, अबिनेश नादराजन, संकेत सावंत, मोहित गोयत, आकाश शिंदे, गौरव खत्री और मोहम्मदरेजा चियानेह।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
बेंगलुरू बुल्स की उम्मीदें अक्षित, सुरजीत सिंह, सुशील और रण सिंह से काफी ज्यादा रहेंगी। इन प्लेयर्स को एक बार फिर उसी जिम्मेदारी से खेलना होगा और तभी टीम आगे जा सकती है। पुनेरी पलटन की अगर बात करें उनके लिए भी मोहित गोयत, असलम ईनामदार, गौरव खत्री और मोहम्मदरेजा शादलू जैसे खिलाड़ी काफी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
सफलता का मंत्र
पुनेरी पलटन को अगर जीत हासिल करनी है तो फिर उनके डिफेंडर्स को बेंगलुरू बुल्स के रेडर्स को रोकना होगा। बुल्स के रेडर्स के पास अनुभव की कमी है और पुनेरी पलटन को इसका फायदा उठाना चाहिए। वहीं बेंगलुरू बुल्स के लिए जरूरी है कि उनके रेडर्स इस मैच में ज्यादा से ज्यादा प्वॉइंट लेकर आएं। अगर टीम के रेडर्स चलेंगे तभी टीम को जीत मिलेगी।
BLR vs PUN के बीच हेड टू हेड आंकड़े
बेंगलुरू बुल्स की टीम भले ही एक सीजन टाइटल जीत चुकी है और पुनेरी पलटन को पहली ट्रॉफी का इंतजार है लेकिन हेड टू हेड मैचों में पलटन की टीम ही भारी रही है। अभी तक पुनेरी पलटन और बेंगलुरू बुल्स के बीच कुल मिलाकर 17 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 10 मैच में पुनेरी पलटन ने जीत हासिल की है और सात मैच में बेंगलुरू बुल्स को जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच अभी तक एक भी मैच टाई नहीं हुआ है। इस सीजन जब पिछली बार दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था तब पुनेरी पलटन ने बेंगलुरू बुल्स को बुरी तरह से हरा दिया था और इसी वजह से वो इस हार का बदला लेना चाहेंगे।
मैच– 17
बेंगलुरू बुल्स ने जीता – 7
पुनेरी पलटन ने जीता – 10
टाई – 0
हाईएस्ट स्कोर – 41-44
न्यूनतम स्कोर – 18-20
क्या आप जानते हैं?
पुनेरी पलटन के कोच बीसी रमेश इससे पहले बंगाल वारियर्स के कोच थे और उनको सातवें सीजन में पीकेएल का टाइटल भी जिताया था। वहीं बेंगलुरु बुल्स के कोच रणधीर सिंह सेहरावत पहले सीजन से ही टीम के हेड कोच हैं। वो पीकेएल में एकमात्र ऐसे कोच हैं जो लगातार 10 सीजन से केवल एक ही टीम की कोचिंग कर रहे हैं।
बेंगलुरु बुल्स और पुनेरी पलटन के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.