वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले पांच बल्लेबाज

इस सूची में दो भारतीय खिलाड़ी भी मौजूद हैं।
क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में शतक लगाना बल्लेबाजों के लिए काफी खास होता है। शतक बनाने पर खिलाड़ी को अलग ही तरह का फील आता है, लेकिन जब कोई खिलाड़ी दोहरा शतक लगा दे तो फिर वो अपने आप में ही एक बड़ा रिकॉर्ड होता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक समय ऐसा था जब वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने की कल्पना कोई नहीं करता था। कई धाकड़ बल्लेबाज हुए और उन्होंने बेहतरीन पारियां भी खेली लेकिन इस पड़ाव पर नहीं पहुंच पाए।
दो दशक से ज्यादा समय तक क्रिकेट खेलने के बाद महान भारतीय खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने पहली बार वनडे क्रिकेट में 200 रन का ऐतिहासिक आंकड़ा प्राप्त किया। इसके बाद कई बल्लेबाजों ने दोहरा शतक लगाया। हाल ही में श्रीलंका के पथुम निसांका ने वनडे में शतक लगाने का कारनामा किया और इस दौरान कई दिग्गजों का रिकॉर्ड भी तोड़ा। तो चलिए इस आर्टिकल में हम आपको उन बल्लेबाजों के बारे में बताएंगे जिन्होंने अभी तक वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का कारनामा किया है।
इन बल्लेबाजों ने वनडे क्रिकेट में लगाया है सबसे तेज दोहरा शतक:
5. वीरेंद्र सहवाग (140 गेंद)

भारतीय टीम के पूर्व ओपनर बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग अपनी विस्फोटक पारियों के लिए जाने जाते थे। वो मैदान में आते ही ताबड़तोड़ शॉट लगाना शुरु कर देते थे। सहवाग ने 8 दिसंबर 2011 को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ ताबड़तोड़ दोहरा शतक लगाया था। सहवाग ने सिर्फ 149 गेंद पर 25 चौके और 7 छक्के की मदद से 219 रनों की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 140 गेंदों पर ही अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया था और सबसे तेज दोहरे शतकों की लिस्ट में वो पांचवें पायदान पर हैं।
4. क्रिस गेल (138 गेंद)

वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने दोहरा शतक लगाने का कारनामा 24 फरवरी 2015 को जिम्बाब्वे के खिलाफ वर्ल्ड कप मुकाबले में किया था। क्रिस गेल ने सिर्फ 147 गेंदों पर 10 चौके और 16 छक्कों की मदद से 215 रन की आतिशी पारी खेली थी और उन्होंने अपने दोहरा शतक 138 गेंदों में पूरा किया था। इसके साथ ही गेल वर्ल्ड कप में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बने थे।
क्रिस गेल ने अपने करियर के दौरान कई सारी विस्फोटक पारियां खेली। उन्हें उनके लंबे-लंबे छक्कों के लिए जाना जाता था और इसी वजह से वो बहुत कम गेंद पर ही मैच का पासा पलट देते थे।
3. पथुम निसांका (136 गेंद)

वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अब श्रीलंका के पथुम निसांका का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पल्लेकेले में 9 फरवरी 2024 को दोहरा शतक लगाया। पथुम निशंका ने सिर्फ 136 गेंदों पर अपना दोहरा शतक पूरा किया और वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। उन्होंने ओवरऑल कुल मिलाकर 139 गेंदों पर 210 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 20 चौके और 8 गगनचुम्बी छक्के शामिल रहे।
पथुम निसंका पहले श्रीलंकाई बल्लेबाज बने जिन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक जमाया है। उनसे पहले वनडे क्रिकेट में श्रीलंका की तरफ से सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड सनथ जयसूर्या के नाम था। जयसूर्या ने तक़रीबन 24 साल पहले भारत के खिलाफ 189 रनों की पारी शारजाह के मैदान पर खेली थी।
2. ग्लेन मैक्सवेल (128 गेंद)

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ने ये कारनामा भारत में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप के दौरान अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में किया था। उन्होंने सिर्फ 128 गेंद पर 21 चौके और 10 छक्के की मदद से 201 रनों की नाबाद पारी खेली थी और ऑस्ट्रेलिया को एक ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।
इस मैच में 292 के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने एक समय सिर्फ 91 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे और उनकी हार तय लग रही थी लेकिन यहीं से मैक्सवेल ने अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से मैच का पासा ही पलट दिया था। उन्होंने कप्तान पैट कमिंस के साथ आठवें विकेट के लिए 202 रनों की अविजित साझेदारी कर टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी थी।
1. ईशान किशन (126 गेंद)

वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के नाम है। उन्होंने ये कारनामा साल 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले के दौरान किया था। ईशान किशन ने सिर्फ 131 गेंदों पर 210 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 24 चौके और 10 छक्के शामिल रहे थे। उन्होंने 126 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया था और वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था और उनका ये रिकॉर्ड अभी भी कायम। भारत ने इस मुकाबले में 409 रन बना दिए थे और बांग्लादेश को 227 रनों के विशाल अंतर से हराया था।
(ये आंकड़ें 10 फरवरी तक अपडेटेड हैं।)
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.
- भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए किया टीम का ऐलान, ईशान किशन और रिंकू सिंह को मिला इनाम
- क्या WWE से होने वाली है Triple H की छुट्टी? John Cena के रिटायरमेंट मैच के बाद कंपनी में चल रही है गर्मा गर्मी
- टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज
- IPL इतिहास के पांच सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी
- IPL इतिहास के पांच सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी