Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 10: गुजरात जायंट्स vs तमिल थलाइवाज मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन और हेड टू हेड आंकड़े

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :February 3, 2024 at 5:00 PM
Modified at :February 3, 2024 at 5:00 PM
PKL 10: गुजरात जायंट्स vs तमिल थलाइवाज मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन और हेड टू हेड आंकड़े

दोनों ही टीमें अपना पिछला मुकाबला हारकर आ रही हैं।

प्रो कबड्डी लीग के 10वें सीजन (PKL 10) का 105वां मुकाबला गुजरात जायंट्स और तमिल थलाइवाज के बीच 4 फरवरी को खेला जाएगा। गुजरात जायंट्स का प्रदर्शन इस सीजन मिला-जुला रहा है। वो कभी मुकाबला हारते हैं तो कभी जीत हासिल करते हैं। अभी तक उन्होंने 17 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से आठ मैचों में उन्हें जीत मिली है और 9 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। टीम प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है।

वहीं दूसरी तरफ तमिल थलाइवाज की अगर बात करें तो उन्होंने 17 में से सात मुकाबले जीते हैं और 10 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। दोनों ही टीमें अपना पिछला मैच हारकर आ रही हैं और इसी वजह से इस मुकाबले में जीत बेहद जरूरी है।आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।

PKL 10: गुजरात जायंट्स का स्क्वाड

गुजरात जायंट्स की टीम अपने पिछले मैच में हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ हार गई थी और ये हार उन्हें बहुत ज्यादा चुभ रही होगी। इसकी वजह ये है कि एक समय वो इस मुकाबले में काफी आगे थे और बड़ी बढ़त बना रखी थी लेकिन दूसरे हाफ में खराब खेल की वजह से उन्हें मुकाबला गंवाना पड़ा।

कप्तान फजल अत्राचली ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सात प्वॉइंट लिए थे और दीपक सिंह ने भी हाई फाइव लगाया था लेकिन टीम को रेडर्स का साथ नहीं मिला। टीम ने आखिरी 10 मिनट में काफी खराब खेल दिखाया था और ऐसे में गुजरात की टीम इस हार से काफी ज्यादा दुखी होगी। वो चाहेंगे कि इस मैच में पिछली गलती को ना दोहराया जाए।

गुजरात जायंट्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:

दीपक सिंह, सोनू, डी बालाजी, प्रतीक दहिया, मोहम्मद नबीबख्श, सोमबीर और फजल अत्राचली।

PKL 10: तमिल थलाइवाज का स्क्वाड

लगातार तीन मैचों में मिली जीत के बाद तमिल थलाइवाज को अपने पिछले मुकाबले में जयपुर पिंक पैंथर्स से बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। टीम को 15 प्वॉइंट के अंतर से शिकस्त झेलनी पड़ी थी और इससे उनके प्लेऑफ की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है। तमिल थलाइवाज के लिए पिछले मैच में उनका डिफेंस पूरी तरह से फ्लॉप रहा था। रेडिंग में नरेंद्र कंडोला ने तो प्वॉइंट लिए थे लेकिन बाकी किसी भी खिलाड़ी का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा था। थलाइवाज को अगर प्लेऑफ में जाना है तो उन्हें हर एक मैच में जीत हासिल करनी होगी और तभी वो अगले दौर में जगह बना पाएंगे।

तमिल थलाइवाज की संभावित स्टार्टिंग सेवन:

नरेंद्र, एम अभिषेक, मोहित, अजिंक्य पंवार, हिमांशु, सागर और साहिल गूलिया।

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

तमिल थलाइवाज की टीम के लिए चार खिलाड़ी काफी अहम होंगे। रेडिंग में नरेंद्र कंडोला, अजिंक्य पंवार और डिफेंस में साहिल गूलिया के ऊपर सबकी निगाहें रहने वाली हैं कि ये प्लेयर किस तरह का प्रदर्शन करते हैं। वहीं गुजरात जायंट्स की टीम इस मैच में प्रतीक दहिया और कप्तान फजल अत्राचली से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

सफलता का मंत्र

गुजरात जायंट्स के लिए जरूरी है कि उनके रेडर्स और डिफेंडर्स एकजुट होकर खेलें। अगर फजल अत्राचली चलते हैं तो फिर प्रतीक दहिया समेत सारे रेडर्स को भी प्वॉइंट लाने होंगे। इसके अलावा उन्हें तमिल थलाइवाज के मेन रेडर नरेंद्र कंडोला को रोकना होगा। वहीं थलाइवाज की जीत के लिए जरूरी है कि नरेंद्र कंडोला को बाकी रेडर्स का साथ मिले, क्योंकि वो अकेले टीम को मैच नहीं जिता पाएंगे।

GUJ vs TAM के बीच हेड टू हेड आंकड़े

तमिल थलाइवाज और गुजरात जायंट्स दोनों ही टीमों ने अभी तक एक भी बार पीकेएल की ट्रॉफी नहीं जीती है। गुजरात जायंट्स ने दो बार फाइनल में जगह बनाई है लेकिन टाइटल नहीं जीत पाए हैं। वहीं तमिल थलाइवाज ने पिछले सीजन पहली बार सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। दोनों ही टीमों ने पीकेएल में अभी तक कुल मिलाकर 9 मैच खेले हैं, जिसमें से तीन मैच में थलाइवाज को जीत मिली है और पांच मैच गुजरात जायंट्स ने जीते हैं। वहीं एक मुकाबला दोनों टीमों के बीच टाई पर समाप्त हुआ है। इस पीकेएल सीजन एक मैच में गुजरात की टीम थलाइवाज को हरा चुकी है।

मैच– 9

गुजरात जायंट्स ने जीता – 5

तमिल थलाइवाज ने जीता – 3

टाई – 1

हाईएस्ट स्कोर – 50-42

न्यूनतम स्कोर – 28-21

क्या आप जानते हैं?

पीकेएल के दिग्गज रेडर पवन सेहरावत पिछले सीजन तमिल थलाइवाज की ही टीम का हिस्सा थे लेकिन एक मैच खेलने के बाद वो बाहर हो गए थे। हालांकि इसके बावजूद थलाइवाज ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

गुजरात जायंट्स और तमिल थलाइवाज के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?

दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।

For more updates, follow Khel Now Kabaddi on FacebookTwitterInstagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.