PKL 10: हरियाणा स्टीलर्स vs बेंगलुरु बुल्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन और हेड टू हेड आंकड़े

इस सीजन का ये आखिरी लीग मैच है।
पीकेएल के 10वें सीजन (PKL 10) का आखिरी लीग मैच 21 फरवरी को हरियाणा स्टीलर्स और बेंगलुरु बुल्स के बीच खेला जाएगा। हरियाणा स्टीलर्स की टीम प्लेऑफ में जगह बना चुकी है और वो चाहेंगे कि अपने होम ग्राउंड में जीत के साथ विदाई ली जाए और ताकि प्लेऑफ के मुकाबलों के लिए उनका कॉन्फिडेंस और बढ़ जाए। टीम ने अभी तक कुल मिलाकर 21 मैच खेले हैं, जिनमें से उन्हें 13 मैचों में जीत मिली है और 7 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा एक मैच उनका टाई रहा है।
वहीं बेंगलुरु बुल्स की अगर बात करें तो वो इस सीजन से पहले ही एलिमिनेट हो चुके हैं। टीम चाहेगी कि अपने आखिरी लीग मुकाबले में जरूर जीत हासिल की जाए। बुल्स ने अभी तक 21 में से 7 मैच जीते हैं और 12 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं दो मैच उनका टाई रहा है। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।
PKL 10: हरियाणा स्टीलर्स का स्क्वाड
हरियाणा स्टीलर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस सीजन प्लेऑफ में जगह बनाई। इस सीजन प्लेऑफ में जाने वाले वो आखिरी टीम रहे। सातवें सीजन के बाद ये पहली बार है जब हरियाणा स्टीलर्स ने प्लेऑफ में जगह बनाई है। टीम को अपने पिछले मैच में पुनेरी पलटन से हार का सामना करना पड़ा था।
इस मुकाबले में आशीष और विनय ने रेडिंग में तो अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन सिद्धार्थ देसाई पूरी तरह से फ्लॉप रहे थे। जबकि डिफेंस में कप्तान जयदीप दहिया ने शानदार खेल दिखाते हुए 7 टैकल प्वॉइंट लिए थे। ये खिलाड़ी एक बार फिर कमाल कर सकते हैं। टीम चाहेगी कि अपने होम ग्राउंड के और इस सीजन के आखिरी मैच में जीत हासिल की जाए।
हरियाणा स्टीलर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
विनय, मोहित नांदल, जयदीप दहिया, सिद्धार्थ देसाई, आशीष, राहुल सेतपाल और मोहित।
PKL 10: बेंगलुरू बुल्स का स्क्वाड
बेंगलुरू बुल्स की टीम इस सीजन से एलिमिनेट हो चुकी है और इस बार उनका ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया है। टीम के लिए इस सीजन उनका रेडिंग डिपार्टमेंट उतना अच्छा खेल नहीं दिखा पाया। भरत और विकाश कंडोला जैसे दिग्गज रेडर नहीं चले और इसी वजह से बुल्स को कई मैचों में शिकस्त का सामना करना पड़ा। डिफेंस का प्रदर्शन थोड़ा अच्छा रहा लेकिन रेडर्स का साथ उन्हें नहीं मिला। डिफेंस में टीम के लिए सुरजीत सिंह ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और 20 मैचों में अभी तक 55 प्वॉइंट हासिल किए हैं। हालांकि इसके अलावा बाकी खिलाड़ी फ्लॉप रहे और इसी वजह से टीम को प्लेऑफ से बाहर होना पड़ा।
बेंगलुरू बुल्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
सुशील, सुरजीत सिंह, रोहित कुमार, रक्षित, अक्षित, सौरभ नांदल और रण सिंह।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
हरियाणा स्टीलर्स की उम्मीदें इस मैच में कप्तान जयदीप दहिया से काफी ज्याद रहने वाली हैं, जिन्होंने पिछले मुकाबले में सात टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे। इसके अलावा मोहित नादंल और आशीष भी कमाल कर सकते हैं। वहीं बेंगलुरु बुल्स की टीम सुरजीत सिंह और अक्षित जैसे खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।
सफलता का मंत्र
हरियाणा को अगर इस मुकाबले में जीत हासिल करनी है तो उनके डिफेंडर्स को चाहिए कि वो बुल्स के रेडर्स पर दबाव बनाएं और उन्हें ज्यादा प्वॉइंट ना दें। हरियाणा के मजबूत डिफेंस के सामने बुल्स का रेडिंग डिपार्टमेंट धराशायी हो सकता है। वहीं बुल्स की जीत के लिए जरुरी है कि उनके रेडर्स इस मैच में बेहतर खेल दिखाएं। रेडिंग में कम से कम दो खिलाड़ियों को सुपर-10 लगाना जरूरी होगा।
HAR vs BLR के बीच हेड टू हेड आंकड़े
बेंगलुरु बुल्स और हरियाणा स्टीलर्स के बीच अभी तक पीकेएल में जितने भी मैच हुए हैं, उसमें कांटे की टक्कर रही है। दोनों ही टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर 9 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 5 मैच में बेंगलुरू बुल्स ने और चार मैच में हरियाणा स्टीलर्स ने जीत हासिल की है। दोनों टीमों के बीच कोई भी मैच टाई पर समाप्त नहीं हुआ है। इस पीकेएल सीजन जब पिछली बार दोनों टीमें आपस में टकराई थीं तब हरियाणा ने जीत हासिल की थी।
मैच– 9
हरियाणा स्टीलर्स ने जीता – 4
बेंगलुरू बुल्स ने जीता – 5
टाई – 0
हाईएस्ट स्कोर – 38-59
न्यूनतम स्कोर – 24-27
क्या आप जानते हैं?
हरियाणा स्टीलर्स के दिग्गज रेडर सिद्धार्थ देसाई पीकेएल इतिहास में सबसे तेज 50 रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले प्लेयर हैं। उन्होंने ये कारनामा महज चार मैचों में ही कर दिखाया था। 2018 के सीजन में उन्हें बेस्ट डेब्यूटेंट का अवॉर्ड भी मिला था।
हरियाणा स्टीलर्स और बेंगलुरु बुल्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.