PKL 10: हरियाणा स्टीलर्स vs पटना पाइरेट्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन और हेड टू हेड आंकड़े

हरियाणा की निगाहें इस मैच को जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाने पर होंगी।
पीकेएल के 10वें सीजन (PKL 10) का पड़ाव अब अपने अंतिम छोर पर पहुंच गया है। 16 फरवरी से इस सीजन का आखिरी लेग खेला जाएगा। हरियाणा स्टीलर्स की टीम अपने होम ग्राउंड में खेलेगी और पहला मुकाबला उनका पटना पाइरेट्स के साथ होगा। हरियाणा ने अगर इस मुकाबले को जीता तो फिर वो प्लेऑफ में जगह बना लेंगे। उन्होंने अभी तक 18 में से 11 मुकाबले जीते हैं और छह मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा एक मुकाबला उनका टाई रहा है।
वहीं दूसरी तरफ पटना पाइरेट्स की टीम पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। पटना पाइरेट्स ने 13 फरवरी को खेले गए मुकाबले में तेलुगु टाइटंस को हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई थी। टीम ने अभी तक 21 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 11 मैच में जीत हासिल की है और 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं तीन मैच उनके टाई रहे हैं। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।
PKL 10: हरियाणा स्टीलर्स का स्क्वाड
हरियाणा स्टीलर्स की टीम अब अपने होम ग्राउंड में पहुंच चुकी है। टीम ने अभी तक काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया है और इसी वजह से वो प्लेऑफ में जाने के प्रबल दावेदार हैं। हरियाणा स्टीलर्स के अभी तक सबसे ज्यादा 4 मैच बचे हैं और प्लेऑफ में जाने के लिए उन्हें इन चार में से सिर्फ एक ही मुकाबला जीतना होगा। जिस तरह के फॉर्म में हरियाणा है, उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि वो आसानी से प्लेऑफ में जगह बना लेंगे।
हरियाणा स्टीलर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
सिद्धार्थ देसाई, मोहित नांदल, जयदीप दहिया, विनय, शिवम पटारे, राहुल सेतपाल और मोहित।
PKL 10: पटना पाइरेट्स का स्क्वाड
तीन बार की चैंपियन पटना पाइरेट्स की टीम ने प्लेऑफ में जगह बना ली है और इस सीजन वो प्लेऑफ में जाने वाली पांचवीं टीम बने। पटना पाइरेट्स की टीम ने अपने पिछले मुकाबले में तेलुगु टाइटंस को हराया और प्लेऑफ में जगह बनाई। एक समय ऐसा लग रहा था कि जैसे पटना की टीम ये मैच हार जाएगी, क्योंकि टाइटंस ने उनसे 11 प्वॉइंट की बढ़त बना ली थी। हालांकि दूसरे हाफ में वापसी करते हुए टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के लिए पिछले मुकाबले में संदीप और मंजीत ने रेडिंग में बेहतर किया था, जबकि कृष्णन ने डिफेंस में शानदार खेल दिखाया था।
पटना पाइरेट्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
सचिन, मयूर कदम, एम बापू, एम सुधाकर, संदीप कुमार, कृष्णन और अंकित।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
हरियाणा स्टीलर्स की निगाहें इस मुकाबले में मोहित नादंल, जयदीप दहिया, विनय, शिवम पटारे और सिद्धार्थ देसाई जैसे खिलाड़ियों पर रहने वाली हैं। इन खिलाड़ियों को अपने होम ग्राउंड में भी उसी तरह का प्रदर्शन करना होगा, जैसा वो अभी तक करते आए हैं। पटना पाइरेट्स की उम्मीदें इस मैच में मंजीत और संदीप कुमार से काफी ज्यादा होंगी, क्योंकि पिछला मुकाबला इनके लिए काफी अच्छा रहा था। वहीं डिफेंस में कृष्णन कमाल कर सकते हैं।
सफलता का मंत्र
हरियाणा स्टीलर्स को अगर इस मैच में जीत हासिल करनी है तो फिर उन्हें पटना पाइरेट्स के रेडर्स को रोकना होगा। मंजीत, संदीप कुमार और सचिन तंवर को खामोश रखना होगा। वहीं पटना पाइरेट्स की जीत के लिए जरूरी है कि वो हरियाणा स्टीलर्स के डिफेंडर्स से बचकर रहें और ज्यादा आक्रामक खेलने की कोशिश ना करें।
HAR vs PAT के बीच हेड टू हेड आंकड़े
पटना पाइरेट्स ने भले ही अभी तक पीकेएल की तीन ट्रॉफी जीती है और हरियाणा स्टीलर्स एक बार भी चैंपियन नहीं बनी है लेकिन हेड टू हेड मैचों में कांटे की टक्कर रही है। पटना और हरियाणा स्टीलर्स ने अभी तक जितने भी मुकाबले खेले हैं, उनमें मुकाबला लगभग बराबरी का रहा है। दोनों ही टीमों ने आपस में कुल मिलाकर 10 मैच खेले हैं, जिसमें से पांच मैच पटना पाइरेट्स ने जीते हैं और चार मैच हरियाणा स्टीलर्स ने भी जीते हैं।
वहीं एक मुकाबला दोनों टीमों के बीच टाई रहा है। इस पीकेएल सीजन जब पिछली बार दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था तब पटना ने बड़े अंतर से हरियाणा स्टीलर्स को हराया था। टीम उस हार का बदला अपने होम ग्राउंड में लेना चाहेगी।
मैच– 10
हरियाणा स्टीलर्स ने जीता – 4
पटना पाइरेट्स ने जीता – 5
टाई – 1
हाईएस्ट स्कोर – 43-69
न्यूनतम स्कोर – 27-23
क्या आप जानते हैं?
पटना पाइरेट्स के युवा रेडर मंंजीत दहिया इससे पहले हरियाणा स्टीलर्स की टीम का हिस्सा थे लेकिन इस सीजन वो पटना की टीम में हैं और अब वो अपनी पुरानी टीम के खिलाफ मुकाबला खेलने उतरेंगे।
हरियाणा स्टीलर्स और पटना पाइरेट्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.