ऑक्शन में अनसोल्ड, अब Sarfaraz Khan खेलेंगे IPL 2024! ये तीन टीमें कर सकती हैं अपने कैंप में शामिल

सरफराज खान ने 2015 से 2023 तक आईपीएल में कुल 50 मैच खेले हैं।
आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे सरफराज खान (Sarfaraz Khan) को फ्रेंचाइजी द्वारा आईपीएल (IPL 2024) के ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया गया था। सरफराज ने पिछले सीजन 4 मुकाबले खेले थे, जिसमें उन्होंने मात्र 53 रन बनाए थे। इसके पिछले सीजन उन्होंने 6 मैचों में मात्र 91 रन बनाए थे। हालांकि, उनका यह प्रदर्शन उनकी क्वालिटी नहीं दिखाता है, क्योंकि उन्होंने हाल ही में राजकोट टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी करके अपनी क्षमता को साबित कर दिया है।
सरफराज खान ने राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अपना टेस्ट डेब्यू किया। उस मुकाबले में उन्होंने पहली पारी में 62 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 68* रन बनाए। अपनी इस पारी के बीच वह विपक्षी गेंदबाजों पर पूरी तरह से हावी दिखे। इसके अलावा, वह दिलावर हुसैन, सुनील गावस्कर और श्रेयस अय्यर के बाद डेब्यू टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 50+ रन बनाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज भी बने।
सरफराज खान अपनी दोनों पारियों में बल्लेबाजी के दौरान काफी सहज दिखे। हालांकि, पहली पारी में वह रविंद्र जडेजा के कॉल के चलते रन आउट हो गए, जबकि दूसरी पारी में वह नाबाद रहे। पहली पारी में मात्र 33 के स्कोर पर 3 विकेट खो जाने के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें दबाव से बचाने के लिए रविंद्र जडेजा को उनसे ऊपर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा। इसके अलावा, दूसरी पारी में उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ 5वें विकेट के लिए 26 ओवरों में 172* रन की नाबाद शानदार साझेदारी निभाई।
क्या अनसोल्ड रहे Sarfaraz Khan की हो सकती है IPL 2024 में एंट्री?
सरफराज खान ने साल 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से आईपीएल डेब्यू किया था। 2018 के मेगा ऑक्शन में आरसीबी ने उन्हें विराट कोहली और एबी डीविलियर्स के साथ रिटेन भी किया था। लेकिन इसके बाद 2019 के ऑक्शन से पहले उन्हें फ्रेंचाइजी द्वारा रिलीज कर दिया गया। इसके बाद वह किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) द्वारा खरीदे गए। आईपीएल 2023 के ऑक्शन में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स द्वारा खरीदा गया।
सरफराज खान ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 50 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 22.50 की औसत और 130.58 की स्ट्राइक रेट से 585 रन बनाए हैं। पिछले सीजन उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करते हुए 4 मैचों में मात्र 53 रन बनाए थे। इसी के चलते फ्रेंचाइजी द्वारा उन्हें रिलीज कर दिया गया और दिसम्बर में आईपीएल 2024 के ऑक्शन में उन्हें कोई खरीददार नहीं मिला।
हालांकि, सरफराज खान के पास अभी आईपीएल 2024 में खेलने का मौका है। क्योंकि आईपीएल नियमों के अनुसार यदि कोई खिलाड़ी ऑक्शन में भाग लेता और वह अनसोल्ड रह जाता है तो टूर्नामेंट शुरू होने से पहले या बीच में कोई भी फ्रेंचाइजी किसी खिलाड़ी के रिप्लेसमेंट के रूप में उसे अपनी टीम में शामिल कर सकती है। रिपोर्ट की मानें तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी फ्रेंचाइजियां सरफराज खान को अपनी टीम में शामिल करने की कतार में हैं।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.