Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 10 सेमीफाइनल 2: जयपुर पिंक पैंथर्स vs हरियाणा स्टीलर्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन और हेड टू हेड आंकड़े

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :February 27, 2024 at 5:03 PM
Modified at :February 27, 2024 at 5:03 PM
PKL 10 सेमीफाइनल 2: जयपुर पिंक पैंथर्स vs हरियाणा स्टीलर्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन और हेड टू हेड आंकड़े

दोनों टीमों के बीच इस सीजन का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा।

पीकेएल के 10वें सीजन (PKL 10) का दूसरा सेमीफाइनल मैच पिछले सीजन की चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स और मनप्रीत सिंह की हरियाणा स्टीलर्स के बीच खेला जाएगा। जयपुर पिंक पैंथर्स ने इस बार भी काफी जबरदस्त प्रदर्शन किया और डायरेक्ट सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। जयपुर ने लीग स्टेज के दौरान कुल मिलाकर 22 मैच खेले, जिसमें से 16 मैचों जीत हासिल की और सिर्फ 3 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं तीन मैच उनका टाई रहा है।

वहीं हरियाणा स्टीलर्स ने हैदराबाद में खेले गए दूसरे एलिमिनेटर मैच में गुजरात जायंट्स को एकतरफा 42-25 के अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। हरियाणा की टीम पहली बार सेमीफाइनल में पहुंची है। दोनों ही टीमों का डिफेंस काफी बेहतरीन है और इसी वजह से एक बेहतरीन मुकाबला हो सकता है। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।

PKL 10: जयपुर पिंक पैंथर्स का स्क्वाड

जयपुर पिंक पैंथर्स ने जिस तरह का खेल अभी तक दिखाया है, उसकी वजह से वो इस बार भी टाइटल जीतने के प्रबल दावेदार हैं। टीम के लिए इस बार रेडिंग में अर्जुन देशवाल ने एक बार फिर कमाल दिखाया है। जबकि डिफेंस में कप्तान सुनील कुमार और अंकुश का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। अर्जुन देशवाल के अभी 262 रेड प्वॉइंट हैं।

वहीं अंकुश के डिफेंस में 69 प्वॉइंट हैं। इन दो खिलाड़ियों का प्रदर्शन पिछले सीजन भी काफी अच्छा रहा था और इस सीजन भी इन्होंने काफी बेहतरीन खेल दिखााया है। सेमीफाइनल मैच में इनकी भूमिका काफी अहम रहने वाली है। कप्तान सुनील कुमार को भी इस मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा।

जयपुर पिंक पैंथर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:

अर्जुन देशवाल, सुनील कुमार, रीजा मीरबाघेरी, वी अजीत, भवानी राजपूत, साहुल कुमार और अंकुश।

PKL 10: हरियाणा स्टीलर्स का स्क्वाड

मनप्रीत सिंह की अगुवाई में हरियाणा स्टीलर्स ने पीकेएल के 10वें सीजन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम ने हैदराबाद में खेले गए दूसरे एलिमिनेटर मैच में गुजरात को बुरी तरह हरा दिया।पीकेएल इतिहास में ये पहली बार है जब हरियाणा स्टीलर्स ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

कोच मनप्रीत सिंह की यही कोशिश रहेगी कि अब सेमीफाइनल मुकाबला जीतकर टीम को फाइनल में भी पहुंचाया जाए। टीम के लिए इस सीजन उनके डिफेंस ने जबरदस्त खेल दिखाया है। जयदीप दहिया, मोहित नांदल और राहुल सेतपाल ने कमाल का प्रदर्शन किया। एलिमिनेटर मैच में भी डिफेंडर्स ने कहर ढा दिया था और इसी वजह से टीम जयपुर को कड़ी चुनौती दे सकती है।

हरियाणा स्टीलर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:

आशीष, विनय, शिवम पटारे, मोहित नांदल, जयदीप दहिया, राहुल सेतपाल और मोहित।

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए इस सेमीफाइनल मैच में अर्जुन देशवाल और डिफेंस में अंकुश काफी अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। इन दोनों प्लेयर्स को एक बार फिर अपना बेस्ट देना होगा। इसके अलावा कप्तान सुनील कुमार के ऊपर भी सबकी निगाहें होंगी कि वो किस तरह से टीम को लीड करते हैं। वहीं हरियाणा स्टीलर्स के लिए मोहित नादंल, जयदीप दहिया, राहुल सेतपाल और विनय जैसे खिलाड़ी काफी अहम साबित हो सकते हैं। टीम के डिफेंस के ऊपर एक बार फिर काफी दारोमदार होगा।

सफलता का मंत्र

जयपुर पिंक पैंथर्स की जीत के लिए जरुरी है कि उनके डिफेंडर्स हरियाणा के रेडर्स के खिलाफ अटैक करके उनके ऊपर दबाव बनाएं। हरियाणा स्टीलर्स के लिए केवल विनय ही लगातार प्वॉइंट लाने में सक्षम रहे हैं और अगर उन्हें मैट से बाहर रखा गया तो फिर जयपुर के लिए मुकाबला आसान हो सकता है। वहीं हरियाणा स्टीलर्स की जीत के लिए जरुरी है कि रेडिंग में शिवम पटारे भी विनय का साथ उसी तरह से दें, जैसा उन्होंने पिछले मैच में किया था। इसके अलावा हरियाणा के डिफेंस को जयपुर के मेन रेडर अर्जुन देशवाल को रोकना होगा।

JAI vs HAR के बीच हेड टू हेड आंकड़े

हरियाणा स्टीलर्स ने अभी तक एक बार भी पीकेएल का टाइटल नहीं जीता है, वहीं जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम दो बार टाइटल जीत चुकी है। दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड मुकाबलों में भी जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम हरियाणा स्टीलर्स से काफी आगे रही है। अभी तक दोनों टीमों के बीच आपस में कुल मिलाकर 14 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से सिर्फ तीन मैच में हरियाणा स्टीलर्स को जीत मिली है, वहीं जयपुर पिंक पैंथर्स ने 9 मुकाबलों में जीत हासिल की है। दो मुकाबला दोनों टीमों के बीच टाई रहा है। इसके अलावा इस सीजन दो बार जयपुर की टीम हरियाणा को हरा चुकी है और इसी वजह से उनके हौसले बुलंद होंगे।

मैच– 14

जयपुर पिंक पैंथर्स ने जीता – 9

हरियाणा स्टीलर्स ने जीता – 3

टाई – 2

हाईएस्ट स्कोर – 45-38

न्यूनतम स्कोर – 26-21

क्या आप जानते हैं?

हरियाणा स्टीलर्स की टीम ने पीकेएल इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले तक वो कभी भी सेमीफाइनल में नहीं गए थे।

जयपुर पिंक पैंथर्स और हरियाणा स्टीलर्स के बीच सेमीफाइनल मैच आप कहां देख सकते हैं?

दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।

For more updates, follow Khel Now Kabaddi on FacebookTwitterInstagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.