PKL 10: पटना पाइरेट्स vs तेलुगु टाइटंस मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन और हेड टू हेड आंकड़े

पटना के प्लेऑफ की उम्मीदें इस मैच पर टिकी हुई हैं।
पीकेएल के 10वें सीजन (PKL 10) का 119वां मैच पटना पाइरेट्स और तेलुगु टाइटंस के बीच खेला जाएगा। पटना पाइरेट्स के लिए ये मुकाबला काफी ज्यादा अहम है, क्योंकि अगर वो ये मुकाबला जीत लेते हैं तो फिर प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का कर लेंगे और ऐसे में वो चाहेंगे कि इस मुकाबले को हर-हाल में जीता जाए। टीम ने अभी तक 20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 10 मैच में जीत हासिल की है और 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं तीन मैच उनके टाई रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ तेलुगु टाइटंस की टीम प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है और इसी वजह से उनके लिए इस मैच के ज्यादा कोई मायने नहीं हैं। टाइटंस ने अभी तक 19 मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ दो ही मैचों में उन्हें जीत मिली है और 17 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम के लिए अब केवल सम्मान बचाने की लड़ाई है। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।
PKL 10: पटना पाइरेट्स का स्क्वाड
पटना पाइरेट्स ने अपने पिछले मैच में यू- मुम्बा को बुरी तरह हरा दिया था। उन्होंने यू-मुम्बा को 21 प्वॉइंट के अंतर से हराया था और इससे उनके प्लेऑफ की उम्मीदें काफी ज्यादा बढ़ गई हैं। टीम चाहेगी कि एक और जीत हासिल कर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की जाए। टीम के लिए पिछले मैच में सचिन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सुपर-10 लगाया था।
वहीं कृष्णन ने डिफेंस में जबरदस्त तरीके से परफॉर्म करते हुए हाई – फाइव लगाया था। उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था और 8 प्वॉइंट लिए थे। एम सुधाकर ने भी काफी अच्छा खेल दिखाया था और टीम उम्मीद करेगी कि इस अहम मैच में भी ये खिलाड़ी उसी तरह का प्रदर्शन करें।
पटना पाइरेट्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
सचिन, मयूर कदम, एम बापू, सुधार, मंजीत, कृष्णन और अंकित।
PKL 10: तेलुगु टाइटंस का स्क्वाड
तेलुगु टाइटंस का एक और सीजन ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया है। टाइटंस ने इस सीजन केवल हरियाणा स्टीलर्स और यूपी योद्धा के खिलाफ जीत हासिल की लेकिन बाकी टीमों से उन्हें शिकस्त झेलनी पड़ी है। कोच श्रीनिवास रेड्डी ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की लेकिन टीम लगातार मुकाबले हारती रही।
तेलुगु टाइटंस को चाहिए कि वो अब खुलकर खेलें, क्योंकि हार या जीत से उन्हें फर्क नहीं पड़ता है लेकिन उनके पिछले मुकाबले के गेम को देखकर ऐसा नहीं लगता है कि वो खुलकर खेल पा रहे हैं। टीम को अपने पिछले मैच में बंगाल वारियर्स से बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था और ऐसा लगता है कि वो एक और सीजन आखिरी पायदान पर ही रहेंगे।
तेलुगु टाइटंस की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
पवन सेहरावत, अजीत पवार, मिलाद जब्बारी, प्रफुल जवारे, ओमकार पाटिल, मोहित और अंकित।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
पटना पाइरेट्स की उम्मीदें इस मैच में डिफेंस में अंकित से और रेडिंग में कप्तान सचिन तंवर से होंगी। इन दोनों खिलाड़ियों ने पिछले मुकाबले में काफी जबरदस्त खेल दिखाया था। वहीं तेलुगु टाइटंस की टीम मिलाद जब्बारी और मोहित से उस तरह के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी, जैसा उन्होंने पिछले मैच में किया था।
सफलता का मंत्र
पटना की जीत के लिए जरूरी है कि वो रेडिंग और डिफेंस दोनों में टाइटंस के ऊपर दबाव बनाकर रखें। तेलुगु टाइटंस इस सीजन उतना अच्छा खेल नहीं दिखा रही है और इसका फायदा पटना की टीम उठा सकती है। वहीं टाइटंस की जीत के लिए जरूरी है कि उन्हें रेडिंग में ज्यादा से ज्यादा प्वॉइंट लेने होंगे, क्योंकि पिछले मैच में टीम के डिफेंस ने तो अच्छा खेल दिखाया था लेकिन रेडिंग डिपार्टमेंट फ्लॉप रहा था।
PAT vs TEL के बीच हेड टू हेड आंकड़े
टाइटंस ने भले ही इस सीजन काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया है लेकिन हेड टू हेड मैचों में उन्होंने पटना को कड़ी टक्कर दी है। तेलुगु टाइटंस और पटना पाइरेट्स के बीच अभी तक कुल मिलाकर 22 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 10 मैच में तेलुगु टाइटंस ने जीत हासिल की है और 11 मैच पटना पाइरेट्स ने जीते हैं। जबकि एक मैच दोनों टीमों के बीच टाई पर समाप्त हुआ है। हालांकि इस पीकेएल सीजन जब पिछली बार दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं तब पटना ने काफी बड़े अंतर से टाइटंस को हराया था।
मैच– 22
पटना पाइरेट्स ने जीता – 11
तेलुगु टाइटंस ने जीता – 10
टाई – 1
हाईएस्ट स्कोर – 50-54
न्यूनतम स्कोर – 21-22
क्या आप जानते हैं?
ये लगातार तीसरा सीजन है जब तेलुगु टाइटंस की टीम प्लेऑफ की रेस से सबसे पहले बाहर हुई है और इस सीजन भी वो सबसे आखिरी पायदान पर ही रह सकते हैं।
पटना पाइरेट्स और तेलुगु टाइटंस के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.