PKL 10: टॉप पांच खिलाड़ी जो 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर' बनने के प्रबल दावेदार हैं

इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस सीजन काफी बेहतरीन रहा है।
पीकेएल के 10वें सीजन (PKL 10) का पड़ाव अब अपने अंतिम चरण में है और अब सिर्फ एक लेग और बचा हुआ है। इस सीजन के दौरान कई ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया। रेडिंग से लेकर डिफेंस तक खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से सबको काफी प्रभावित किया। कुछ नए खिलाड़ियों ने बेहतर किया तो कुछ पुराने खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपने परफॉर्मेंस का लोहा मनवाया। पीकेएल के हर एक सीजन में जो खिलाड़ी सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं या फिर अपने खेल से मैच का पासा पलटते हैं, उन्होंने ‘एमवीपी’ यानि मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुना जाता है।
पीकेएल के 10वें सीजन में भी कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बनने के हकदार हैं। आइए जानते हैं कौन-कौन से खिलाड़ी हैं जो इस लिस्ट का हिस्सा हैं।
ये खिलाड़ी PKL 10 में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बनने के प्रबल दावेदार हैं:
5. सागर राठी (तमिल थलाइवाज)
तमिल थलाइवाज की टीम प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है। टीम ने इस सीजन शुरुआती मुकाबलों में बेहतर खेल दिखाया था लेकिन उसके बाद वो रास्ता भटक गए। हालांकि टीम के लिए कप्तानी करने वाले सागर ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने हर एक मैच में डिफेंस में अपना योगदान दिया। सागर ने अभी तक सिर्फ 17 मैच खेले हैं और इस दौरान 60 प्वॉइंट हासिल किए। इसी वजह से वो इस सीजन ‘एमवीपी’ बनने के हकदार हैं।
4. कृष्णन (पटना पाइरेट्स)
पटना पाइरेट्स के पास इस बार ज्यादा नामी-गिरामी डिफेंडर नहीं थे। हालांकि टीम के पास जितने भी डिफेंडर थे उन्होंने काफी बेहतरीन खेल दिखाया है। राइट कॉर्नर की पोजिशन पर खेलने वाले कृष्णन ने भी काफी बेहतरीन प्रदर्शन इस सीजन किया है। पटना पाइरेट्स प्लेऑफ में पहुंचने से ज्यादा दूर नहीं है और इसमें काफी बड़ा योगदान राइट कॉर्नर में कृष्णन का रहा है। उन्होंने अभी तक 20 मैचों में 62 प्वॉइंट हासिल किए हैं और इसी वजह से वो भी मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बनने के प्रबल दावेदार हैं।
कृष्णन ने अंकित के साथ मिलकर पटना को कई मैचों में जीत दिलाई। यू मुम्बा के खिलाफ मुकाबले में कृष्णन ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए आठ टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे।
3. अर्जुन देशवाल (जयपुर पिंक पैंथर्स)
पिछले सीजन की तरह इस बार भी अर्जुन देशवाल रेडिंग में अपने शानदार परफॉर्मेंस से धमाल मचा रहे हैं। वो इस सीजन भी टॉप रेडर्स में बने हुए हैं। अर्जुन देशवाल ने अभी तक 19 मैच खेले हैं जिसमें 213 प्वॉइंट हासिल किए हैं। इसके अलावा वो सबसे ज्यादा 13 सुपर-10 लगा चुके हैं।
जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम ने इस सीजन प्लेऑफ के लिए सबसे पहले क्वालीफाई किया था और इसमें अर्जुन देशवाल का योगदान सबसे ज्यादा रहा था। इसकी वजह ये है कि अर्जुन देशवाल ने अकेले ही पैंथर्स के रेडिंग का जिम्मा इस सीजन संभाला। उन्हें दूसरे रेडर्स से उतना सपोर्ट नहीं मिला और वो अकेले दम पर टीम को आगे लेकर गए। इसी वजह से अर्जुन देशवाल भी मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बनने के हकदार हैं।
2. मोहम्मदरेजा चियानेह (पुनेरी पलटन)
मोहम्मदरेजा चियानेह पीकेएल के लगातार तीसरे सीजन भी धमाल मचा रहे हैं। इस सीजन उनका प्रदर्शन शायद सबसे बेस्ट रहा है, क्योंकि चियानेह ने इस बार ना केवल डिफेंस बल्कि रेडिंग में भी प्वॉइंट लिया है। उनके 19 मैचों में टोटल 78 टैकल प्वॉइंट है और इसके अलावा वो 27 प्वॉइंट रेडिंग में भी ले चुके हैं तो कुल मिलाकर एक ऑलराउंडर के तौर पर वो 100 से ज्यादा प्वॉइंट अभी तक हासिल कर चुके हैं।
उनका ये आंकड़ा और भी बेहतर होगा, क्योंकि पुनेरी पलटन कम से कम सेमीफाइनल तक जरूर खेलेगी। ऐसे में चियानेह टैकल प्वॉइंट के मामले में अपने पिछले परफॉर्मेंस को बेहतर कर सकते हैं। इसी वजह से उनका भी मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बनने का चांस है।
1. आशु मलिक (दबंग दिल्ली)
दबंग दिल्ली के कप्तान आशु मलिक इस सीजन मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बनने के प्रबल दावेदार हैं। इसकी वजह ये है कि जब टीम के मेन रेडर नवीन कुमार इंजरी का शिकार हुए थे, तब ऐसा लगा था कि अब दिल्ली का रेडिंग डिपार्टमेंट काफी कमजोर हो गया है।
टीम में अब कोई बेहतरीन रेडर नहीं बचा है जो प्वॉइंट लाएगा लेकिन आशु मलिक ने इन सभी अवधारणाओं को गलत साबित कर दिया। उन्होंने ना केवल बेहतरीन कप्तानी की बल्कि रेडिंग में भी कमाल का प्रदर्शन किया। वो इस सीजन 200 रेड प्वॉइंट तक पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने अभी तक 20 मैचों में 222 प्वॉइंट लिए हैं। दिल्ली की टीम आशु मलिक की कप्तानी में प्लेऑफ में जगह बना चुकी है।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.