PKL 10: युवा खिलाड़ियों ने सबको अपनी प्रतिभा से प्रभावित किया है, हरियाणा स्टीलर्स के कोच ने दिया बड़ा बयान
हरियाणा को होम लेग के अपने आखिरी मुकाबले में बेंगलुरु बुल्स के खिलाफ हार हाथ लगी।
पीकेएल सीजन 10 (PKL 10) में लीग स्टेज के आखिरी यानी 132वें मैच में हरियाणा स्टीलर्स और बेंगलुरु बुल्स का आमना-सामना हुआ। पहले हाफ में दोनों टीम 24-24 के साथ बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में बुल्स का दबदबा देखने को मिला जिन्होंने मैच में 53-39 से जीत दर्ज की है।
इस मैच में हरियाणा की ओर से युवा रेडर तेजस पाटिल ने सुपर-10 स्कोर किया। वहीं बेंगलुरु बुल्स की ओर से सुशील ने अकेले ही 22 रेड पॉइंट्स स्कोर करते हुए हरियाणा स्टीलर्स के डिफेंस की कमर तोड़कर रख दी थी। दोनों टीमों ने नए खिलाड़ियों को मौका दिया, जिनमें से कुछ ने काफी अच्छा प्रदर्शन करके दिखाया है।
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा स्टीलर्स के कोच मनप्रीत सिंह ने बताया कि आखिरी 10 मिनट में हुई गलतियों के कारण टीम को हार मिली। वहीं रण सिंह ने बताया कि उनकी टीम को कई नए स्टार मिले हैं।
आखिरी 10 मिनट में हुई गलतियों के कारण हमें हार मिली – मनप्रीत सिंह
हरियाणा स्टीलर्स के कोच मनप्रीत सिंह ने कहा, “मुझे लगता है कि इस मैच में हार से हमारे युवा खिलाड़ियों को कठिन परिस्थितियों का अनुभव मिला है। कई युवाओं को अभी तक मौका नहीं मिला था, लेकिन इस प्लैटफॉर्म पर आकर उन्होंने अपनी प्रतिभा से सबको अवगत कराया है। हमारे नए खिलाड़ी अच्छा खेले, लेकिन शायद आखिरी 10 मिनट में काफी गलतियां कर बैठे।”
सीजन में हरियाणा स्टीलर्स को कई नए स्टार मिले – मनप्रीत सिंह
मनप्रीत सिंह ने कहा, “रेडिंग की बात करूं तो तेजस पाटिल और विशाल चहल, दोनों ने अच्छा करके दिखाया है। हमने बेंगलुरु बुल्स के खिलाफ रविंद्र चौहान और हिमांशु चौधरी के रूप में दो नए कॉर्नर डिफेंडर्स को उतारा था, जो मध्य प्रदेश से आए हैं। सीजन में नवीन कुंडु और मोनू हूडा ने भी मौकों को भुनाया है।”
रेडर्स अपनी लय को बरकरार नहीं रख पाए सुरजीत सिंह
सुरजीत सिंह ने कहा, “मेरी नजर में पूरे सीजन में डिफेंस ने ज्यादातर अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन रेडिंग में हम ज्यादा अच्छा नहीं कर पाए। मुझे लगता है कि रेडर्स अपनी लय को बरकरार नहीं रख पाए, शायद इसी कारण हमें प्लेऑफ में जगह नहीं मिली।”
नए खिलाड़ियों ने काफी प्रभावित किया – रण सिंह
रण सिंह ने कहा, “नए खिलाड़ियों की बात करूं तो आरुलनंतबाबू ने अच्छा करके दिखाया है। रेडिंग में अक्षित काफी युवा हैं, काफी कुछ सीखा है और उम्मीद है कि भविष्य में इससे भी अच्छा प्रदर्शन करके दिखाएंगे।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.