PKL 10 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पांचवीं टीम बनी पटना पाइरेट्स, रिकॉर्ड 7वीं बार बनाई जगह

पटना इस सीजन प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली पांचवीं टीम बनी।
पीकेएल के 10वें सीजन (PKL 10) के प्लेऑफ में एक और टीम ने अपना स्थान पक्का कर लिया है। तीन बार की चैंपियन पटना पाइरेट्स की टीम ने प्लेऑफ में जगह बना ली है और इस सीजन वो प्लेऑफ में जाने वाली पांचवीं टीम बनी। अब प्लेऑफ के लिए इस सीजन सिर्फ एक जगह खाली है, जिसके लिए हरियाणा स्टीलर्स, बंगाल वारियर्स और बेंगलुरू बुल्स के बीच जंग है। हालांकि इन सबमें हरियाणा स्टीलर्स की दावेदारी सबसे मजबूत है। उनको चार में सिर्फ एक ही मैच जीतना है और अब वो अपने होम ग्राउंड में भी खेलेंगे।
तेलुगु टाइटंस को हराकर पटना पाइरेट्स ने प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का किया
पटना पाइरेट्स की टीम ने मंगलवार को खेले गए मुकाबले में तेलुगु टाइटंस को हराया और प्लेऑफ में जगह बनाई। एक समय ऐसा लग रहा था कि जैसे पटना की टीम ये मैच हार जाएगी, क्योंकि टाइटंस ने उनसे 11 प्वॉइंट की बढ़त बना ली थी। हालांकि दूसरे हाफ में वापसी करते हुए टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस तरह से पटना की टीम प्लेऑफ में जाने वाली पांचवी टीम बन गई है।
पटना रिकॉर्ड सातवीं बार प्लेऑफ में पहुंची है।
पटना पाइरेट्स ने रिकॉर्ड सातवीं बार पीकेएल के प्लेऑफ में प्रवेश किया है और उनके नाम सबसे ज्यादा बार प्लेऑफ में जाने का रिकॉर्ड है। टीम ने सबसे ज्यादा तीन बार टाइटल भी जीता है और चार बार फाइनल में भी पहुंचे हैं। पहले सीजन से लेकर पांचवें सीजन तक पटना ने लगातार प्लेऑफ या सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद वो आठवें सीजन में फाइनल तक गए थे, जहां पर उन्हें दबंग दिल्ली से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अब जाकर उन्होंने अंतिम-6 में अपना स्थान पक्का किया है। इस तरह से हम कह सकते हैं कि पटना पीकेएल इतिहास में सबसे ज्यादा निरंतरता के साथ बेहतर करने वाली टीम है।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.