WTC 2023-25 Points Table: टीम इंडिया को पाइंट्स टेबल में हुआ बड़ा फायदा, 8वें स्थान पर फिसली इंग्लैंड

मौजूदा WTC चक्र में ये भारत की चौथी जीत है।
भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला राजकोट में खेला गया, जिसमें भारतीय टीम को 434 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल हुई। इस जीत के साथ भारत ने इस सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है और साथ ही साथ वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पाइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया को नीचे धकेलकर एक स्थान ऊपर भी आ गए हैं।
इस मुकाबले में रविंद्र जडेजा ने पहली पारी में शानदार शतक जड़ा और फिर दोनों पारियों में मिलाकर 7 विकेट भी चटकाए। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। उनके अलावा, युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में शानदार 214* रन बनाए। भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने 557 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा था, लेकिन इंग्लैंड की टीम अंतिम पारी में मात्र 122 रनों पर सिमट गई और उन्हें 434 रनों के बड़े अंतर से हार झेलनी पड़ी।
ICC WTC 2023-25: पाइंट्स टेबल

राजकोट टेस्ट में जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र के प्वॉइंट्स टेबल में 59.52 पीसीटी अंकों के साथ दूसरे स्थान पर आ गई है, जबकि ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर खिसक गई है। भारत में मौजूद चक्र में अब तक कुल सात मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्हें 4 मुकाबले में जीत हासिल हुई है, जबकि 2 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है और 1 मुकाबला ड्रॉ रहा है। इसके अलावा, इंग्लैंड की इस चक्र में यह 8 मैचों में चौथी हार रही और वह 21.87 पीसीटी अंकों के साथ 8वें स्थान पर हैं।
बता दें कि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर ऐतिहासिक सीरीज जीत हासिल करने के बाद 75.00 पीसीटी अंकों के साथ न्यूजीलैंड अंक तालिका में पहले स्थान पर है। इसके अलावा, राजकोट टेस्ट में भारत की जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया (55.0 पीसीटी अंक) एक स्थान नीचे खिसककर तीसरे पर आ गई है। इसके अलावा, अंक तालिका में 50.0 पीसीटी अंकों के साथ बांग्लादेश चौथे स्थान पर और 36.66 अंकों के साथ पाकिस्तान 5वें स्थान पर मौजूद है।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.