Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

फुटबॉल समाचार

भारत ने अपने आखिरी एशियन कप क्वालीफायर मैच में हांगकांग को दी मात, रयान विलियम्स ने डेब्यू मुकाबले में किया शानदार प्रदर्शन

Subhajit has been with Khel Now since 2023, working on the Olympics, Kabaddi, and Hindi desks.
Published at :March 31, 2026 at 11:29 PM
Modified at :March 31, 2026 at 11:29 PM
भारत ने अपने आखिरी एशियन कप क्वालीफायर मैच में हांगकांग को दी मात, रयान विलियम्स ने डेब्यू मुकाबले में किया शानदार प्रदर्शन

भारत ने कोच्चि में अपना पहला मैच जीता।

भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ने कोच्चि में अपनी पहली जीत दर्ज करते हुए एएफसी एशियन कप सऊदी अरब 2027 क्वालीफायर (फाइनल राउंड) अभियान का शानदार अंत किया। मंगलवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने हांगकांग को 2-1 से हराया।

डेब्यू कर रहे रयान विलियम्स और लेफ्ट-बैक आकाश मिश्रा के गोलों ने ब्लू टाइगर्स को इस क्वालीफाइंग अभियान की पहली जीत दिलाई। ब्लू टाइगर्स ने अपने अभियान का समापन पांच अंकों (एक जीत, दो ड्रॉ और तीन हार) के साथ किया, जबकि सिंगापुर 14 अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए एशियन कप के लिए क्वालीफाई कर गया।

मुख्य कोच खालिद जमील ने रयान विलियम्स को डेब्यू का मौका दिया, जबकि बिजॉय वर्गीज़ ने भी सब्स्टीट्यूट के तौर पर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला।

ब्लू टाइगर्स ने मैच की शानदार शुरुआत की। चौथे ही मिनट में रयान विलियम्स ने अपने डेब्यू को यादगार बनाते हुए गोल दागा। अभिषेक सिंह टेकचाम के पास पर मनवीर सिंह ने गेंद को विलियम्स के लिए सेट किया, जिन्होंने आसान फिनिश के साथ भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह भारत के लिए किसी डेब्यू खिलाड़ी द्वारा किया गया सबसे तेज गोल भी रहा।

बढ़त लेने के बाद भारत ने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और आत्मविश्वास के साथ गेंद पर कब्जा रखते हुए खेल की गति तय की। मनवीर सिंह ने लालियानजुआला छांगते के लिए एक शानदार क्रॉस भी दिया, लेकिन हांगकांग के डिफेंडर ने खतरे को टाल दिया।

भारतीय डिफेंस ने हांगकांग को ज्यादा मौके नहीं दिए और हर हमले को मजबूती से रोका। वहीं, भारत काउंटर अटैक में लगातार खतरनाक दिखा। 25वें मिनट में अपुइया (लालेंगमाविया) ने भी दूरी से शॉट लिया, जो थोड़ा सा बाहर निकल गया।

दूसरे हाफ की शुरुआत भी भारत ने शानदार तरीके से की। 50वें मिनट में राहुल भेके के लंबे थ्रो के बाद बॉक्स में अफरातफरी मची, जहां आकाश मिश्रा ने तेजी दिखाते हुए नजदीकी कोण से गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय गोल था।

हालांकि, 65वें मिनट में हांगकांग ने वापसी की। ब्राउनश्टाइन बराक के पास पर एवर्टन कैमार्गो ने शानदार फिनिश करते हुए अंतर को कम कर दिया।

इसके बाद भारत ने खेल पर पकड़ बनाए रखी, जबकि कोच खालिद जमील ने रयान विलियम्स और अनवर अली की जगह आशीक कुरुनियान और जैकसन सिंह को उतारा। आशीक ने आते ही आक्रमण में नई ऊर्जा भर दी और लगातार मौके बनाए।

हांगकांग ने भी अंत में दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन गुरप्रीत सिंह संधू और भारतीय डिफेंस ने मजबूती से स्थिति संभाली। 90वें मिनट में बिजॉय वर्गीज़ को डेब्यू का मौका मिला और उन्होंने इंजरी टाइम में एक महत्वपूर्ण स्लाइडिंग टैकल कर गोल का खतरा टाल दिया।

AFC Asian Cup Qualifiers: Ryan Williams dream debut and other talking points from the India vs Hong Kong match

अंत में भारत ने 22,690 दर्शकों के सामने 2-1 की कड़ी जीत दर्ज की और कोच्चि में पहली जीत के साथ अपने अभियान का सकारात्मक अंत किया।

भारत: गुरप्रीत सिंह संधू (जीके), राहुल भेके, अनवर अली (जैकसन सिंह थौनाओजाम 70’), संदीप झिंगन, आकाश मिश्रा (रोशन सिंह नाओरेम 84’), लालियानजुआला छांगते (बिजॉय वर्गीज़ 90’), लालेंगमाविया, मनवीर सिंह, रयान विलियम्स (आशीक कुरुनियान 70’), अभिषेक सिंह टेकचाम, लिस्टन कोलाको.

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Subhajit Chakroborty
Subhajit Chakroborty

Subhajit Chakraborty is a sports journalist and Content Associate at Khel Now. A graduate of Dr. Bhim Rao Ambedkar College, Delhi University, he pursues his passion for sports through writing, editing, and on-camera work. A devoted cricket fan, he admires Virat Kohli and passionately supports RCB.