आईपीएल 2026 की शुरुआत के बाद से चोट के कारण बाहर हुए सभी खिलाड़ियों की लिस्ट

अब तक कई खिलाड़ी विभिन्न चोटों के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं।
आईपीएल 2026 (IPL 2026) की शुरुआत से ही कई टीमें चोटों से बुरी तरह परेशान रही हैं। आप जानते ही होंगे टूर्नामेंट के आगाज से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स को अपने दो तेज गेंदबाजों आकाश दीप और हर्षित राणा को चोट के चलते खोना पड़ा था। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स ने नाथन एलिस को हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण खो दिया।
इसके अलावा, मुंबई इंडियंस के युवा ऑलराउंडर अथर्व अंकोलेकर घुटने की चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। वहीं राजस्थान रॉयल्स के ऑलराउंडर सैम करन ग्रोइन इंजरी का शिकार हुए और सनराइजर्स हैदराबाद के जैक एडवर्ड्स पैर की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
ये सब तो हुई टूर्नामेंट शुरू होने से पहले की बात, लेकिन इसके बाद भी यह चोटों का सिलसिला थमा नहीं है और लगातार खिलाड़ी इसकी चपेट में आ रहे हैं। तो चलिए इस आर्टिकल में हम आपको उन सभी खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं, जो आईपीएल 2026 की शुरुआत के बाद चोटिल होकर पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
खलील अहमद (चेन्नई सुपर किंग्स)

चेन्नई सुपर किंग्स के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। खलील को 14 अप्रैल को KKR के खिलाफ मैच के दौरान क्वाड्रिसेप में चोट लगी थी। उन्होंने इस सीजन में चेन्नई के लिए 5 मैच खेले थे। चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें रिकवरी के लिए 12 हफ्ते से ज्यादा का समय लगेगा। जिससे उनका IPL 2026 का सफर समाप्त हो गया है।
डेविड पेन (सनराइजर्स हैदराबाद)
सनराइजर्स हैदराबाद के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज डेविड पेन भी एंकल की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि पेन खुद जैक एडवर्ड्स के रिप्लेसमेंट के तौर पर आए थे। लेकिन वह भी केवल 2 मैच ही खेल पाए।
खराब फॉर्म और फिर चोट ने उनके अभियान पर पूर्णविराम लगा दिया। हैदराबाद ने अब उनकी जगह दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी को टीम में शामिल किया है।
ब्रायडन कार्स (सनराइजर्स हैदराबाद)
हैदराबाद की टीम के लिए चोटों का दौर टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही शुरू हो गया था। उनके तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स अभ्यास सत्र के दौरान अपने दाहिने हाथ में चोट लगा बैठे। हालांकि, टीम को उम्मीद थी कि वह जल्दी ठीक हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। हैदराबाद ने उनके रिप्लेसमेंट के रूप में श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को अपनी टीम में जगह दी।
आयुष म्हात्रे (चेन्नई सुपर किंग्स)

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए युवा स्टार आयुष म्हात्रे का बाहर होना सबसे ताजा और बड़ा झटका है। 18 साल के इस युवा बल्लेबाज ने इस सीजन में शानदार फॉर्म दिखाते हुए 6 मैचों में 33.50 की औसत और 177.87 की तूफानी स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए थे।
18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें बाएं हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट लग गई। CSK के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने भी माना कि आयुष का बाहर होना टीम के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है, क्योंकि वह लगातार अच्छी लय में थे।
टॉम बैंटन (गुजरात टाइटंस)
गुजरात टाइटंस को तब झटका लगा जब उनके स्टार बल्लेबाज टॉम बैंटन उंगली की चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए। इंग्लैंड के इस विस्फोटक बल्लेबाज को गुजरात ने ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था।
हालांकि, एक भी मैच खेलने से पहले ही वह चोटिल होकर बाहर हो गए। टीम ने उनकी जगह दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर-बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजेन को रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
Pooja Singh is a passionate cricket enthusiast who has followed the game since childhood, with her interest deepening from 2011 onwards. She closely tracks international cricket and the IPL, sharing insights, updates, and opinions on matches and player performances while bringing fans closer to the game.