PSL 2026 से नाम वापस लेने वाले सभी खिलाड़ियों की लिस्ट

PSL 2026 से कई बड़े विदेशी खिलाड़ियों ने IPL और निजी कारणों की वजह से आखिरी समय पर नाम वापस ले लिया।
पाकिस्तान की मशहूर टी20 लीग PSL 2026 शुरू होने से पहले ही कई टीमों को बड़ा झटका लगा है। बता दें, आगामी सीजन से ठीक पहले कई विदेशी खिलाड़ियों ने अचानक टूर्नामेंट से खुद को अलग कर लिया। इससे न सिर्फ टीम कॉम्बिनेशन प्रभावित हुआ, बल्कि फ्रेंचाइजी को आखिरी समय पर नए विकल्प तलाशने पड़े।
कई विदेशी खिलाड़ियों के नाम वापस लेने का बड़ा कारण आईपीएल 2026 रहा। कई खिलाड़ियों ने सीधे PSL छोड़कर IPL को प्राथमिकता दी, जबकि कुछ ने निजी कारण और कॉन्ट्रैक्ट मुद्दों के चलते यह फैसला लिया।
ये हैं PSL 2026 से नाम वापस लेने वाले सभी खिलाड़ी-
1. रहमानुल्लाह गुरबाज

पेशावर जाल्मी ने PSL 2026 के ऑक्शन से ठीक पहले अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज को एक विदेशी विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में डायरेक्ट साइन किया था। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी टॉप ऑर्डर में टीम को तेज शुरुआत देने के लिए बेहद अहम मानी जा रही थी।
लेकिन टूर्नामेंट से ठीक पहले उन्होंने निजी कारणों का हवाला देकर अपना नाम वापस ले लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह अपने व्यक्तिगत काम और फाउंडेशन पर ध्यान देना चाहते थे, जिसके चलते उन्होंने ऐसा फैसला किया।
2. गुडाकेश मोती
लाहौर कलंदर्स ने वेस्टइंडीज के गुडाकेश मोती को स्पिन अटैक मजबूत करने के लिए 1.1 करोड़ पाकिस्तानी रूपये में खरीदा था। वह मिडिल ओवर में रन रोकने और विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं, जिससे टीम को संतुलन मिलता है।
हालांकि, उन्होंने मिडिल-ईस्ट वॉर के चलते फ्लाइट प्रतिबंधों के कारण PSL से हटने का फैसला लिया है। अब कुछ रिपोर्ट्स में यह भी सामने आ रहा है कि वह IPL 2026 में वानिंदु हसरंगा की जगह लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन सकते हैं।
3. ब्लेसिंग मुजरबानी

इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी एक अहम तेज गेंदबाज विकल्प थे, जो नई गेंद और डेथ ओवर दोनों में असर डाल सकते थे। उनकी लंबी कदकाठी और बाउंस टीम के लिए बड़ा हथियार थी। लेकिन उन्होंने PSL छोड़कर IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ने का फैसला किया।
4. ओटनील बार्टमैन
साउथ अफ्रीका के ओटनील बार्टमैन को नई फ्रेंचाइजी हैदराबाद किंग्समेन ने 1.1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये देकर ऑक्शन में खरीदा था। हालांकि, उन्होंने PSL शुरू होने से पहले टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लेने का फैसला किया। अब खबर आ रही है कि वह आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स में नाथन एलिस की जगह ले सकते हैं।
5. टायमल मिल्स
इंग्लैंड के टायमल मिल्स टी20 क्रिकेट के अनुभवी गेंदबाज हैं, जिन्हें डेथ ओवर में उनकी वैराइटी वाली गेंदबाजी के लिए जाना जाता है। उन्हें पेशावर जाल्मी ने डायरेक्ट साइनिंग के जरिए अपनी टीम का हिस्सा बनाया था। हालाँकि, अब उन्होंने पारिवारिक वजह से PSL 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है।
6. स्पेंसर जॉनसन

स्पेंसर जॉनसन ऑस्ट्रेलिया के एक उभरते हुए तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने हाल के समय में अपनी पेस और कंट्रोल से सबका ध्यान खींचा है। उन्हें क्वेटा ग्लेडिएटर्स ने डायरेक्ट साइन करके अपनी टीम में शामिल किया था।
हालाँकि, अब उन्होंने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है और उनकी जगह पर अल्जारी जोसेफ को क्वेटा टीम में जगह मिली है। अब यह खबर आ रही है कि जॉनसन आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ सकते हैं।
7. जॉनसन चार्ल्स
वेस्टइंडीज के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज जॉनसन चार्ल्स एक अनुभवी ओपनर हैं, जो टी20 क्रिकेट में तेज शुरुआत देने के लिए जाने जाते हैं। उन्हें PSL 2026 में कराची किंग्स ने 2 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में टीम में शामिल किया था, लेकिन उन्होंने अब इस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है और उनकी जगह पर रीजा हेंड्रिक्स को जगह मिल गई है।
8. जेक फ्रेजर मैकगर्क
ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज जेक फ्रेजर मैकगर्क अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने आईपीएल 2024 में शानदार प्रदर्शन करके टी20 क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई थी। हालाँकि, PSL 2026 में उन्हें नई फ्रेंचाइजी रावलपिंडी ने डायरेक्ट साइन करके अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन मैकगर्क ने अब अपना नाम वापस ले लिया है।
9. दासुन शनाका

श्रीलंका के टी20 कप्तान दासुन शनाका एक अनुभवी ऑलराउंडर हैं, जो बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदल सकते हैं। इसी क्षमता को देखते हुए उन्हें लाहौर कलंदर्स ने 75 लाख पाकिस्तानी रुपये में टीम में शामिल किया था। हालाँकि, शनाका ने अब PSL 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है और आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स में चोटिल सैम करन की जगह लेंगे।
PSL 2026 कब शुरु होगा?
PSL 2026 की शुरुआत मार्च 26 से होगी।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.