Khel Now logo
HomeSportsBangladesh Premier LeagueLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज

Nishant has been part of Khel Now since November 2024, covering Cricket and Kabaddi on the Hindi desk.
Published at :February 3, 2025 at 4:26 PM
Modified at :February 3, 2025 at 4:27 PM
चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज

चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दो भारतीय बल्लेबाज टॉप 10 में शामिल हैं।

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 1998 में हुई थी और पहले दो टूर्नामेंट आईसीसी नॉकआउट के नाम से खेले गए। इसके बाद 2002 से इस टूर्नामेंट का नाम चैंपियंस ट्रॉफी कर दिया गया। 1998 में सबसे पहली बार दक्षिण अफ्रीका ने खिताब पर कब्जा किया था और उसके बाद 2000 में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर खिताब जीता था। भारतीय टीम और ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक सबसे ज्यादा दो-दो बार चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्ज़ा किया है।

चैंपियंस ट्रॉफी में अगर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो टॉप 10 में दो भारतीय बल्लेबाजों का नाम शामिल है और पहले स्थान पर भी दिग्गज भारतीय खिलाड़ी ही मौजूद हैं। तो चलिए इस आर्टिकल में हम आपको उन टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में बताते हैं, जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं।

10. जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) – 9 छक्के

दक्षिण अफ्रीका के महान ऑलराउंडर जैक्स कैलिस ने चैंपियंस ट्रॉफी के 17 मैचों में 9 छक्के लगाए हैं। कैलिस ने इन 17 मैचों में एक शतक और तीन अर्धशतक की मदद से 653 रन बनाये और श्रीलंका के खिलाफ 1998 में 113 का नाबाद स्कोर उनका सर्वाधिक रहा। उस पारी में कैलिस ने 5 छक्के लगाए थे।

9. डेविड मिलर (दक्षिण अफ्रीका) – 9 छक्के

David Miller
David Miller. (Image Source: twitter)

दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज डेविड मिलर के नाम चैंपियंस ट्रॉफी के 7 मैचों में 9 छक्के हैं। इन 9 मैचों में मिलर ने दो अर्धशतक की मदद से 207 रन बनाये हैं और 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम में 75 का नाबाद स्कोर उनका सर्वाधिक है। उस पारी में मिलर ने तीन छक्के लगाए थे।

8. क्रेग मैकमिलन (न्यूजीलैंड) – 9 छक्के

न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज क्रेग मैकमिलन ने चैंपियंस ट्रॉफी के 7 मैचों में 9 छक्के लगाए थे। इस दौरान मैकमिलन ने तीन अर्धशतक की मदद से 255 रन बनाये और 2004 में यूएसए के खिलाफ 64 का नाबाद स्कोर उनका सर्वाधिक है। उस पारी में मैकमिलन ने 7 छक्के लगाए थे।

7. शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान) – 10 छक्के

पाकिस्तान के धुआंधार बल्लेबाज शाहिद अफरीदी ने चैंपियंस ट्रॉफी के 13 मैच में 10 छक्के लगाए हैं। हालाँकि इन 13 मैचों में अफरीदी के नाम एक अर्धशतक के साथ सिर्फ 167 रन दर्ज हैं और 2002 में नीदरलैंड्स के खिलाफ 55 का नाबाद स्कोर उनका सर्वाधिक था। उस पारी में अफरीदी ने 6 छक्के लगाए थे।

6. हार्दिक पांड्या (भारत) – 10 छक्के

भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के नाम चैंपियंस ट्रॉफी के सिर्फ 5 मैच में 10 छक्के दर्ज हैं। हार्दिक ने इन 5 मैचों में एक अर्धशतक की मदद से 105 रन बनाये हैं और 2017 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 76 का स्कोर उनका सर्वाधिक है। उस पारी में हार्दिक ने 6 छक्के लगाए थे।

5. पॉल कॉलिंगवुड (इंग्लैंड) – 11 छक्के

इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर पॉल कॉलिंगवुड ने चैंपियंस ट्रॉफी के 11 मैच में 11 छक्के लगाये थे। इन 11 मैचों में कॉलिंगवुड के नाम दो अर्धशतक के साथ 403 रन दर्ज हैं और 2009 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 82 का स्कोर उनका सर्वाधिक था। उस पारी में कॉलिंगवुड ने हालाँकि सिर्फ एक छक्का लगाया था लेकिन 2004 में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ 80 रनों की नाबाद पारी में उन्होंने तीन छक्के लगाए थे।

4. शेन वॉटसन (ऑस्ट्रेलिया) – 12 छक्के

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने चैंपियंस ट्रॉफी के 17 मैच में 12 छक्के लगाए हैं। इन 17 मैचों में वॉटसन के नाम दो शतक और दो अर्धशतक की मदद से 453 रन दर्ज हैं। 2009 में वॉटसन ने सेमीफाइनल और फाइनल में लगातार दो शतक लगाए थे और दोनों मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। इंग्लैंड के खिलाफ 136 रनों की नाबाद पारी में वॉटसन ने 7 और न्यूजीलैंड के खिलाफ 105 रनों की नाबाद पारी में वॉटसन ने 4 छक्के लगाए थे।

3. इयोन मॉर्गन (इंग्लैंड) – 14 छक्के

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन ने चैंपियंस ट्रॉफी के 13 मैच में 14 छक्के लगाए हैं। इन 13 मैचों में मॉर्गन ने चार अर्धशतक की मदद से 439 रन बनाये और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2017 में 87 का स्कोर उनका सर्वाधिक है। उस पारी में मॉर्गन ने पांच छक्के लगाए थे।

2. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 15 छक्के

Chris Gayle
Chris Gayle. (Image Source: Getty Images)

वेस्टइंडीज के ताबड़तोड़ बल्लेबाज और यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल ने चैंपियंस ट्रॉफी के 17 मैच में 15 छक्के लगाये थे। इस दौरान गेल ने तीन शतक और एक अर्धशतक की मदद से सबसे ज्यादा 791 रन बनाये। 2006 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 101 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 133 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। 2006 में ही बांग्लादेश के खिलाफ गेल ने 104 रन बनाये थे जिसमें तीन छक्के शामिल थे।

1. सौरव गांगुली (भारत) – 17 छक्के

Sourav Ganguly
Sourav Ganguly (Image Source: Getty Images)

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सौरव गांगुली के नाम चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा छक्के हैं। गांगुली ने इस टूर्नामेंट के 13 मैच में 17 छक्के लगाए थे और उस दौरान उनके नाम तीन शतक एवं तीन अर्धशतक की मदद से 665 रन दर्ज हुए। गांगुली ने 2000 के आईसीसी नॉकआउट के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच जिताने वाली 141 रनों की नाबाद पारी खेली थी जिसमें उन्होंने 6 छक्के लगाये थे।

2000 के फाइनल में भी उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ चार छक्कों की मदद से 117 रनों की शतकीय पारी खेली थी लेकिन उस मैच में भारतीय टीम को आखिरी ओवर में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2002 चैंपियंस ट्रॉफी में सौरव गांगुली ने इंग्लैंड के खिलाफ 109 गेंदों में 117 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली थी जिसमें उन्होंने तीन छक्के लगाए थे।

For more updates, follow Khel Now Cricket on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

Nishant
Nishant

As a sports lover since childhood, Nishant has been writing about sports since 2015, mainly cricket and kabaddi. As a cricket fan, I love writing about interesting stats. Also covered Olympics, Asian Games, Commonwealth Games & Pro Kabaddi League.

Latest News
Advertisement