PKL 12: अर्जुन देशवाल को लेकर बेंगलुरु बुल्स के कोच ने दिया बड़ा बयान, खास रणनीति का भी किया खुलासा

बेंगलुरु बुल्स ने तमिल थलाइवाज को हराकर PKL 12 में अपनी छठी जीत हासिल की।
पीकेएल के 12वें सीजन (PKL 12) का 66वां मैच तमिल थलाइवाज और बेंगलुरु बुल्स के बीच खेला गया। बता दें इस मैच में बुल्स ने थलाइवाज को उनके ही होम ग्राउंड में 33-29 से हरा दिया। बेंगलुरु बुल्स के लिए अलीरेजा मीरजाएन ने सुपर-10 लगाया। जबकि डिफेंस में दीपक ने हाई फाइव लगाया और संजय ने 4 पॉइंट्स लिए।
तमिल थलाइवाज के लिए कप्तान अर्जुन देशवाल ने 9 पॉइंट्स लिए और रोहित बेनीवाल ने भी 6 पॉइंट्स लेकर उनका अच्छा साथ दिया। डिफेंस में नितेश कुमार ने 4 पॉइंट्स लिए लेकिन इसके बावजूद टीम को आखिर में हार का सामना करना पड़ा।
अर्जुन देशवाल के ऊपर हमारा पूरा फोकस था – जीवा कुमार
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बेंगलुरु बुल्स के असिस्टेंट कोच जीवा कुमार और कप्तान योगेश ने इस जीत को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी। जीवा कुमार ने बताया कि इस मैच में उनकी टीम का पूरा फोकस अर्जुन देशवाल के ऊपर था।
जीवा कुमार ने कहा “यह मैच जीतना हमारे लिए काफी जरूरी था। हम अर्जुन देशवाल के खिलाफ खास रणनीति बनाकर आए थे। पिछले मुकाबले में हमारे खिलाफ अर्जुन ने काफी पॉइंट्स लिए थे। इसलिए हमारा पूरा फोकस उनके ही ऊपर था कि अगर उनको टैकल कर लिया तो हम मैच जीत जाएंगे। संजय ने उस समय जो अर्जुन को टैकल किया तो हमारा प्लान यही था कि सिर्फ एक ही डिफेंडर जाएगा लेकिन हमारे पूरे प्लेयर्स ने भी सपोर्ट किया।“
वहीं बेंगलुरु बुल्स के कप्तान योगेश ने कहा “हमारे लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी था, क्योंकि इस जीत के बाद हम पॉइंट्स टेबल में ऊपर आ जाते। इसी वजह से हम काफी खुश हैं। सभी खिलाड़िय़ों ने एकजुट होकर खेल दिखाया और टीम को जीत दिलाई।“
दीपक शंकर बन सकते हैं टॉप डिफेंडर – जीवा कुमार
जीवा कुमार ने दीपक शंकर की काफी तारीफ की जिन्होंने 5 टैकल पॉइंट्स लिए। जीवा ने बताया कि किस तरह दीपक के पास एक टॉप डिफेंडर बनने का बेहतरीन मौका है।
उन्होंने कहा “दीपक को हमने नेशनल्स में खेलते हुए देखा था और वहीं से उनको पिक कर लिया था। वो एक बहुत ही अच्छे खिलाड़ी हैं। अगर वो थोड़ा और स्किल ऐड कर लें तो फिर भारत के बहुत ही अच्छे डिफेंडर बन सकते हैं।“
तमिलनाडु से काफी प्लेयर्स निकलकर सामने आएंगे – सुरेश कुमार
तमिल थलाइवाज के असिस्टेंट कोच सुरेश कुमार ने तमिलनाडु के प्लेयर्स को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि किस तरह तमिलनाडु में कबड्डी रग-रग में बसा हुआ है।
सुरेश कुमार ने कहा “काफी अच्छी बात है कि तमिल थलाइवाज में तमिलनाडु के बहुत सारे खिलाड़ी आ रहे हैं। तमिलनाडु में कबड्डी काफी लोकप्रिय है और इसी वजह से और भी प्लेयर्स के आने के चांस हैं। यहां पर स्कूल-कॉलेज से लेकर हर जगह तक कबड्डी होता है। इंटर-जोनल और डिस्ट्रिक टूर्नामेंट्स भी होते हैं। इसी वजह से स्कूल और कॉलेज से इतने सारे कबड्डी खिलाड़ी निकलकर सामने आते हैं।“
प्लेऑफ में जाने के लिए हर मैच जीतना जरूरी – सुरेश कुमार
सुरेश कुमार ने प्लेऑफ में जाने के लिए हर मैच को जीतना जरूरी बताया। उनके मुताबिक इस टूर्नामेंट में कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है।
सुरेश कुमार ने कहा “यहां से हर एक मैच हमारे लिए करो या मरो वाला है। इस सीजन ऐसा नहीं है कि किसी एक टीम का पलड़ा भारी है। कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है। हमने हरियाणा स्टीलर्स जैसी बेहतरीन टीम को हरा दिया था। अब हम लगातार मुकाबले जीतकर प्लेऑफ में जाने की कोशिश करेंगे।“
अगले मैच में अयान पर रहेगा खास फोकस – नितेश
तमिल थलाइवाज के स्टार डिफेंडर नितेश कुमार ने पटना पाइरेट्स के खिलाफ अगले मैच को जीतना बहुत जरूरी बताया। उन्होंने बताया कि अयान के खिलाफ वो खास रणनीति बनाकर उतरेंगे।
नितेश ने कहा “हमारा अगला मैच पटना पाइरेट्स के साथ है जिनके पास अयान जैसा रेडर है। उन्होंने पिछले सीजन भी काफी अच्छा किया था और इस सीजन भी जबरदस्त कर रहे हैं। इसलिए उनकी चुनौती हमारे सामने रहेगी। हालांकि, कोई भी अच्छा रेडर हो और अगर डिफेंस एकजुट होकर खेले तो उसे टैकल किया जा सकता है। हमारी भी रणनीति यही रहेगी। पटना के खिलाफ जीत हमारे लिए काफी अहम होगी।“
PKL 12 के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर कौन है?
दबंग दिल्ली नौ जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद हैं।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.