Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट, जानिए किन खिलाड़ियों ने बनाई अपनी जगह

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :March 9, 2026 at 11:53 PM
Modified at :March 9, 2026 at 11:53 PM
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट, जानिए किन खिलाड़ियों ने बनाई अपनी जगह

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय टीम चैंपियन बनी।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। पूरे टूर्नामेंट में कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से छाप छोड़ी और फैंस का भरपूर मनोरंजन किया।

बता दें टूर्नामेंट की समाप्ति के बाद कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन और योगदान के आधार पर उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में चुना गया है। भारत के पांच खिलाड़ी इस बेस्ट टीम में शामिल हैं, जबकि न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और यूएसए के भी कुछ खिलाड़ियों ने इस टीम में जगह बनाए।

तो चलिए, यहां हम आपको टी20 वर्ल्ड कप 2026 की बेस्ट टीम ऑफ द टूर्नामेंट के बारे में बताते हैं।

ये है टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट-

1. संजू सैमसन (भारत)

Will Sanju Samson fail in final of T20 World Cup 2026? Know his records in Ahmedabad
Sanju Samson. (Image Source: BCCI)

संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने पांच पारियों में 321 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 80.25 और स्ट्राइक रेट 199.37 रहा। सैमसन ने टूर्नामेंट में लगातार तीन अर्धशतक भी लगाए और तीनों में 85 से ज्यादा रन बनाए।

उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को कई मुकाबलों में मजबूत शुरुआत दिलाई। उनकी पारियों की बदौलत भारत लगातार बड़े स्कोर बनाने में सफल रहा और टीम फाइनल जीतकर चैंपियन बनी। इतना ही नहीं, सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।

2. टिम साइफर्ट (न्यूजीलैंड)

Tim Seifert
Tim Seifert. (Photo by Joe Allison-ICC/ICC via Getty Images)

न्यूजीलैंड के टिम साइफर्ट इस टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने आठ पारियों में 46.57 की औसत और 166.32 की स्ट्राइक रेट से 326 रन बनाए।

साइफर्ट ने पूरे टूर्नामेंट में चार अर्धशतक लगाए और न्यूजीलैंड को कई मुकाबलों में शानदार शुरुआत दिलाई। उनके प्रदर्शन की बदौलत टीम फाइनल तक पहुंची, लेकिन खिताबी मुकाबले में उन्हें भारत से हार का सामना करना पड़ा।

3. ईशान किशन (भारत)

How many times more IND vs PAK can happen in T20 World Cup 2026?
Ishan Kishan. (Photo by Robert Cianflone/Getty Images)

ईशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने नौ पारियों में 317 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 193.29 रहा।

किशन ने पूरे टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक लगाए, जो पाकिस्तान, नीदरलैंड्स और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ आई थी। इसके अलावा अन्य मैचों में भी उन्होंने छोटी-छोटी तेज पारियां खेली। मिडिल ऑर्डर में उनकी तेज बल्लेबाजी ने भारत को कई मुकाबलों में बढ़त दिलाई और खिताब जीतने में भी मदद की।

4. जैकब बेथेल (इंग्लैंड)

Which team will Jacob Bethell play for in IPL 2026?
Jacob Bethell. (Photo by Prakash Singh/Getty Images)

इंग्लैंड के युवा स्टार बल्लेबाज जैकब बेथेल ने इस टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने आठ मैचों में 280 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 35.00 और स्ट्राइक रेट 152.17 रहा।

बेथेल ने टूर्नामेंट में एक शतक और एक अर्धशतक लगाया। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105 रन रहा, जो उन्होंने मुंबई में भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में बनाया था। हालांकि, उस मैच में इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा।

5. शिवम दुबे (भारत)

Shivam Dube
Shivam Dube. (Photo by Prakash Singh/Getty Images)

शिवम दुबे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने आठ पारियों में 39.16 की औसत और 169.06 की स्ट्राइक रेट से 235 रन बनाए।

उन्होंने इस टूर्नामेंट में एक अर्धशतक लगाया और गेंदबाजी में भी पांच विकेट लिए। दुबे के इस प्रदर्शन ने भारत को कई मुकाबलों में संतुलन दिया और अंत में टीम ने खिताब अपने नाम किया।

6. विल जैक्स (इंग्लैंड)

इंग्लैंड के विल जैक्स ने इस टूर्नामेंट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने आठ पारियों में 56.50 की औसत और 176.56 की स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ एक ही अर्धशतक निकला, लेकिन वह लगभग सभी मैचों में इंग्लैंड की जीत की अहम कड़ी बनते रहे।

जैक्स ने इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड के लिए कई छोटी और अहम पारियाँ खेलीं, जो निर्णायक साबित हुईं। इसके अलावा, उन्होंने गेंदबाजी करते हुए 7 पारियों में 21.66 की औसत से 9 विकेट भी चटकाए। उनके प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रहा।

7. हार्दिक पांड्या (भारत)

Hardik Pandya
Hardik Pandya. (Photo by Shubhajit Roy Karmakar/NurPhoto via Getty Images)

हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए अहम ऑलराउंड प्रदर्शन किया और एक बार फिर खिताब जिताने में मदद की। उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 9 मैचों में 217 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 160.74 रहा।

पांड्या ने इस टूर्नामेंट में दो अर्धशतक लगाए और गेंदबाजी में भी 8.82 की इकॉनमी रेट से रन खर्च करते हुए नौ विकेट लिए। उनके इस प्रदर्शन ने भारत को नॉकआउट मुकाबलों में मजबूती दी और खिताब जीतने में सफलता मिली।

8. आदिल रशीद (इंग्लैंड)

Adil Rashid, Jos Buttler
Adil Rashid. (Image- Getty)

इंग्लैंड के अनुभवी स्पिनर आदिल रशीद ने इस टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने आठ मैचों में 19.23 की औसत से 13 विकेट लिए और कई मैचों में इंग्लैंड की जीत की अहम कड़ी बने रहे।

मिडिल ओवर्स में उनकी गेंदबाजी ने इंग्लैंड को कई मुकाबलों में बढ़त दिलाई और टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, सेमीफाइनल मुकाबले में उनकी टीम को भारत से हार झेलकर बाहर होना पड़ा।

9. शैडली वान शाल्कविक (यूएसए)

यूएसए के तेज गेंदबाज शैडली वान शाल्कविक इस टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली गेंदबाजों में से एक रहे। उन्होंने चार पारियों में 13 विकेट लिए और फाइनल से पहले तक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज भी रहे।

उनकी गेंदबाजी की बदौलत यूएसए ने ग्रुप स्टेज में चार में से दो मुकाबले जीते। टीम ने भारत के खिलाफ भी कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव की 84* रनों की पारी के चलते उलटफेर नहीं हो सका।

10. जसप्रीत बुमराह (भारत)

Jasprit Bumrah, India, T20 World Cup 2026
Jasprit Bumrah. (Photo by Matt Roberts-ICC/ICC via Getty Images)

जसप्रीत बुमराह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने आठ पारियों में 14 विकेट लिए और उनकी इकॉनमी रेट मात्र 6.21 की रही। बुमराह ने पॉवरप्ले और डेथ ओवर्स दोनों में शानदार गेंदबाजी की और कई मैचों में टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

बुमराह ने फाइनल मुकाबले में 4/15 का स्पेल भी फेंका, जो उनके टी20 अन्तर्राष्ट्रीय करियर की सबसे बेस्ट स्पेल थी। उनकी इस गेंदबाजी प्रदर्शन ने भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

11. लुंगी एनगिडी (दक्षिण अफ्रीका)

SA vs UAE: Why did Lungi Ngidi miss T20 World Cup 2026 match 34
Lungi Ngidi. (Photo by Surjeet Yadav-ICC/ICC via Getty Images)

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने सात मैचों में 12 विकेट लिए। इस दौरान उनकी गेंदबाजी का औसत 15.58 और इकॉनमी 7.19 रही। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अपनी स्लोअर गेंदों का सही इस्तेमाल किया, जिसका प्रभाव भी काफी देखने को मिला

एनगिडी की गेंदबाजी ने दक्षिण अफ्रीका को पूरे टूर्नामेंट में मजबूती दी और टीम सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही। हालांकि, नॉकआउट मुकाबले में उनकी टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ एकतरफा हार का सामना करना पड़ा।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.