टॉप पांच गेंदबाज जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में चटका सकते हैं सबसे ज्यादा विकेट

जसप्रीत बुमराह के ऊपर फाइनल में सबकी निगाहें होंगी।
कौन बनेगा टी20 वर्ल्ड कप 2026 का चैंपियन? आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इसका फैसला हो जाएगा जब भारत और न्यूजीलैंड की टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में आमने-सामने आएंगी। ये मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा, जिसमें कुछ विशेष खिलाड़ी चर्चा का केंद्र बने होंगे।
बल्लेबाजी में संजू सैमसन से लेकर फिन एलन तक से तूफानी पारियों की उम्मीद होगी। मगर यहां हम गेंदबाजों की बात करने वाले हैं, जो अपने पेस या फिर फिरकी से फाइनल मैच में पासा पलटने का काम कर सकते हैं। तो चलिए उन 5 गेंदबाजों पर नजर डालते हैं, जो फाइनल मुकाबले में सबसे ज्यादा विकेट ले सकते हैं।
ये 5 गेंदबाज फाइनल में सबसे ज्यादा विकेट निकाल सकते हैं-
5. वरुण चक्रवर्ती

सेमीफाइनल में 4 ओवरों में 64 रन लुटाने के बाद वरुण चक्रवर्ती की प्लेइंग इलेवन में जगह पर सवाल उठने लगे हैं। मगर यह भी सच है कि चक्रवर्ती अब तक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनके अलावा तीन और गेंदबाज 13-13 विकेट ले चुके हैं। बिना कोई संदेह चक्रवर्ती एक ट्रम्प कार्ड प्लेयर हैं, बस उन्हें लाइन और लेंथ ठीक रखने की कोशिश करनी होगी।
चक्रवर्ती फॉर्म में वापस लौट आए तो कीवी बल्लेबाजों की खैर नहीं। याद रहे कि चक्रवर्ती ने अब तक वर्ल्ड कप के प्रत्येक मैच में कम से कम एक विकेट जरूर लिया है। ऐसे में चक्रवर्ती को इस लिस्ट से बाहर नहीं रखा जा सकता।
4. मैट हेनरी

रिपोर्ट्स अनुसार फाइनल के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पर हल्की घास होगी और तेज बाउंस भी होगा। ऐसे में मैट हेनरी की 145 किमी प्रतिघंटा से ज्यादा रफ्तार वाली गेंद खासतौर पर पावरप्ले में भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती हैं।
हेनरी अगर रफ्तार के साथ-साथ स्विंग भी करवा पाए तो यह डेडली कॉम्बिनेशन होगा और वो पहले 6 ओवरों के भीतर भारतीय बैटिंग लाइन-अप की धज्जियां उधेड़ सकते हैं। हेनरी अब तक इस वर्ल्ड कप में कुल 9 विकेट ले चुके हैं।
3. रचिन रवींद्र

इस लिस्ट में कप्तान मिचेल सैंटनर भी हो सकते थे, लेकिन फिलहाल रचिन रवींद्र के बल्ले से ज्यादा उनकी फिरकी जादू बिखेर रही है। पिछले 3 मैचों में ही उन्होंने 9 विकेट चटका दिए हैं और इकॉनॉमी रेट भी शानदार रहा है।
अब तक टी20 मैचों में रवींद्र ने कभी भारत के खिलाफ गेंदबाजी नहीं की है, इसलिए वो भारतीय बल्लेबाजों के सामने एक नई चुनौती पेश कर सकते हैं। गेंदबाजी फॉर्म को देखते हुए कहा जा सकता है कि फाइनल में रचिन रवींद्र के ओवर काफी अहम भूमिका निभाने वाले हैं।
2. अर्शदीप सिंह

अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 127 विकेट लेने वाले अर्शदीप सिंह के लिए यह टी20 वर्ल्ड कप ज्यादा यादगार सिद्ध नहीं हुआ है। मगर पावरप्ले, मिडिल ओवरों और डेथ ओवर, अर्शदीप तीनों चरणों में प्रभावशाली गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। शुरुआत में स्विंग मिली तो पूरे मैच में शायद अर्शदीप से घातक कोई और गेंदबाज नहीं होगा। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में अब तक 9 विकेट लिए हैं।
1. जसप्रीत बुमराह

आंकड़े सबूत हैं कि जसप्रीत बुमराह इस दौर के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं। वहीं लाइन और लेंथ की सटीकता उन्हें और भी घातक सिद्ध करती है।
सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अपने स्पेल के अंतिम 2 ओवरों में बुमराह ने पूरे मैच का रुख ही पलट कर रख दिया था। बुमराह अब तक वर्ल्ड कप में 10 विकेट ले चुके हैं और फाइनल में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को उनसे खासतौर पर सावधान रहने की जरूरत होगी।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.