LSG से हार के बावजूद क्या CSK प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकती है? जानिए आईपीएल 2026 का समीकरण

लखनऊ में LSG ने चेन्नई सुपर किंग्स को मात दी।
आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार ने चेन्नई की मुश्किलें जरूर बढ़ा दी हैं, लेकिन फैंस के लिए राहत की बात यह है कि वह अभी भी प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है।
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले की बात करें तो, CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कार्तिक शर्मा की 42 गेंदों पर 71 रनों की पारी के चलते 5 विकेट खोकर 187 रन बनाए थे। लेकिन मिचेल मार्श की 38 गेंदों पर 90 रनों की विस्फोटक पारी के दम पर मेजबान लखनऊ ने 188 रनों का लक्ष्य सिर्फ 16.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया।
इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खाते में अब 12 मैचों में 12 अंक हैं और वह पॉइंट्स टेबल में पांचवें से छठे स्थान पर पहुंच गई है। अब CSK के लिए सबसे बड़ी चिंता उनका नेट रन रेट है, जो अब घटकर +0.027 पर आ गया है। ऐसे में अब उनके लिए आने वाले दोनों मुकाबले ‘करो या मरो’ जैसे हो गए हैं।
क्या अभी भी आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंच सकती है CSK?

जी हां! चेन्नई सुपर किंग्स के पास अभी भी आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने का मौका है, लेकिन अब वह सिर्फ अपने दम पर आसानी से क्वालीफाई नहीं कर सकती। CSK के अभी दो मुकाबले बाकी हैं और अगर वह दोनों मैच जीतती है तो उसके खाते में 16 अंक हो जाएंगे।
हालांकि, 16 अंक तक पहुंचने पर चेन्नई की उम्मीदें काफी मजबूत हो सकती हैं, लेकिन सिर्फ इतने अंक काफी नहीं होंगे। उन्हें अपना नेट रन रेट भी बेहतर करना होगा, क्योंकि राजस्थान रॉयल्स (12 अंक), पंजाब किंग्स (13 अंक) और सनराइजर्स हैदराबाद (14 अंक) जैसी टीमें भी टॉप 4 की रेस में बनी हुई हैं। ऐसे में CSK को सिर्फ अपने मैच जीतने से काम नहीं चलेगा, बल्कि दूसरी टीमों के रिजल्ट पर भी नजर रखनी होगी।
CSK के लिए सबसे बड़ी चिंता क्या है?
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे बड़ी चिंता उनका कमजोर नेट रन रेट (+0.027) है, जो टॉप टीमों की तुलना में काफी कम है।अगर पॉइंट्स टेबल में कई टीमें 16 अंक तक पहुंचती हैं, तो प्लेऑफ का फैसला नेट रन रेट से हो सकता है। ऐसे में CSK को अपने बाकी दोनों मुकाबले सिर्फ जीतने नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीतने होंगे।
इसके अलावा, चेन्नई की गेंदबाजी भी लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। पिछले कुछ मुकाबलों में उनके गेंदबाज पॉवरप्ले और डेथ ओवर दोनों में काफी महंगे साबित हुए हैं। इसीलिए, उन्हें आगे के मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा, नहीं तो वह लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ में क्वालीफाई नहीं कर सकेंगे, जो आईपीएल इतिहास में पहली बार होगा।
दूसरी टीमों के रिजल्ट पर भी निर्भर करेगी CSK
अगर चेन्नई सुपर किंग्स अपने दोनों मुकाबले जीत भी जाती है, तब भी उसे दूसरी टीमों की हार की जरूरत पड़ सकती है। पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद में से कम से कम दो टीमों को अपने बाकी मुकाबलों में हारना होगा।
खासकर पंजाब किंग्स के पास अभी भी दो मैच बचे हैं और अगर वह लगातार जीत दर्ज करती है, तो CSK के लिए रास्ता और मुश्किल हो जाएगा।
हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स अभी भी गणितीय रूप से रेस में हैं, लेकिन उनकी स्थिति CSK की तुलना में ज्यादा कमजोर नजर आ रही है।
अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए हर मैच नॉकआउट जैसा
आईपीएल 2026 सीजन के शुरुआती हिस्से में लगातार उतार-चढ़ाव झेलने वाली चेन्नई सुपर किंग्स अब ऐसी स्थिति में पहुंच चुकी है, जहां एक और हार उनके प्लेऑफ रेस को लगभग खत्म कर सकती है।
ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम को अब सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि दमदार जीत की जरूरत है। बल्लेबाजी में कार्तिक शर्मा, शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे खिलाड़ी अच्छी लय में दिखे, लेकिन बॉलिंग यूनिट को जल्द ही सुधार करना होगा।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स दबाव में वापसी कर पाती है या IPL 2026 में उसका सफर लीग स्टेज में ही खत्म हो जाएगा।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.