Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

आईपीएल में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले टॉप 3 कप्तान

A cricket enthusiast sharing insights, opinions, and stories from the game she loves.
Published at :April 8, 2026 at 10:23 PM
Modified at :April 8, 2026 at 10:23 PM
आईपीएल में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले टॉप 3 कप्तान

आईपीएल में लगातार 10 मैच जीतने का रिकॉर्ड सिर्फ एक ही कप्तान के नाम दर्ज है।

आईपीएल में किसी भी टीम को चैंपियन बनाने में कप्तान का सबसे बड़ा रोल होता है। टी20 फॉर्मेट में एक-दो मैच जीतना तो आम बात है, लेकिन बिना कोई मैच हारे लगातार अपनी टीम को जीत की पटरी पर दौड़ाना एक अच्छे कप्तान की पहचान है। हाल ही में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने एक बड़ा कारनामा करते हुए इस खास लिस्ट में अपनी जगह बना ली है।

तो आइए जानते हैं आईपीएल के इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले टॉप तीन कप्तानों के बारे में और कब उन्होंने ये रिकॉर्ड अपने नाम किया।

रजत पाटीदार (RCB – 8 जीत) IPL 2025-26

Rajat Patidar, RCB, IPL 2025
Rajat Patidar. (Photo by Pankaj Nangia/Getty Images)

लगातार जीत का स्वाद चखने वाले कप्तानों के इस एलीट क्लब में सबसे ताजा एंट्री रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार की हुई है। पाटीदार ने अपनी शानदार कप्तानी के दम पर 2025 सीजन के आखिरी दौर और मौजूदा 2026 सीजन की शुरुआत को मिलाकर कुल 8 मैचों में लगातार जीत दर्ज कर ली है।

इस 8 मैचों की विजय रथ के दौरान पाटीदार की सेना ने लखनऊ सुपर जायंट्स, पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी तगड़ी टीमों को चारों खाने चित किया और फाइनल में पंजाब को हराकर ही ट्रॉफी उठाई थी। पाटीदार ने पिछले सीजन की उसी फॉर्म को इस साल भी जारी रखा।

अभी हाल ही में 5 अप्रैल 2026 को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में चेन्नई के खिलाफ खेले गए महामुकाबले में भी RCB ने शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ पाटीदार ने शेन वॉर्न के पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है और अब उनकी नजरें गौतम गंभीर के सबसे बड़े कीर्तिमान को ध्वस्त करने पर टिकी हैं।

शेन वॉर्न (RR – 8 जीत) IPL 2008

Shane Warne
Shane Warne. (Image source: IPL)

इस लिस्ट में दूसरा नाम क्रिकेट के जादूगर कहे जाने वाले शेन वॉर्न का आता है, जिन्होंने 2008 के पहले ही आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करते हुए यह कारनामा किया था।

उस वक्त राजस्थान की युवा टीम को कोई खास तवज्जो नहीं दे रहा था, लेकिन वॉर्न ने अपनी जादुई कप्तानी से सबको गलत साबित कर दिया। मई 2008 के दौरान उनकी टीम ने एक के बाद एक लगातार 8 मैच जीते।

इस अजेय रथ के दौरान राजस्थान ने डेक्कन चार्जर्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, बेंगलुरु, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई जैसी बड़ी टीमों को धूल चटाई। इसी जबरदस्त मोमेंटम के साथ राजस्थान ने सेमीफाइनल में दिल्ली और फिर फाइनल में चेन्नई को हराकर आईपीएल के पहले चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।

गौतम गंभीर (KKR – 10 जीत) IPL 2014-15

Gautam Gambhir
Gautam Gambhir. Image-Twitter

लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का खास रिकॉर्ड भारतीय टीम के मौजूदा कोच गौतम गंभीर के नाम दर्ज है। कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करते हुए उन्होंने साल 2014 और 2015 के सीजन के दौरान लगातार 10 मैचों में जीत का झंडा गाड़ा था। 2014 में एक समय लगातार हार झेल रही KKR ने गंभीर की कप्तानी में जो वापसी की, वह आज भी कोई नहीं भूला है।

7 मई 2014 को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ शुरू हुआ जीत का यह सिलसिला किंग्स XI पंजाब, मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जैसी मजबूत टीमों को रौंदते हुए आगे बढ़ा।

इसी विनिंग स्ट्रीक के दम पर KKR ने क्वालिफायर और फाइनल में पंजाब को हराकर 2014 की ट्रॉफी उठाई थी। इसके बाद 8 अप्रैल 2015 को अगले सीजन के अपने पहले ही मैच में मुंबई इंडियंस को हराकर गंभीर ने अपनी लगातार 10वीं जीत पूरी की थी। उनका यह रिकॉर्ड आज भी कायम है।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

pooja Singh
pooja Singh

Pooja Singh is a passionate cricket enthusiast who has followed the game since childhood, with her interest deepening from 2011 onwards. She closely tracks international cricket and the IPL, sharing insights, updates, and opinions on matches and player performances while bringing fans closer to the game.