देवदत्त पडिक्कल या वेंकटेश अय्यर! आईपीएल 2026 में RCB के लिए नंबर 3 पर कौन करेगा बल्लेबाजी? जानिए आंकड़े

देवदत्त पडिक्कल और वेंकटेश अय्यर के बीच RCB के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने की रेस लगी हुई है।
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सामने सबसे बड़ा सवाल टीम कॉम्बिनेशन को लेकर खड़ा है। उन्हें 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले से पहले नंबर 3 के लिए बल्लेबाज तय करना है।
टी20 क्रिकेट में नंबर 3 बल्लेबाज टीम की पारी का सबसे अहम हिस्सा होता है। यही खिलाड़ी पॉवरप्ले के बाद रन गति को बनाए रखता है और जरूरत पड़ने पर पारी को संभालता भी है। ऐसे में RCB के लिए यह फैसला काफी अहम हो जाता है, खासकर जब टीम सीजन का पहला मुकाबला खेल रही हो।
ऐसे में इस सीजन RCB की प्लेइंग XI में इस पोजिशन के लिए देवदत्त पडिक्कल और वेंकटेश अय्यर के बीच सीधी टक्कर है। दोनों ही खिलाड़ी मैच विनर हैं, लेकिन अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो यह तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आती है।
पडिक्कल ने पिछले सीजन नंबर 3 पर किया था अच्छा प्रदर्शन

देवदत्त पडिक्कल ने पिछले सीजन में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 10 मैचों में 150 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 247 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए और कई मौकों पर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने और जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मिडिल ओवर्स में उनकी तेज बल्लेबाजी ने RCB को कई बार मैच में बढ़त दिलाई।
हालांकि, चोट के चलते वह कुछ मुकाबले नहीं खेल पाए, लेकिन जब भी उन्हें मौका मिला, उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। हाल ही में घरेलू क्रिकेट में भी उनका फॉर्म अच्छा रहा है, जो टीम मैनेजमेंट के लिए एक अच्छा संकेत है।
अय्यर के आंकड़े बढ़ाते हैं चिंता

आईपीएल 2025 में 23.75 करोड़ रुपये में कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा खरीदे गए वेंकटेश अय्यर का वह सीजन उतना अच्छा नहीं रहा। उन्होंने 11 मैचों में सिर्फ 142 रन बनाए, जो उनके स्तर के खिलाड़ी के हिसाब से कम माना जाता है।
वेंकटेश का औसत और स्ट्राइक रेट भी उतना ज्यादा अच्छा नहीं रहा और लगातार बैटिंग ऑर्डर में बदलाव के चलते वह लय हासिल नहीं कर पाए। इसीलिए उन्हें इस सीजन के ऑक्शन से पहले रिलीज भी कर दिया था। यह बात RCB के चयन पर असर डाल सकती है।
हालांकि, अय्यर एक अच्छे बल्लेबाज हैं और अपने अच्छे दिन पर मैच बदलने की पूरी क्षमता रखते हैं और वह बीच में कुछ ओवर गेंदबाजी भी कर सकते हैं। लेकिन पिछले सीजन के आंकड़े उनके पक्ष में नहीं जाते हैं।
पहले मैच में किसे मिल सकता है मौका
अगर आंकड़ों और हालिया फॉर्म को आधार माना जाए, तो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले मुकाबले में पडिक्कल का खेलना लगभग तय नजर आता है। उनकी कंसिस्टेंसी और पिछले सीजन नंबर 3 पर अच्छा प्रदर्शन उन्हें अय्यर से आगे रखता है।
लेकिन RCB के पास एक मजबूत बैटिंग लाइनअप है और टीम अपने पिछले सीजन के सक्सेजफुल कॉम्बिनेशन को बरकरार रखना चाहेगी। ऐसे में संभावना यही है कि देवदत्त को नंबर 3 पर मौका दिया जाए, जबकि वेंकटेश को नंबर 4 या फ्लोटर की भूमिका में इस्तेमाल किया जा सकता है।
RCB के लिए IPL 2026 के पहले मैच में लिया गया यह फैसला पूरे सीजन पर असर डाल सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट किस खिलाड़ी पर भरोसा जताती है और कौन इस मौके को सही तरीके से भुना पाता है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.