Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

IPL में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :May 10, 2026 at 7:33 PM
Modified at :May 10, 2026 at 7:33 PM
IPL में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज

इस सूची में पांच भारतीय बल्लेबाज मौजूद हैं।

आईपीएल (IPL) में हर सीजन बल्लेबाज अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से नए रिकॉर्ड बनाते नजर आते हैं। इस टूर्नामेंट में कई ऐसे मौके देखने को मिले हैं, जब बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर हमला बोलते हुए बेहद कम गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यही वजह है कि आईपीएल में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट हमेशा चर्चा में रहती है।

हाल ही में उर्विल पटेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 13 गेंदों में अर्धशतक लगाकर यशस्वी जायसवाल के ऑल टाइम रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का संयुक्त रिकॉर्ड इन दोनों भारतीय बल्लेबाजों के नाम दर्ज है।

यहां पर हम आपको उन टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने आईपीएल (IPL) में सबसे तेज अर्धशतक लगाया है।

ये हैं वो बल्लेबाज जिन्होंने IPL में लगाया है सबसे तेज अर्धशतक:

10. अभिषेक शर्मा – 15 गेंदें:

Abhishek Sharma. (Image Source: BCCI)
Abhishek Sharma. (Image Source: BCCI)

सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने आईपीएल 2026 के 27वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मात्र 14 गेंदों पर शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने इस मुकाबले में 22 गेंदों पर 6 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 194/9 का स्कोर डिफेंड करते हुए 10 रनों से करीबी जीत हासिल की थी।

9. निकोलस पूरन – 15 गेंदें:

Nicholas Pooran
Nicholas Pooran. (Image Source: IPL)

वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन ने आईपीएल 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बेंगलुरु में मात्र 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था। उस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स 213 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और पूरन ने 19 गेंदों पर 62 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी।

8. सुनील नरेन – 15 गेंदें:

Sunil Narine. (Image Source: BCCI)
Sunil Narine. (Image Source: BCCI)

कोलकाता नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर सुनील नरेन ने कई मैचों में अपनी टीम के लिए सलामी बल्लेबाज की भी भूमिका निभाई है। उन्होंने आईपीएल 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बेंगलुरु में 159 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 17 गेंदों पर 54 रनों की शानदार पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने मात्र 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़कर यूसुफ पठान के रिकॉर्ड की बराबरी की थी और उस समय आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए थे।

7. जेक फ्रेजर मैकगर्क – 15 गेंदें (2 बार)

जेक फ्रेजर मैकगर्क आईपीएल इतिहास में दूसरे ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 15 या उससे कम गेंदों पर दो बार अर्धशतक जड़ा है। वह आईपीएल में यह कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज भी थे, जिस रिकॉर्ड को बाद में वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ दिया। मैकगर्क ने आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली में 15 गेंदों पर फिफ्टी लगाया था।

6. वैभव सूर्यवंशी – 15 गेंदें (3 बार)

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 15 या उससे कम गेंदों में तीन बार अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया है। उन्होंने ये तीनो तेजतर्रार अर्धशतक आईपीएल 2025 के सीजन में लगाया है। इस सीजन वैभव ने 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ और 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ गुवाहाटी में 15 गेंदों पर अर्धशतक लगाया, फिर 25 अप्रैल को जयपुर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनके बल्ले से एक और 15 गेंदों पर अर्धशतक निकला।

नोट: अभिषेक शर्मा, निकोलस पूरन, सुनील नरेन, जैक फ्रेजर मैकगर्क के अलावा यूसुफ पठान भी 15 गेंदों पर अर्धशतक लगा चुके हैं। उन्होंने 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कोलकाता में यह कारनामा किया था।

5. रोमारियो शेफर्ड – 14 गेंदें:

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 14 गेंदों पर अर्धशतक जड़ते हुए 4 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 53 रनों की पारी खेली थी। उनकी इस पारी की बदौलत आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रन बनाए और मात्र 1 रन से करीबी जीत हासिल की।

4. केएल राहुल – 14 गेंदें:

KL Rahul LSG IPL 2022
KL Rahul. (Image Source: BCCI)

वर्तमान समय मे लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने आईपीएल में 14 गेंदों पर अर्धशतक लगाने का कारनामा किया है।

उन्होंने आईपीएल 2018 में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के खिलाफ मात्र 14 गगेंदों पर अर्धशतक जड़ा था और यूसुफ पठान एवं सुनील नरेन का रिकॉर्ड तोड़ते हुए आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए थे। राहुल ने उस मुकाबले में 16 गेंदों पर 51 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे।

3. पैट कमिंस – 14 गेंदें:

Pat Cummins
Pat Cummins. (Image Source: IPL)

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस निचले क्रम में आकर अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए मुम्बई इंडियंस के खिलाफ पुणे में 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 15 गेंदों पर 56* रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी और प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।

कमिंस ने उस मुकाबले में मात्र 14 गेंदों पर 50 रन बनाकर उस समय केएल राहुल के आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

2. उर्विल पटेल – 13 गेंदें:

Urvil Patel
Urvil Patel (Credits: BCCI/IPL)

चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल ने आईपीएल 2026 के 53वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मात्र 13 गेंदों में अर्धशतक लगाकर आईपीएल में संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया। चेन्नई में खेले गए इस मुकाबले में 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 23 गेंदों में 65 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।

1. यशस्वी जायसवाल – 13 गेंदें:

Yashasvi Jaiswal

आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज है। जायसवाल ने आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मात्र 13 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था।

उन्होंने उस मुकाबले में 47 गेंदों पर 98* रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी और प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.