टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगे पांच सबसे लंबे छक्के

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कई बल्लेबाजों ने गगनचुंबी छक्के लगाए, लेकिन हार्दिक पांड्या का 109 मीटर छक्का सबसे लंबा रहा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब तक रोमांच, बड़े मुकाबलों और शानदार प्रदर्शन से भरपूर रहा है। इस टूर्नामेंट में जहां गेंदबाजों को भी मदद मिली, वहीं कई बल्लेबाजों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए ऐसे छक्के लगाए जिन्होंने दर्शकों को हैरान कर दिया।
मुंबई जैसी बल्लेबाजी के अनुकूल पिचों पर भी स्पिन और धीमी गेंदों ने अहम भूमिका निभाई, लेकिन कुछ खिलाड़ियों ने इन परिस्थितियों को भी पार करते हुए गेंद को स्टेडियम के बाहर तक पहुंचाया।
इस टूर्नामेंट में कई बल्लेबाजों ने मैच जीतने की कोशिश में बड़े शॉट खेलने का जोखिम उठाया और कुछ ने रिकॉर्ड तोड़ दूरी तक लंबे छक्के जड़ दिए। इसी कड़ी में, आइए जानते हैं टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक लगे 5 सबसे लंबे छक्कों के बारे में।
ये हैं टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगे अब तक के 5 सबसे लंबे छक्के-
5. सिकंदर रजा – 101 मीटर

सिकंदर रजा ने 38वें मैच में पारी के 15वें ओवर में कोलंबो में मौजूद फैंस को अपनी बल्लेबाजी से हैरान कर दिया। उन्होंने दुशान हेमंथा की स्लॉट में डाली गई गेंद पर 101 मीटर का बड़ा छक्का मार दिया। इस छक्के के साथ ही वह मौजूदा विश्व कप में पांचवें सबसे लंबे छक्के लगाने वाले गेंदबाज बन गए।
4. रयान बर्ल – 103 मीटर
रयान बर्ल ने श्रीलंका के खिलाफ 38वें मैच में 103 मीटर का जबरदस्त छक्का लगाया। उन्होंने पारी के 11वें ओवर में डुनिथ वेल्लालगे की गेंद पर छक्का लगाकर इस लिस्ट में चौथा स्थान हासिल किया। यह उनकी पारी का एकमात्र छक्का था, क्योंकि वह 12 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हो गए थे। आप जानते ही होंगे, उस मैच में जिम्बाब्वे ने ऐतिहासिक रूप से 179 रनों का पीछा करके मैच जीता और ग्रुप C में टॉप पर रहा।
3. रयान रिकल्टन – 103 मीटर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे लंबे छक्के लगाने की लिस्ट में रयान रिकल्टन तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 24वें मैच में 103 मीटर का छक्का लगाया था। रिकल्टन ने ये शानदार छक्का जैकब डफी के ओवर में लगाया था, जब रिकल्टन ने डीप मिड-विकेट पर पुल किया तो बॉल बहुत दूर चली गई और 103 मीटर की दूरी तय की।
2. शिवम दुबे – 107 मीटर

भारत के शिवम दुबे ने नामीबिया के खिलाफ मैच में स्पिन गेंदबाज बर्नार्ड स्कोल्ट्ज की गेंद पर 107 मीटर लंबा छक्का लगाया। उस समय भारतीय टीम थोड़ी धीमी पड़ गई थी और रन गति लगभग रुक सी गई थी। दुबे ने मिड विकेट के ऊपर जोरदार पुल शॉट खेलकर दबाव खत्म किया और टीम को फिर से गति दी।
1. हार्दिक पांड्या – 109 मीटर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे लंबा छक्का भारत के हार्दिक पांड्या के नाम रहा। उन्होंने अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ मैच के 15वें ओवर में स्पिनर बर्नार्ड स्कोल्ट्ज की गेंद को लॉन्ग ऑफ के ऊपर से 109 मीटर दूर पहुंचा दिया। यह शॉट इतना ताकतवर था कि गेंद सीधे स्टैंड में जा गिरी और पूरे स्टेडियम में उत्साह छा गया।
टी20 क्रिकेट में लंबे छक्के सिर्फ रन ही नहीं देते, बल्कि मैच का माहौल भी बदल देते हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी इन पॉवर हिटर्स ने दिखा दिया कि सही टाइमिंग और ताकत के साथ गेंद कितनी दूर जा सकती है। आने वाले मुकाबलों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई बल्लेबाज हार्दिक पांड्या के 109 मीटर के रिकॉर्ड को तोड़ पाता है या नहीं।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.